Gold Prediction: शादी के सीजन में सोना खरीदने जा रहे हैं? नवंबर अंत तक क्या 1.29 लाख तक आएगा गोल्ड रेट, एक्सपर्ट ने दी बड़ी अपडेट

Gold Prediction: शादी के सीजन में सोना खरीदने जा रहे हैं? नवंबर अंत तक क्या 1.29 लाख तक आएगा गोल्ड रेट, एक्सपर्ट ने दी बड़ी अपडेट


सोने की कीमतों में लगातार गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है. जो लोग सोने में निवेश करने या निचले भाव पर खरीदारी का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए अब बाजार के संकेत अहम हो गए हैं. MCX पर सोना सोमवार को दबाव में कारोबार करते हुए नजर आया. लेकिन टक्निकल चार्ट पर कुछ ऐसे संकेत दिखाई दे रहे हैं जो आगे कीमतों में रिकवरी की संभावना की ओर इशारा करते हैं. रिसर्च के मुताबिक, सोना एक अहम सपोर्ट जोन के करीब पहुंच चुका है. ऐसे में सवाल है कि क्या यह गिरावट निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका बन सकती है और नवंबर के बाकी दिनों में सोने की कीमतों का रुख कैसा रह सकता है?

सोने की कीमतों में क्यों है दबाव?

MCX पर सोने का शॉर्ट टर्म ट्रेंड फिलहाल कमजोर बना हुआ है. डेली चार्ट के अनुसार, कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है. हालांकि, टेक्निकल एनालिसिस में केवल कीमतों की गिरावट को देखकर आगे की दिशा तय नहीं की जाती. इसके लिए सपोर्ट लेवल और दूसरे इंडिकेटर्स पर भी नजर रखी जाती है.

मौजूदा चार्ट के मुताबिक, सोना 1,36,000 रुपये से लेकर 1,29,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में एक अहम डिमांड जोन में पहुंच गया है. डिमांड जोन उस कीमत के दायरे को कहते हैं, जहां पहले खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ी थी और कीमतों को सहारा मिला था. अगर इस बार भी इस लेवल पर खरीदारी आती है, तो सोने की कीमतों में गिरावट थम सकती है और रिकवरी देखने को मिल सकती है.

तेजी लौटने के संकेत

मार्केट एक्सपर्ट सचिन सरवादे के अनुसार, सोने के चार्ट पर इस समय रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) भी निवेशकों का ध्यान खींच रहा है. RSI एक तकनीकी इंडिकेटर है, जिसकी मदद से यह समझने की कोशिश की जाती है कि किसी शेयर या कमोडिटी में खरीदारी का दबाव ज्यादा है या बिकवाली का.

मौजूदा चार्ट में पॉजिटिव डायवर्जेंस का संकेत दिखाई दे रहा है. आसान भाषा में समझें तो सोने की कीमतें लगातार नीचे के स्तर बना रही हैं, लेकिन RSI में गिरावट पहले के मुकाबले कमजोर पड़ती दिख रही है. यानी कीमतों में कमजोरी के बावजूद बिकवाली का दबाव कम होने के संकेत मिल रहे हैं. इसे संभावित तेजी का शुरुआती संकेत माना जाता है. हालांकि, केवल RSI के आधार पर तेजी का कंफर्मेशन नहीं किया जा सकता है. इसके लिए कीमतों में भी मजबूती दिखना जरूरी है.

नवंबर के अंत तक में किस भाव में नजर आ सकता है सोना?

तकनीकी विश्लेषण के मुताबिक, नवंबर के बाकी दिनों में MCX पर सोने की कीमतें 1,29,500 रुपये से 1,45,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में रह सकती हैं. इस दौरान 1,29,500 रुपये का स्तर बेहद अहम माना जा रहा है. यह सोने के लिए मजबूत सपोर्ट का काम कर सकता है. अगर कीमतें इस स्तर के ऊपर बनी रहती हैं, तो निचले भाव से खरीदारी आने की संभावना बनी रह सकती है.

वहीं, ऊपर की तरफ 1,45,000 रुपये का स्तर एक अहम रेजिस्टेंस यानी बाधा के रूप में देखा जा रहा है. अगर सोना इस स्तर की ओर बढ़ता है, तो निवेशकों को अच्छी रिकवरी देखने को मिल सकती है. लेकिन अगर कीमतें 1,29,500 रुपये के नीचे फिसलती हैं, तो मौजूदा तेजी की संभावना कमजोर पड़ सकती है और बाजार में फिर से दबाव बढ़ सकता है.

निवेशकों के लिए क्या होनी चाहिए स्ट्रैटजी?

मौजूदा टेक्निकल फैक्टर्स के आधार पर बाजार में ‘बाय ऑन डिप्स’ यानी गिरावट पर खरीदारी की रणनीति को प्राथमिकता मिल सकती है. इसका मतलब है कि कीमतों में गिरावट आने पर जल्दबाजी में खरीदारी करने के बजाय निवेशक अहम सपोर्ट लेवल पर बाजार की चाल पर नजर रखें. जब तक सोना 1,29,500 रुपये के ऊपर बना रहता है, तब तक इसमें रिकवरी की संभावना देखी जा सकती है. हालांकि, खरीदारी से पहले कीमतों में स्थिरता और तेजी के संकेतों की पुष्टि करना जरूरी है.

ध्यान रखें कि टेक्निकल एनालिसिस के आधार पर लगाए गए अनुमान निश्चित नहीं होते. बाजार की चाल वैश्विक आर्थिक हालात, डॉलर की चाल, ब्याज दरों और निवेशकों की खरीदारी जैसे कई कारकों से प्रभावित हो सकती है. इसलिए केवल गिरावट को सस्ता भाव मानकर निवेश करना सही नहीं होगा. कमोडिटी बाजार में रिस्क काफी अधिक होता है. निवेश या ट्रेडिंग का फैसला लेने से पहले अपनी रिस्क उठाने की क्षमता को समझें और जरूरत पड़ने पर वित्तीय सलाहकार की मदद लें.

(Disclaimer: यह खबर केवल जानकारी के उद्देश्य से प्रकाशिक की गई है. यदि आप इनमें से किसी भी शेयर में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्‍टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)



Source link