Last Updated:
Jaunpur News: जौनपुर में टावर पर चढ़कर हाईवोल्टेज ड्रामा करने वाली प्रेमिका की मुश्किलें अब बढ़ गई हैं. पुलिस अब युवती पर कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है. युवती ने लोक व्यवस्था और यातायात बाधित करने के साथ मोबाइल टावर की आपूर्ति रोकने की धमकी दी. साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की.
जौनपुर: प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाली युवती की मुश्किलें अब बढ़ गई हैं. जिस प्रेमी से शादी के लिए युवती ने मोबाइल टावर पर चढ़कर घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा किया था, अब वही प्रेमी उसके साथ पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गया है. जौनपुर की बरसठी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है.
बता दें कि पूरा मामला बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव हनुमानगर का है. बीते 15 नवंबर को उस वक्त इलाके में हड़कंप मच गया था, जब नेहा गौतम नाम की युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी. युवती की जिद थी कि उसकी शादी उसके प्रेमी अभिजीत कुमार गौतम से कराई जाए. इसके बाद प्रेमी भी टावर पर चढ़ गया और फिर टावर के ऊपर ही उसने युवती की मांग में सिंदूर भरी, जिसके बाद युवती और उसका प्रेमी साथ में नीचे उतरें.
युवती पर लगे ये संगीन आरोप
मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची और काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया गया. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान युवती ने लोक व्यवस्था और यातायात बाधित करने के साथ मोबाइल टावर की आपूर्ति रोकने की धमकी दी. साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की.
मामले में बरसठी थाने में मुकदमा
अपराध संख्या 436/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती नेहा गौतम और उसके प्रेमी अभिजीत कुमार गौतम, निवासी बसेरवां थाना मीरगंज को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि फिलहाल जौनपुर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया है. शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ने से शुरू हुआ मामला अब पुलिसिया कार्रवाई तक पहुंच गया है.