मंदिर में मां की पूजा, बाहर हांडी में पकता है मटन… गोरखपुर के इस दरबार की कहानी है बेहद अनोखी

मंदिर में मां की पूजा, बाहर हांडी में पकता है मटन… गोरखपुर के इस दरबार की कहानी है बेहद अनोखी


Last Updated:

Gorakhpur News: गोरखपुर में स्थित तरकुलहा देवी मंदिर शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित है, जो आज भी आस्था और वीरता के अनोखे संगम के रूप में जाना जाता है. यहां आने वाले श्रद्धालु मां शक्ति के दर्शन तो करते ही हैं.

गोरखपुर: गोरखपुर की धरती पर कई ऐसी ऐतिहासिक और धार्मिक जगहें हैं, जिनकी पहचान सिर्फ मंदिरों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके साथ इतिहास, संघर्ष और लोकमान्यताओं की कहानियां भी जुड़ी हुई हैं. ऐसा ही एक स्थान है तरकुलहा देवी मंदिर, शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित यह मंदिर आज भी आस्था और वीरता के अनोखे संगम के रूप में जाना जाता है. यहां आने वाले श्रद्धालु मां शक्ति के दर्शन तो करते ही हैं.

साथ ही अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने वाले राजा बंधू सिंह की कहानी को भी याद करते हैं. तरकुलहा देवी शक्ति स्वरूपा स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, तरकुलहा देवी को शक्ति स्वरूपा के रूप में पूजा जाता है. मंदिर का इतिहास स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धा राजा बंधू सिंह से भी जुड़ा हुआ है. यहां आने वाले श्रद्धालु दुर्गेश ओझा बताते हैं कि अंग्रेजों के खिलाफ गुरिल्ला युद्ध लड़ने से पहले राजा बंधू सिंह इसी मंदिर में मां की पूजा-अर्चना करते थे और युद्ध पर जाने से पहले बलि देते थे.

राजा बंधू सिंह की वीरता की कहानी
मान्यता है कि मां के प्रति उनकी गहरी आस्था और उनका संघर्ष इस मंदिर की पहचान का अहम हिस्सा बन गया. यही वजह है कि आज भी यहां आने वाले लोगों के बीच राजा बंधू सिंह की वीरता की कहानियां सुनाई जाती हैं. समय बदलने के साथ मंदिर में पूजा-पाठ की परंपराएं भी अपनी पहचान बनाए हुए हैं. यहां आने वाले श्रद्धालु मां को नारियल और इलायची दाना चढ़ाकर पूजा करते हैं. भक्तों का मानना है कि मां के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी होती है. नवरात्र जैसे विशेष अवसरों पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ जाती है.

खान-पान की परंपरा
हालांकि, इस मंदिर की एक अलग पहचान यहां से जुड़ी खान-पान की परंपरा को लेकर भी चर्चा में रहती है. मंदिर से कुछ दूरी पर कई लोग हांडी में मटन बनाकर खाते हैं. कुछ लोग इसे प्रसाद के रूप में भी देखते हैं, लेकिन स्थानीय श्रद्धालु इस धारणा से सहमत नहीं हैं. लोकल 18 से बातचीत में देवेंद्र बताते हैं कि तरकुलहा देवी का मंदिर शक्ति की उपासना का स्थान है. शक्ति की पूजा-अर्चना और मंदिर की धार्मिक परंपराओं का अपना महत्व है. पिछले कुछ समय में यहां मटन खाने का चलन जरूर बढ़ा है, लेकिन इसका मंदिर की पूजा-पद्धति से कोई संबंध नहीं है.

मां शक्ति की आराधना
देवेंद्र के मुताबिक, मंदिर की असली पहचान मां शक्ति की आराधना और राजा बंधू सिंह से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत है. यही वजह है कि यहां आने वाले श्रद्धालु मंदिर को केवल दर्शन की जगह नहीं, बल्कि आस्था और इतिहास की धरोहर के रूप में देखते हैं. तरकुलहा देवी मंदिर की खासियत यही है कि यहां एक तरफ मां शक्ति के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा दिखाई देती है, तो दूसरी तरफ राजा बंधू सिंह के संघर्ष की कहानी आज भी लोगों को इतिहास से जोड़ती है. मंदिर की यही विरासत इसे गोरखपुर के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों में एक अलग पहचान देती है.



Source link