Last Updated:
प्रयागराज एयरपोर्ट पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का ऐसा स्वागत हुआ, जिसकी तस्वीरें अब चर्चा में हैं. कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया खुद उन्हें लेने एयरपोर्ट पहुंचे और फिर प्रोटोकॉल से अलग अंदाज में अपनी गाड़ी की ड्राइविंग सीट संभाल ली. खास बात यह रही कि राजा भैया खुद कार चलाते नजर आए और उनके बगल वाली सीट पर बाबा बागेश्वर बैठे दिखाई दिए.
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रयागराज बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे, तो उनका स्वागत कुंडा विधायक राजा भैया ने एयरपोर्ट पर किया. जिसके बाद प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट से कुंडा बेंती भवन के लिए राजा भैया और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री निकले. राजा भैया खुद कार ड्राइव करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कुंडा बेंती भवन ले जा रहे हैं. उनके बगल की सीट पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बैठे दिखे. कुछ ही देर में बेंती राजमहल बाबा बागेश्वर पहुंचेंगे.
बेंती राज महल में उनके रुकने की व्यवस्था की गई है. पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बेंती राजमहल में 4 दिनों तक रहेंगे. वहीं प्रतापगढ़ पुलिस के अधिकारियों ने बेंती राजमहल का जायजा लेते हुए पुलिस ड्यूटी को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए. राजा भैया के आवास पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के रुकने और खाने का प्रबंध है. आपको बताते चले कि प्रतापगढ़ में 17 नवंबर से तीन दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन है, जबकि 20 नवंबर को बाबा बागेश्वर का दिव्य दरबार भी लगेगा, जिसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है.
राम कथा से पहले कुंडा विधायक रघुराज प्रताप उर्फ राजा भैया का बड़ा बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम का चरित्र इतना व्यापक और विस्तृत है कि इसका वर्णन नहीं किया जा सकता. श्री राम कथा का सबसे बड़ा संदेश सबसे बड़ा उद्देश्य होता है कि, सद्बुद्धि, धर्म ,अंधकार से उजाले की ओर सबको ले चलने का प्रयास हो, भारत का जब बटवारा हुआ तो धर्म के आधार पर हुआ.
Add News18 as
Preferred Source on Google
राजा भैया ने कहा कि हिंदुओं ने कभी नहीं कहा कि हम मुस्लिम के साथ नहीं रह सकते हैं, जिन्ना ने कहा कि हमको इस्लामी राष्ट्र चाहिए, हम हिंदुओं के साथ नहीं रह सकते हैं, इसके बाद पाकिस्तान अस्तित्व में आया. अभी पूरा ध्यान पूरी ऊर्जा पूरा प्रयास इस विशाल कथा को सफल बनाने में है. बहुत से सनातनी वक्ता भी इस राम कथा में आएंगे, राम कथा में सबको आमंत्रित किया गया है. बाबा बागेश्वर हिंदुओं को हिंदुत्व को एक दिशा देने आ रहे हैं.
कथा के लिए भव्य मंच बनकर तैयार हो गया है. NEWS 18 की टीम ने कथा के पहले भव्य मंच का जायजा भी लिया. मंच पर राम और हनुमान की भव्य फोटो लगाकर मंच को मनमोहक बनाया गया है. बाबा बागेश्वर की कथा में करीब हर दिन 1 लाख से अधिक भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है. राम कथा की तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है. 16 नवंबर आज कुंडा में कलश यात्रा निकली गई है. 17 नवंबर से उनकी कथा शुरू हो जाएगी.
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा को लेकर सियासी विरोध के बीच चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. कथा स्थल और पूरे परिसर में 200 से अधिक सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जाएगी. डीएम, एसपी, आईजी, एडीजी सहित उच्च अफसर लगातार कथा स्थल का निरीक्षण करते हुए अफसर को आवश्यक दिशा निर्देश भी दे रहे हैं.