जोधपुर. लाखों रुपए का सालाना पैकेज, मल्टीनेशनल कंपनियों में बड़ी जिम्मेदारी और शानदार कॉर्पोरेट करियर. आमतौर पर इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लोग वर्षों मेहनत करते हैं, लेकिन गुरुग्राम की 37 वर्षीय अक्षिता ने सफलता और सुख-सुविधाओं से भरी जिंदगी छोड़कर संयम का रास्ता चुन लिया है. उन्होंने 50 लाख रुपए सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर जैन साध्वी बनने का निर्णय लिया है. खास बात यह है कि उनकी 61 वर्षीय मां शिरोमणी भी बेटी के साथ सांसारिक जीवन का त्याग कर दीक्षा ग्रहण करेंगी. मां-बेटी दोनों का मंगलवार को जोधपुर में वरघोड़ा निकाला जाएगा.
अक्षिता ने आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया है और करीब 12 साल तक देश-विदेश की नामी मल्टीनेशनल कंपनियों में काम किया. वहीं उनकी मां ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) में 37 साल तक सेवाएं दीं और चीफ मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुईं. अब दोनों ने अपने स्थापित करियर और भौतिक सुख-सुविधाओं को छोड़कर आध्यात्मिक जीवन अपनाने का फैसला किया है.
आईआईएम बेंगलुरु से किया है एमबीए, 50 लाख था पैकेज
अक्षिता की शैक्षणिक और व्यावसायिक उपलब्धियां काफी शानदार रही हैं. उन्होंने एमटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया. इसके बाद करीब 12 साल तक मर्सिडीज, फॉक्सवैगन और एआई एवं डेटा सॉल्यूशंस से जुड़ी कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. फॉक्सवैगन में वे ग्लोबल ऑपरेशंस मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं. यहां उनका सालाना पैकेज करीब 50 लाख रुपए था. कॉर्पोरेट जगत में अच्छी पहचान और भविष्य की बेहतर संभावनाएं होने के बावजूद उन्होंने नौकरी छोड़कर साध्वी जीवन अपनाने का निर्णय लिया.
तकनीक और डेटा सेंटर से जुड़ा अहिंसा का विचार
अक्षिता के आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ने के पीछे जीवों के प्रति अहिंसा और करुणा का भाव प्रमुख रहा. उन्होंने बताया कि वे उस पीढ़ी से हैं, जिसने फोन और इंटरनेट को धीरे-धीरे विकसित होते देखा है. कंपनियों में आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर से जुड़ी गतिविधियों के दौरान उनके मन में जीवों की सुरक्षा को लेकर विचार आने लगे. उनके अनुसार, डेटा सेंटर के निर्माण में बड़े स्तर पर जमीन की खुदाई, पानी और बिजली का इस्तेमाल होता है. इससे मिट्टी के भीतर रहने वाले असंख्य सूक्ष्म जीव प्रभावित हो सकते हैं. जैन दर्शन में एकेंद्रिय और बेन्द्रिय जीवों के प्रति भी अहिंसा का विशेष महत्व है. अक्षिता को महसूस हुआ कि आधुनिक विकास की दौड़ में अनजाने में भी अनेक जीवों की विराधना हो सकती है. इसी विचार ने उनके भीतर वैराग्य और करुणा के भाव को मजबूत किया.
साढ़े तीन साल पहले मां के साथ शुरू हुआ आध्यात्मिक सफर
अक्षिता ने बताया कि जैन धर्म और आध्यात्मिक जीवन से उनका जुड़ाव करीब साढ़े तीन से चार साल पहले अपनी मां के माध्यम से शुरू हुआ. इस दौरान उन्हें महाराज साहब के संपर्क और साध्वीजी के सान्निध्य में रहने का अवसर मिला. उपधान तप, विहार और धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने के दौरान उन्होंने जैन धर्म के सिद्धांतों, संयम और साधु जीवन के अनुशासन को करीब से समझा. धीरे-धीरे आध्यात्मिक गतिविधियां उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गईं. अक्षिता के अनुसार, भौतिक सुख-सुविधाओं के बावजूद मनुष्य को वास्तविक शांति की तलाश रहती है. आत्मिक शांति का मार्ग आत्मसंयम, कर्मों की निर्जरा और आत्मशुद्धि से होकर गुजरता है. उन्हें महसूस हुआ कि भौतिक उपलब्धियों से अधिक संतुष्टि संयम और चारित्र के मार्ग में है.
मां ने भी छोड़ा 37 साल का करियर
इस फैसले की खास बात यह है कि अक्षिता की मां शिरोमणी भी उनके साथ दीक्षा ग्रहण करेंगी. 61 वर्षीय शिरोमणी ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में करीब 37 साल तक सेवाएं दीं. वे चीफ मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं. मां और बेटी दोनों पंजाबी हिंदू परिवार से हैं, लेकिन अब जैन धर्म की दीक्षा लेकर साध्वी जीवन अपनाने जा रही हैं. जब अक्षिता ने परिवार और दोस्तों को अपने निर्णय के बारे में बताया तो कई लोग आश्चर्यचकित रह गए. कॉर्पोरेट जगत में उनके साथ काम करने वाले सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस फैसले को लेकर सवाल किए.
अक्षिता ने शास्त्रों, आगमों और साध्वीजी से मिले ज्ञान के आधार पर उन्हें अपने निर्णय की वजह समझाई. परिवार ने भी उनके फैसले में पूरा सहयोग किया. अब मां-बेटी सांसारिक जीवन का त्याग कर संयम, तपस्या और आत्मशुद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ेंगी. उनके इस फैसले ने सफलता, करियर और जीवन के वास्तविक उद्देश्य को लेकर एक नई चर्चा छेड़ दी है.