Last Updated:
Amitabh Bachchan Wished Aaradhya Bachchan: बच्चन परिवार की सबसे छोटी लाडली आराध्या बच्चन ने 15 साल पूरे कर लिए हैं. उनके इस खास दिन पर परिवार और चाहने वालों से खूब प्यार मिला. दादा अमिताभ बच्चन भी पोती के जन्मदिन पर खास अंदाज में भावुक नजर आए. उन्होंने अपने ब्लॉग पर ऐसा संदेश लिखा, जिसमें आराध्या के सुनहरे भविष्य की झलक थी. बिग बी की इन चंद पंक्तियों ने एक बार फिर पोती के लिए उनका बेशुमार प्यार जाहिर कर दिया.
आराध्या बच्चन ने 16 नवंबर को अपना 15वां जन्मदिन मनाया.
नई दिल्ली. बच्चों के लिए दादा-दादी का प्यार हमेशा खास होता है. उम्र चाहे कितनी भी हो जाए, उनके लिए पोते-पोतियां हमेशा छोटे ही रहते हैं. बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी अपनी पोती आराध्या बच्चन को लेकर ऐसा ही प्यार जताते नजर आए. आराध्या के जन्मदिन पर उन्होंने सोशल मीडिया पर नहीं बल्कि अपने निजी ब्लॉग के जरिए उसे खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं. उनकी कुछ पंक्तियों ने फैंस का ध्यान खींचा. बिग बी ने पोती के लिए खुशियों और अच्छी किस्मत की दुआ मांगी. साथ ही उन सभी लोगों का शुक्रिया भी अदा किया, जिन्होंने आराध्या को जन्मदिन की बधाई दी.
आराध्या बच्चन ने 16 नवंबर को अपना 15वां जन्मदिन मनाया. इस खास मौके पर दादा अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर एक प्यारा सा मैसेज लिखा. उन्होंने आराध्या के लिए खुशियों और सौभाग्य की कामना की. बिग बी ने लिखा, ‘घर की पोती का जन्म दिवस सुनहरा और भाग्यशाली रहे, ईश्वर से यही प्रार्थना…’
अमिताभ बच्चन ने ब्लॉग में क्या लिखा?
उन्होंने आगे उन लोगों का भी आभार जताया, जिन्होंने रविवार से ही उन्हें प्यार और शुभकामनाएं भेजीं. अमिताभ ने लिखा कि सभी का स्नेह उनके लिए बेहद यादगार रहा. उन्होंने लोगों की प्रार्थनाओं और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद भी दिया. हालांकि, अभी तक ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन ने आराध्या के जन्मदिन के जश्न की तस्वीरें ऑफिशियल नहीं की हैं.
अमिताभ बच्चन का पोस्ट.
जया बच्चन के वॉलपेपर से उठे सवाल
हाल ही में जया बच्चन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा था. वह एक कार्यक्रम में जा रही थीं. इसी दौरान उन्होंने सड़क पर पड़ी प्लास्टिक की बोतल उठाई. उनके इस कदम की तारीफ हुई. लेकिन वीडियो में लोगों की नजर उनके फोन के वॉलपेपर पर भी पड़ी. दरअसल, जया के फोन के वॉलपेपर पर नव्या नवेली नंदा और अगस्त्य नंदा की तस्वीर दिखाई दी. इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए. यूजर्स ने पूछा कि तस्वीर में आराध्या क्यों नहीं हैं? कुछ लोगों ने इस बात को बच्चन परिवार के रिश्तों से जोड़कर भी देखा.
दिवाली पर दिखी थी भाई-बहन की बॉन्डिंग
भले ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लग रही हों, लेकिन दिवाली के मौके पर परिवार साथ नजर आया था. श्वेता बच्चन की बेटी नव्या ने दिवाली सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें साझा की थीं. इनमें अभिषेक बच्चन के साथ-साथ अगस्त्य नंदा अपनी छोटी बहन आराध्या को गले लगाते हुए दिखाई दिए थे.
दिवाली पर अगस्त्य ने आराध्या के साथ शेयर की थी तस्वीर
दूसरी तरफ, बच्चन परिवार की दिवाली की तस्वीरों ने भी लोगों का ध्यान खींचा था. श्वेता बच्चन नंदा की बेटी नव्या नवेली नंदा ने दिवाली सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं. इनमें वह अपनी मां श्वेता और मामा अभिषेक बच्चन के साथ नजर आई थीं. नव्या ने एक ऐसी तस्वीर भी शेयर की थी, जिसमें उनके भाई अगस्त्य नंदा आराध्या को गले लगाते दिखाई दिए. यह तस्वीर काफी खास थी, क्योंकि इसमें परिवार के दोनों बच्चे एक साथ नजर आए.
कौन हैं आराध्या बच्चन?
आराध्या बच्चन ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की बेटी हैं. अमिताभ बच्चन और जया बच्चन उनकी दादा-दादी हैं. वहीं, नव्या नवेली नंदा और अगस्त्य नंदा उनके बड़े कजिन हैं. आराध्या फिलहाल अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रही हैं. उन्हें स्कूल की गतिविधियों और स्टेज प्ले में भी हिस्सा लेते देखा गया है. ऐश्वर्या अकसर सोशल मीडिया पर बेटी के साथ तस्वीरें शेयर करती रहती हैं.