‘गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा’, अनंत सिंह के रौब पर भारी होने वाली समधन की चुनौती! बोलीं- मुझे काहे का डर

‘गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा’, अनंत सिंह के रौब पर भारी होने वाली समधन की चुनौती! बोलीं- मुझे काहे का डर


पटना. मोकामा विधायक अनंत सिंह का रौब कहिए या फिरअदब… उनके सामने लोग काफी संभलकर बोलते हैं. लेकिन, ऐसा लगता है कि अब वक्त कुछ बदल रहा है क्योंकि उनकी होने वाली समधन के सामने उनका रौब और दबदबा भी काम नहीं आ रहा. बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह की होने वाली समधन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उनकी भावी समधन आशा देवी अपने ‘बाहुबली’ समधी के पहनावे और खासकर काले चश्मे पर मजेदार टिप्पणी करती नजर आ रही हैं. खास बात यह है कि उनके बोलने का अंदाज कुछ ऐसा है कि उनकी बात सुनकर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगते हैं.

‘गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा’

वीडियो में समधन का बेफिक्र और बेबाक अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है. अनंत सिंह की होने वाली समधन ने भरी महफिल में उनके सिग्नेचर स्टाइल यानी उनके काले चश्मे पर ऐसी चुटकी ली कि वहां मौजूद हर शख्स हंसते हंसते लोटपोट हो गया. वीडियो में अनंत सिंह की समधन हंसते हुए कहती हैं, “अनंत सिंह का यही है न जी, गोरे गोरे मुखड़े पे काला काला चश्मा.” इतना कहते ही वह खुद भी जोर जोर से हंसने लगती हैं और उनके इस अंदाज पर आसपास मौजूद लोग भी हंसी नहीं रोक पाए.

‘समधन को क्या डर जी’

वीडियो में समधन का बेफिक्र अंदाज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि दूसरे लोग अनंत सिंह से डर सकते हैं, लेकिन समधन को उनसे डरने की क्या जरूरत है. वह कहती हैं कि दूसरे लोग अनंत सिंह से डर सकते हैं, वो बाहुबली बाहर वालों के लिए होंगे, लेकिन समधन को उनसे डरने की क्या जरूरत है. जब पत्रकार ने उनसे पूछा कि अनंत सिंह बाहुबली हैं, दबंग हैं, बड़ी बड़ी मूंछें हैं, क्या आपको डर लगता है? इस पर आशा देवी ने हंसते हुए कहा, “लोग न डरेगा, समधन काहे डरेगा जी, आप लोग भी कैसा कैसा बात करते हैं जी.” उन्होंने आगे चुटकी लेते हुए कहा कि वह बाहुबली बाहर वालों के लिए होंगे, रिश्तेदारी में भला कैसा डर. उनकी इस बात पर वहां मौजूद परिवार की महिलाएं भी जोर से हंस पड़ीं.

क्यों वायरल हो रहा है वीडियो

अनंत सिंह की समधन का यह वीडियो इसलिए भी वायरल हो रहा है, क्योंकि मोकामा विधायक को बिहार में छोटे सरकार और बाहुबली नेता के रूप में जाना जाता है. उनके सामने लोग आमतौर पर खुलकर मजाक नहीं करते. लेकिन, समधन आशा देवी ने बिल्कुल घरेलू और अपनापन भरे अंदाज में मजाक किया जो लोगों को यह अंदाज बहुत पसंद आ रहा है. सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि रिश्ते में यही अपनापन होता है. समधी समधन के बीच की यह हंसी ठिठोली शादी की तैयारियों को और भी खुशनुमा बना रही है. अनंत सिंह ने भी कहा है कि 25 तारीख को बेटी की शादी है, सभी आमंत्रित हैं. कार्ड की कोई जरूरत नहीं है.

20 नवंबर को तिलक में होगी मुलाकात

अनंत सिंह की भावी समधन आशा देवी ने बताया कि अभी तक उनकी समधी अनंत सिंह से मुलाकात नहीं हुई है. उन्होंने कहा, अभी कहां समधी से मिले हैं. 20 तारीख को मिलेंगे, तिलक में मिलेंगे. दरअसल 20 नवंबर को फलदान और तिलक की रस्म होगी. अनंत सिंह 20 नवंबर को तिलक चढ़ाने के लिए ऋषिकेश कुमार के घर जाएंगे. वहीं 25 नवंबर को शिवांगी सिंह की शादी होगी. शिवांगी के होने वाले पति ऋषिकेश कुमार अमेरिका में रहते हैं. बता दें कि ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह सेना के अधिकारी हैं. ऐसा बताया जा रहा है कि शादी के बाद शिवांगी भी अमेरिका जाएंगी.

शादी की तैयारी और माहौल

शिवांगी सिंह की शादी को लेकर नदावां में भव्य तैयारी चल रही है. ताजमहल और लाल किला थीम पर पंडाल बन रहा है. घुड़दौड़, हेलीपेड और तीन दर्जन से ज्यादा कलाकारों के आने की चर्चा है. इस बीच समधन के वीडियो ने शादी के माहौल को और भी हल्का और खुशनुमा कर दिया है. लोग अब 20 नवंबर के तिलक का इंतजार कर रहे हैं, जब समधी और समधन आमने सामने होंगे, तब फिर से हंसी ठिठोली का दौर देखने को मिल सकता है.



Source link