तुम्हारा भी काम और मेरा भी काम… मोतिहारी में दारोगा की ‘गंदी बात’ का कथित ऑडियो वायरल, 20 हजार घूस की मांग

तुम्हारा भी काम और मेरा भी काम… मोतिहारी में दारोगा की ‘गंदी बात’ का कथित ऑडियो वायरल, 20 हजार घूस की मांग


Last Updated:

Motihari sub inspector viral audio: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से पुलिस महकमे की कार्यशैली और नैतिक गिरावट को दर्शाने वाला एक मामला सामने आया है. एक दारोगा पर जमीन विवाद के मामले में मदद करने के बदले महिला से रिश्वत मांगने और आपत्तिजनक बातचीत करने का आरोप लगा है. इस पूरी बातचीत का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

पूर्वी चंपारण जिले में महिला को रात में थाने बुलाने की दारोगा से कथित बातचीत का ऑडियो वायरल

मोतिहारी. पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाने में तैनात एक दारोगा की कथित रंगीन मिजाजी और भ्रष्ट कार्यशैली का मामला सामने आया है. एक महिला से जमीन विवाद में मदद करने के नाम पर रिश्वत मांगने और आपत्तिजनक बातचीत करने का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऑडियो में दारोगा महिला से पहले पैसों की मांग करते और फिर रात में थाने आने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं. महिला जब उन्हें पहले से चार हजार रुपए देने की बात याद दिलाती है तो दारोगा की ओर से और पैसे की मांग किए जाने का आरोप है. इस मामले में सुगौली थाने में तैनात दरोगा शैलेश कुमार का नाम सामने आ रहा है. हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

एक रात आओ, तुम्हारे पक्ष में हो जाएंगे

वायरल ऑडियो में महिला और दारोगा के बीच हुई बातचीत काफी चर्चा में है. बातचीत की शुरुआत में महिला कहती सुनाई देती है कि सर, आप मेरी तरफ से काम नहीं कर रहे हैं. इस पर कथित तौर पर दारोगा कहते हैं, ‘तुम एक रात आओ, हम तुम्हारी तरफ से हो जाएंगे.’ इसके बाद महिला कहती है कि सर, अब तक चार हजार रुपए दे चुकी हूं. दारोगा पूछते हैं कि कब दिए हैं? इस पर महिला बताती है कि एक बार एक हजार और दूसरी बार तीन हजार रुपए दिए हैं. जवाब में दारोगा कहते सुनाई देते हैं कि हां, तुम्हारा तो मेरे ऊपर ध्यान ही नहीं रह रहा.

दूसरे पक्ष को जेल भेजने के नाम पर रकम की मांग

बताया जा रहा है कि सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव में दो पड़ोसियों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. इसी मामले में एक महिला अपनी जमीन से अतिक्रमण हटवाने और पुलिस से मदद की गुहार लगा रही थी. आरोप है कि मामले में कार्रवाई करने और दूसरे पक्ष को जेल भेजने की धमकी देने के नाम पर दारोगा ने महिला से 20 हजार रुपए की मांग की थी. महिला का आरोप है कि वह अब तक दो किस्तों में चार हजार रुपए दे चुकी है, इसके बावजूद उससे बाकी रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था.

डीएम से शिकायत, जांच और कार्रवाई की मांग

कथित ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. वहीं, मामले को लेकर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने जिलाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है. उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. अब देखना यह होगा कि वायरल ऑडियो को लेकर पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है और जांच में दारोगा के खिलाफ लगाए गए आरोप कितने सही साबित होते हैं. फिलहाल इस कथित बातचीत ने सुगौली पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.



Source link