ढाई साल में तैयार होगा 1920 MW का प्रोजेक्ट! गांधीसागर में ग्रीन एनर्जी का नया मॉडल, कैसे काम करेगा प्रोजेक्ट?

ढाई साल में तैयार होगा 1920 MW का प्रोजेक्ट! गांधीसागर में ग्रीन एनर्जी का नया मॉडल, कैसे काम करेगा प्रोजेक्ट?


Last Updated:

Gandhisagar Pumped Storage Project: मध्य प्रदेश के गांधीसागर में करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से 1,920 मेगावाट की पम्प स्टोरेज परियोजना तैयार हो रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस पहल का मकसद पीक ऑवर्स में सस्ती बिजली उपलब्ध कराना, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देना और गांधीसागर को ऊर्जा के साथ पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाना है.

Zoom

Gandhi Sagar Pumped Hydro Storage Project

Gandhisagar Pumped Storage Project: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल कर रहे हैं. बुधवार को मंदसौर-नीमच क्षेत्र के गांधीसागर में कैबिनेट की बैठक हो रही है. इसका मुख्य एजेंडा है पीक ऑवर्स में सस्ती बिजली उपलब्ध कराना है. बैठक से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने न्यूज18 इंडिया के ब्यूरो चीफ मनोज शर्मा से बातचीत में नीमच की गांधीसागर पम्प स्टोरेज परियोजना की जानकारी दी.

क्या है यह परियोजना?
यह परियोजना करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बन रही है. इससे 1,920 मेगावाट बिजली बनाई जाएगी. इसमें 240 मेगावाट की सात और 120 मेगावाट की दो रिवर्सिबल टर्बाइन इकाइयां लगाई जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने इसे देश की बड़ी पम्प स्टोरेज परियोजनाओं में से एक बताया. उनके मुताबिक, यह दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी परियोजना है.

कैसे बनेगी बिजली?
मुख्यमंत्री के अनुसार, इसमें दो जलाशय(Two Reservoirs) होंगे, एक ऊपर और एक नीचे. जब बिजली की मांग ज्यादा और दाम महंगे होंगे, तब ऊपर के जलाशय से पानी नीचे लाकर बिजली बनाई जाएगी. जब बिजली सस्ती होगी, तब सोलर ऊर्जा से पानी वापस ऊपर भरा जाएगा. यानी पानी वहीं रहेगा और बार-बार ऊपर-नीचे होकर बिजली बनाएगा. उनका कहना है कि इसमें एक बूंद पानी भी बेकार नहीं जाएगा.

पीक ऑवर्स में आधी कीमत पर बिजली
मुख्यमंत्री का दावा है कि जब बिजली की मांग सबसे ज्यादा होगी, तब राज्य को यह बिजली आधी कीमत पर मिल सकेगी. इससे राज्य की वित्तीय ताकत भी बढ़ेगी.

काम की रफ्तार और पर्यटन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी परियोजना अमेरिका में दस साल से ज्यादा और दक्षिण भारत में चार से छह साल में बनती, जबकि उनकी सरकार इसे करीब ढाई साल में चालू कर रही है. परियोजना की दो यूनिट दिसंबर में और बाकी सात यूनिट अगले साल तक शुरू होने की बात कही गई है.

उन्होंने यह भी बताया कि गांधीसागर में चीता प्रोजेक्ट, वॉटर स्पोर्ट्स और मछुआरों के लिए केज कल्चर जैसी गतिविधियां भी शुरू की गई हैं. उनका मानना है कि विज्ञान से जुड़ा पर्यटन भी यहां बढ़ सकता है.



Source link