Last Updated:
Bhojpur Successful Content Creator Shubham Story: भोजपुर के मसाढ़ गांव के शुभम सिंह ने लोकल कंटेंट को वीडियो का विषय बनाकर सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाई है. आज वह एक सफल कंटेंट क्रिएटर के रूप में कमाई कर रहे हैं. उन्होंने साझा किया कि कैसे इस फील्ड में सफलता पायी जा सकती है.
भोजपुर. आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह युवाओं के लिए करियर और कमाई का एक बेहतर विकल्प भी बन चुका है. अगर आपके पास कुछ नया दिखाने और लोगों तक अपनी बात पहुंचाने की कला है, तो कंटेंट क्रिएटर के तौर पर भी लंबा करियर बनाया जा सकता है. इसकी मिसाल आरा के मसाढ़ गांव के रहने वाले शुभम सिंह हैं, जिन्होंने अपने गांव और आसपास की छोटी-छोटी घटनाओं को कंटेंट का रूप देकर सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाई है.
लोकल कंटेंट को बनाया वीडियो का विषय
शुभम सिंह ने गांव और आसपास के माहौल में होने वाली घटनाओं, गतिविधियों और स्थानीय विषयों को अपने वीडियो का हिस्सा बनाया. धीरे-धीरे लोगों ने उनके कंटेंट को पसंद करना शुरू किया और उनकी पहुंच बढ़ती चली गई. आज वह एक सफल कंटेंट क्रिएटर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं. उनकी कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अपना करियर बनाना चाहते हैं.
व्यू और सब्सक्राइबर से लेकर प्रमोशन वीडियो तक कमाई के रास्ते
शुभम सिंह बताते हैं कि कंटेंट क्रिएटर के रूप में कमाई के कई रास्ते हैं. शुरुआत में प्लेटफॉर्म की निर्धारित शर्तें पूरी होने के बाद व्यू और सब्सक्राइबर के आधार पर कमाई का अवसर मिलता है. इसके बाद जब आपकी पहचान और दर्शकों के बीच लोकप्रियता बढ़ने लगती है, तो अलग-अलग कंपनियों और व्यवसायों के प्रमोशन वीडियो बनाने के भी मौके मिलने लगते हैं. इसके लिए कंटेंट क्रिएटर को पैसे दिए जाते हैं. यानी लगातार मेहनत और अच्छी पहचान के दम पर इसे लंबे समय तक चलने वाला पेशा बनाया जा सकता है.
साफ-सुथरे कंटेंट को मिल रही पसंद
शुभम का मानना है कि आज के दौर में दर्शक सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि अच्छा और साफ-सुथरा कंटेंट भी पसंद करते हैं. जरूरी नहीं कि वीडियो बनाने के लिए बड़े संसाधन या महंगे कैमरे हों. अपने आसपास की घटनाओं, स्थानीय समस्याओं, गांव की संस्कृति और आम लोगों की जिंदगी से जुड़े विषयों को भी रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया जा सकता है. कंटेंट में मौलिकता और दर्शकों से जुड़ाव होना सबसे जरूरी है.
रातोंरात प्रसिद्ध होने की चाहत बन सकती है बाधा
नए कंटेंट क्रिएटर को सलाह देते हुए शुभम कहते हैं कि आज बहुत से युवा वीडियो बनाना तो शुरू कर देते हैं, लेकिन उनकी इच्छा होती है कि कुछ ही दिनों में वे प्रसिद्ध हो जाएं. यह सोच सही नहीं है. कई बार लोगों तक अपनी पहचान पहुंचाने में छह महीने से लेकर एक साल तक का समय भी लग सकता है. ऐसे में शुरुआती दिनों में कम व्यू और कम फॉलोअर्स देखकर निराश नहीं होना चाहिए.
एक दिन में नहीं मिलती सफलता
उनके अनुसार, कंटेंट क्रिएटर को हर दिन अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तीन से चार वीडियो अपलोड करने का प्रयास करना चाहिए. इसके साथ ही कंटेंट की गुणवत्ता और विषयों पर भी ध्यान देना जरूरी है. लगातार नए प्रयोग करते हुए दर्शकों की पसंद को समझना चाहिए. सफलता किसी एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि इसके पीछे लंबे समय तक किया गया प्रयास होता है.
शुभम सिंह की कहानी यह बताती है कि करियर बनाने के लिए जरूरी नहीं कि युवा हमेशा बड़े शहरों की ओर ही रुख करें. गांव में रहकर भी अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच के दम पर डिजिटल दुनिया में पहचान बनाई जा सकती है. जरूरत है तो सिर्फ सही विषय चुनने, लगातार मेहनत करने और सफलता के लिए धैर्य बनाए रखने की.