मुंबई: सचिन तेंदुलकर ने अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच के 13 साल पूरे होने के मौके पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के शरद पवार म्यूजियम में ‘बैटोग्राफी’ सेक्शन का उद्घाटन किया. सचिन ने इस मौके पर अपने करियर के अलग-अलग पड़ाव के 25 बैट एमसीए को तोहफे में दिए, इनमें वह पहला बल्ला भी शामिल है, जो उनकी बड़ी बहन सविता ने उन्हें गिफ्ट में किया था, इसके अलावा वह बल्ला भी यहां रखा गया है, जिससे उन्होंने 2012 में अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था.
‘बैटोग्राफी’के उद्घाटन के दौरान सचिन ने बचपन के अपने पहले बल्ले को याद करते हुए कहा कि जब उनकी बड़ी बहन कश्मीर गई थीं तो उन्हें उनसे किसी और चीज की उम्मीद थी. बकौल तेंदुलकर:
मेरी बहन सविता ताई कश्मीर घूमने गई थीं. मुझे उम्मीद थी कि वह मेरे लिए सेब और सूखे मेवे लेकर आएंगी, लेकिन जब उन्होंने मुझे क्रिकेट का बल्ला उपहार में दिया तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. यह मेरे लिए अप्रत्याशित तोहफा था, उसके बाद से वह बल्ला हमेशा मेरे साथ रहा. बचपन में मैंने लगभग हर खेल खेला, लेकिन यह बल्ला मेरे लिए खास था क्योंकि इसी से मेरी क्रिकेट यात्रा शुरू हुई.
सचिन तेंदुलकर ने शेयर की ये खास फोटो.
इतना ही नहीं सचिन तेंदुलकर ने 1989 में सियालकोट टेस्ट में खेली गई 57 रन की पारी को अपने करियर की ‘निर्णायक पारी’ करार दिया. हालांकि लोग पाकिस्तान के उस चर्चित दौरे में अब्दुल कादिर के खिलाफ लगाए गए उनके छक्कों को ही याद करते हैं.
तेंदुलकर ने याद किया कि पेशावर में बारिश के कारण रद्द हुए मैच को प्रदर्शनी मैच में तब्दील कर दिया गया, जिसमें पाकिस्तान के दो लेग स्पिनरों अब्दुल कादिर और मुश्ताक अहमद के खिलाफ उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की थी. उन्होंने कहा कि दौरे में बाद में खेली गई उनकी एक पारी कहीं अधिक महत्वपूर्ण थी. उन्होंने कहा:
लेकिन 25 से 30 हजार दर्शकों को बिना एक भी गेंद फेंके घर कैसे भेजा जा सकता था? इसलिए उन्होंने हमसे पूछा कि क्या हम एक प्रदर्शनी मैच खेल सकते हैं? संयोग से यह मेरी जिंदगी का पहला टी-20 मैच था, हालांकि अनौपचारिक रूप से. यह भी 20 ओवर का मुकाबला था. मुश्ताक मुझे गेंदबाजी कर रहे थे. मैंने दो छक्के लगाए, इसके बाद महान अब्दुल कादिर गेंदबाजी करने आए. उन्होंने कहा, ‘मुझे मार के दिखाओ, बच्चे को क्यों मार रहे हो’?
तेंदुलकर ने कहा कि बाद में कादिर ने उनकी रन बनाने की क्षमता की सराहना भी की थी. उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल था. जब मैं घर लौटा तो मुझे अहसास हुआ कि लोगों को मेरे छक्के लगाना काफी पसंद आया था. मैंने 17 गेंदों (18 गेंदों) में 53 रन बनाए थे.’