Last Updated:
Ranchi Best Place To Visit: रांची का गेटशूल डैम अपनी खूबसूरती, क्रिस्टल क्लियर पानी और शांत माहौल के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है. यह जगह प्री-वेडिंग शूट और नागपुरी फिल्मों की शूटिंग के लिए भी काफी लोकप्रिय है. यहां लोग प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने आते हैं.
रांची. झारखंड की राजधानी रांची के गेटशूल डैम के तरफ का नजारा किसी विदेशी लोकेशन जैसा लगता है. लोकल लोग इसको यूरोप तक से कंपेयर करने लगते हैं. यहां पर खासतौर पर प्री-वेडिंग शूट के लिए लोग आते हैं. यहां के खूबसूरत नजारों में फोटोज काफी अच्छी आती हैं और यहां पर नागपुरी फिल्म की शूटिंग भी होती है. यहां पर डैम और चैनल का नजारा बेहद खूबसूरत लगता है और एकदम साफ क्रिस्टल क्लियर पानी दिखता है.
इतना ही नहीं यहां पर गांव की नहर की तरह एकदम चौड़ा और बहुत ही बड़ा एक चैनल बना हुआ है, जोकि करीब 3 किलोमीटर लंबा है. यह गांव के बीचों-बीच से यह पार होता है और इसकी खूबसूरती देखते बनती है. इसके ऊपर कई सारे पुल बने हुए हैं, जहां पर लोग खड़े होकर फोटो खींचते हैं.
सुकून और शांति
यहां पर सुकून और शांति दोनों हैं, जहां पर नौका विहार का भी आनंद लिया जा सकता है. आप यहां पर एकदम फाटक के पास जा सकते हैं और वहां से पानी गिरते हुए देख सकते हैं. कई लोग तो पानी में नहाते भी हैं और पानी में पैर डालकर घंटों बैठकर बातें करते हैं. कोई यहां पर आपको डिस्टर्ब करने वाला नहीं है. कुल मिलाकर प्रकृति के बीच कुछ समय बिताना चाहते हैं तो इस जगह पर आ सकते हैं.
लेट ईवनिंग न आएं
एक और खास बात यह है कि जब आप यहां पर आएंगे तो यहां आने वाली जो सड़क है, वह अपने आप में बहुत ही खूबसूरत है. दोनों रोड के दोनों साइड आपको साल के बड़े-बड़े पेड़ देखने को मिलेंगे, एकदम लंबे-लंबे आसमान को छूते हुए. यहां पर भी लोग गाड़ी रोककर रोड पर ही फोटो शूट करते हैं. बस इस बात का ध्यान रखें कि यहां आते हैं तो कोशिश करें शाम 5:00 बजे के पहले निकल जाएं या रात या शाम में बिल्कुल भी ना आएं.
खाने-पीने की भी व्यवस्था
यहां पर आपको खाने-पीने की भी व्यवस्था देखने को मिलेगी. समोसे से लेकर आलू चौप और कचौड़ी, इन सारी चीजों का अच्छा बंदोबस्त रहता है. आप यहां पर झालमुड़ी बनवाकर खा सकते हैं और साथ ही साथ आसपास के नजारे का आनंद ले सकते हैं. अधिकतर लोग यहां आकर यही करते हैं. ये भी ध्यान रहे कि ठंड के मौसम में आएं तो अच्छे-खासे गर्म कपड़े लेकर आएं, यहां पर हवा बेहद तेज चलती है.