Last Updated:
2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने एक मेगा प्लान तैयार किया है, जिसका नाम जन चौपाल होगा. इस जन चौपाल के जरिए जनता तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है. बीजेपी हर एक विधानसभा सीट पर जन चौपाल का आयोजन करेगी और इसमें जनता से फीडबैक लेगी. साथ ही जनता को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देगी.
2027 विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने तैयार किया खास प्लान.
लखनऊः उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां तेज होती जा रही हैं. टिकट बंटवारे से लेकर हर तरह के सियासी समीकरण को साधने की लगातार प्लानिंग की जा रही है. इसी कड़ी में बीजेपी ने लोगों तक पहुंचने के लिए मेगा प्लान तैयार किया है. इस प्लान के तहत पार्टी सभी 403 सीटों पर जन चौपाल करेगी. सीएम योगी 19 नवंबर को गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से इसकी शुरुआत करेंगे.
बीजेपी के जन चौपाल में क्या होगा
इस अभियान में जनता से सीधा संवाद कर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक लिया जाएगा. इस मेगा प्लान के तहत बूथ अध्यक्षों, पार्षदों, विधानसभा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और मंत्रियों को लगाया गया है. हर विधानसभा क्षेत्र में 5,000 लोगों को आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है.
बीजेपी के चिंतन शिविर का आखिरी दिन
मथुरा में बीजेपी के चिंतन शिविर का आज दूसरा दिन भी है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शिविर में शामिल होंगे.बैठक के समापन सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विशेष रूप से शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. बैठक में विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रोडमैप तैयार करने पर मंथन किया जा रहा है.
शिविर के दूसरे दिन तीन सत्रों में होगी बैठक
मथुरा के परखम में चल रहे बीजेपी के दो दिवसीय चिंतन शिविर में सीएम योगी मंगलवार को भी मौजूद रहेंगे. मंगलवार को कुल तीन सत्रों में बैठक होगी. बैठक के बाद सीएम योगी बरसाना स्थित ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा की माताजी गौशाला जाएंगे. वहां पर पद्म श्री रमेश बाबा के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहां से आगरा पहुंचकर दिवंगत विधायक छोटेलाल के घर पहुंचकर उनको श्रद्धांजलि देंगे.
बीजेपी के चिंतन बैठक में कौन-कौन
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में मथुरा के परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में सोमवार और मंगलवार (16 और 17 नवंबर) को दो दिवसीय रणनीतिक बैठक चल रही है. बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा प्रदेश के सभी छह संगठन मंत्री और अन्य पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।