Last Updated:
Tej Pratap Yadav: तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने अपने माता-पिता के घर का वीडियो शेयर किया है. इसमें वह मां के हाथों से तैयार किए गए बगीचे और वहां उगाई जा रही सब्जियां दिखा रहे हैं. खास बात यह है कि उनके घर में छठ पूजा में चढ़ाया जाने वाला कमरख भी उगता है.
तेज प्रताप यादव मां राबड़ी देवी के साथ. (तस्वीर साभारः यूट्यूब Ty Vlog)
पटनाः जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनका नया व्लॉग है. तेज प्रताप ने अपने माता-पिता के घर का एक वीडियो शेयर किया. इसमें वह घर के बगीचे और खेती-किसानी से जुड़ी चीजें दिखा रहे हैं. वीडियो में वह अपनी मां के हाथों से तैयार किए गए किचन गार्डन की सैर कराते नजर आ रहे हैं. यहां आम, चीकू, कमरख से लेकर कई तरह की हरी सब्जियां उगाई गई हैं.
मां के हाथों से तैयार हुआ है पूरा बगीचा
तेज प्रताप वीडियो की शुरुआत में बताते हैं कि वह अपने माता-पिता के घर पर हैं. यहां सफाई का काम चल रहा है. इसके बाद वह घर के बगीचे की तरफ जाते हैं. वह बताते हैं कि इस बगीचे में पेड़-पौधे लगाने से लेकर सब्जियां उगाने तक का काम उनकी मां खुद करती हैं. तेज प्रताप अपनी मां से पूछते हैं कि उन्होंने बगीचे में क्या-क्या लगाया है. इस पर उनकी मां बताती हैं कि यहां सरसों, चना, फूलगोभी, आलू, टमाटर, बैंगन और कद्दू समेत कई सब्जियां उगाई गई हैं. इसके अलावा पालक, भिंडी और दूसरी हरी सब्जियां भी यहां मौजूद हैं. तेज प्रताप कहते हैं कि घर में इतनी सब्जियां उगती हैं कि बाजार से इन्हें खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती.
छठ में चढ़ने वाला कमरख भी घर में उगता है
इस पूरे वीडियो में सबसे खास कमरख का पेड़ है. तेज प्रताप बताते हैं कि छठ पूजा में इस फल का इस्तेमाल होता है. छठ के दौरान लोग इसे छठी मैया को चढ़ाते हैं. कई बार बाजार में इसकी कीमत भी काफी ज्यादा होती है. लेकिन उनके घर में इसका पेड़ लगा हुआ है. तेज प्रताप अपनी मां से बगीचे में लगे दूसरे पेड़ों के बारे में भी पूछते हैं. इस दौरान वह आम और चीकू के पेड़ दिखाते हैं. सर्दियों के मौसम में आम के पेड़ पर फल देखकर वह हैरानी भी जताते हैं. इसके अलावा मीठे नींबू और खीरे के पौधे भी दिखाते हैं.
थॉर भी है घर का सदस्य
तेज प्रताप अपने व्लॉग में घर के पालतू कुत्ते थॉर से भी मिलवाते हैं. वह बताते हैं कि थॉर घर और उनकी मां की रखवाली करता है. उनके कहने पर थॉर बैठ भी जाता है. तेज प्रताप उसे परिवार का सदस्य बताते हैं. इस वीडियो में तेज प्रताप का एक अलग अंदाज देखने को मिल रहा है.