50 पैसे के लिए देना पड़ा 10000 रुपये का हर्जाना, बिल से ज्यादा रकम वसूलना रेस्तरां पर पड़ा भारी

50 पैसे के लिए देना पड़ा 10000 रुपये का हर्जाना, बिल से ज्यादा रकम वसूलना रेस्तरां पर पड़ा भारी


Last Updated:

Consumer Forum : जयपुर के एक रेस्तरां ने ग्राहक से 50 पैसे ज्यादा क्या ले लिए, बदले में 10 हजार रुपये का हर्जाना चुकाना पड़ा. जिला उपभोक्ता आयोग ने अपने फैसले में कहा कि तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलना कानून के विरुद्ध है और उपभोक्ताओं को ऐसे किसी मामले की शिकायत नेशनल हेल्पलाइन पर करनी चाहिए.

Zoom

उपभोक्ताओं से जुड़ी शिकायत नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1915 पर की जा सकती है.

नई दिल्ली. ऐसा तो आपके साथ भी कई बार हुआ होगा कि रेस्तरां में खाने गए. बिल बना 205.50 रुपये और रेस्तरां वाले ने इसे आसान बनाने के लिए राउंड फिर 206 रुपये वसूल लिए. अमूमन तो यह एक सामान्य प्रक्रिया है और ज्यादातर ग्राहक इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन जयपुर के एक रेस्तरां को यह करना भारी पड़ गया. ग्राहक ने रेस्तरां पर 50 पैसे ज्यादा वसूलने को लेकर उपभोक्ता अदालत में केस कर दिया और बदले में रेस्तरां को 10 हजार रुपये का हर्जाना भरना पड़ा.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, जयपुर के एक रेस्तरां ने बिना ग्राहक की अनुमति के ही उसके बिल में 50 पैसे ज्यादा जोड़ दिए. ग्राहक ने इसका विरोध किया तो रेस्तरां ने उसकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया. इसके बाद ग्राहक ने जयपुर जिला उपभोक्ता शिकायत निवारण आयोग में इसकी शिकायत कर दी. उपभोक्ता फोरम ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रेस्तरां को ग्राहक के 50 पैसे लौटाने और साथ में 10 हजार रुपये का हर्जाना और विवाद खर्च के रूप में देने का भी आदेश पारित किया है.

ग्राहक ने क्यों की आयोग में शिकायत
जयपुर निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि 14 फरवरी को वैलेनटाइन डे और वेडिंग एनिवर्सरी के मौके पर रेस्तरां में परिवार के साथ खाने गए थे. खाने का बिल बना 1,648.50 रुपये और रेस्तरां ने इसे राउंड फिगर बनाकर 1,649 रुपये वसूल लिए. जब उन्होंने इसका विरोध किया और कहा कि वे यूपीआई से भुगतान करेंगे तो जो अमाउंट आया है, वही दे सकते हैं. इस पर रेस्तरां के कर्मचारियों ने जवाब दिया कि उनकी पॉलिसी के मुताबिक बिल को राउंड फिगर में पैसे जमा करना जरूरी होगा.

आयोग में कर दी शिकायत
ग्राहक ने उपभोक्ता आयोग में शिकायत करते हुए बताया कि रेस्तरां का राउंड फिगर में पैसे वसूलना गलत प्रैक्टिस है. आयोग में सुनवाई के दौरान रेस्तरां की ओर से कोई हाजिर भी नहीं हुआ. इस पर आयोग ने 27 अक्टूबर को फैसला सुनाया कि बिल में 50 पैसे ज्यादा वसूलना गलत प्रैक्टिस है. आयोग ने राज्य उपभोक्ता आयोग के एक फैसले का भी उदाहरण दिया और कहा कि कारोबार में उपभोक्ता से तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलना नियम के विरुद्ध है.

आयोग ने क्या दिया फैसला
जिला उपभोक्ता अदालत ने अपने फैसले में कहा कि रेस्तरां को सबसे पहले ग्राहक के 50 पैसे वापस करने होंगे. इसके अलावा शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के लिए 7 हजार का हर्जाना देना पड़ेगा और 3 हजार रुपये मुकदमे के खर्च के रूप में भी चुकाने होंगे. उपभोक्ता नियमों के तहत रेस्तरां, ग्रॉसरी या स्टोर पर खरीदारी करने वाले ग्राहकों से तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलना कानून विरुद्ध है. ऐसे किसी भी मामले की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1915 पर की जा सकती है.



Source link