‘मैं पंजाब में पैदा हुआ बिहारी हूं’, सोनू सूद ने बताया बिहार से पुराना रिश्ता, अगली फिल्म को लेकर किया खुलासा

‘मैं पंजाब में पैदा हुआ बिहारी हूं’, सोनू सूद ने बताया बिहार से पुराना रिश्ता, अगली फिल्म को लेकर किया खुलासा


Last Updated:

Sonu Sood News: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने बिहार से अपने खास रिश्ते का जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि उनका जन्म भले ही पंजाब में हुआ, लेकिन वह खुद को बिहारी मानते हैं. सोनू ने यह भी बताया कि उनकी अगली फिल्म ‘नंदी’ बिहार पर आधारित होगी.

Zoom

सोनू सूद ने अगली फिल्म को लेकर ऐलान किया.

पटनाः बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने बिहार के लोगों के लिए दिल छू लेने वाली बात कही है. उन्होंने कहा कि उनका बिहार से रिश्ता आज का नहीं, बल्कि कॉलेज के दिनों से है. उनका जन्म भले ही पंजाब में हुआ, लेकिन वह खुद को बिहारी मानते हैं. सोनू सूद ने बिहार के लोगों की मेहनत और देश के विकास में उनके योगदान की भी तारीफ की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी बिहार को उनकी जरूरत होगी, वह हमेशा साथ खड़े मिलेंगे.

कॉलेज के दिनों से बिहार से जुड़ा रिश्ता
सोनू सूद ने अपने कॉलेज के दिनों का किस्सा सुनाते हुए कहा कि जब वह पढ़ाई के लिए नागपुर गए थे, तब उनकी दोस्ती ज्यादातर बिहार के छात्रों से हुई थी. कॉलेज में जब बिहार और पंजाब के छात्रों के बीच झगड़े होते थे, तो वह बिहार के दोस्तों के साथ खड़े रहते थे. इस पर पंजाब के लोग उनसे पूछते थे कि पंजाबी होकर बिहारियों का साथ क्यों देते हो? इस पर सोनू कहते थे कि वह असल में बिहारी हैं. भले ही उनका जन्म पंजाब में हुआ है. उन्होंने अपनी फिल्म ‘दबंग’ के किरदार छेदी सिंह का भी जिक्र किया. मजाकिया अंदाज में कहा कि छेदी सिंह का किरदार भी उन्होंने बिहार से ही सीखा था.

बिहार पर फिल्म बनाएंगे सोनू सूद
सोनू सूद ने अपनी आने वाली फिल्म ‘नंदी’ को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उनकी अगली फिल्म बिहार पर आधारित होगी. फिल्म की शुरुआत करीब 20 दिनों में होने वाली है और इसकी शूटिंग भी बिहार में होगी. उन्होंने कहा कि फिल्म का नाम भगवान शिव के नंदी के नाम पर रखा गया है. सोनू ने छठ पूजा का जिक्र करते हुए कहा कि अगली बार जब वह छठ के मौके पर बिहार आएंगे, तो लोग उनकी फिल्म के गानों पर डांस करेंगे.

बिहार के लोगों को दिल से सलाम
अभिनेता ने छठी मैया से बिहार के लोगों की खुशहाली और तरक्की की कामना की. उन्होंने कहा कि बिहार के लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर मेहनत करते हैं और देश बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं. ऐसे लोगों को वह दिल से सलाम करते हैं. अपनी बात खत्म करते हुए सोनू सूद ने कहा, ‘जब-जब बिहार को सोनू सूद की जरूरत पड़ेगी, सोनू सूद हमेशा उनके साथ खड़ा मिलेगा. पूरी जिंदगी.’ उन्होंने बिहार के लोगों को खुश रहने और आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं भी दीं.



Source link