UP Chunav, former UP Chief Minister: कौन थे UP के दूसरे मुख्यमंत्री? इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से थे B.Sc, बाद में उन्हीं के नाम पर बना विश्वविद्यालय

UP Chunav, former UP Chief Minister: कौन थे UP के दूसरे मुख्यमंत्री? इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से थे B.Sc, बाद में उन्हीं के नाम पर बना विश्वविद्यालय


UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने लगी है. चुनावी माहौल के बीच प्रदेश के इतिहास और यहां शिक्षा के विकास में योगदान देने वाले नेताओं को जानना भी दिलचस्प है. उत्तर प्रदेश को ऐसे कई मुख्यमंत्री मिले जिन्होंने प्रशासन और राजनीति के साथ एजुकेशन सेक्‍टर में भी अपनी अलग पहचान बनाई. इन्हीं में एक नाम डॉ. संपूर्णानंद का है. वह प्रदेश के दूसरे मुख्यमंत्री थे लेकिन उनकी पहचान सिर्फ इस पद तक सीमित नहीं थी. वह शिक्षक, संस्कृत और हिंदी के विद्वान, लेखक और खगोल विज्ञान में गहरी रुचि रखने वाले व्यक्ति थे.

डॉ. संपूर्णानंद ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई की और शिक्षक बनने के लिए एलटी ट्रेनिंग हासिल किया. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग संस्थानों में पढ़ाया और कॉलेज के प्राचार्य तक बने. आजादी के बाद उत्तर प्रदेश की पहली सरकार में उन्हें शिक्षा मंत्री बनाया गया. मुख्यमंत्री बनने के बाद भी शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने की उनकी कोशिश जारी रही. वाराणसी के जिस संस्कृत विश्वविद्यालय का नाम आज उनके नाम पर है उसके विकास की योजना में भी उनकी अहम भूमिका रही. आइए जानते हैं कि डॉ. संपूर्णानंद कौन थे, उनकी पढ़ाई कहां हुई और एक शिक्षक से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तक उनका सफर कैसे पहुंचा.

वाराणसी में हुआ जन्म, बचपन से संस्कृत में था इंटरेस्‍ट 

डॉ. संपूर्णानंद का जन्म 1 जनवरी 1891 को बनारस यानी आज के वाराणसी में हुआ था. उनका परिवार कायस्थ समुदाय से था. बनारस के सांस्कृतिक और शैक्षणिक माहौल में उनका बचपन बीता. इसी माहौल का असर था कि उन्हें भारतीय संस्कृति, प्राचीन ग्रंथों और संस्कृत भाषा में गहरी दिलचस्पी हो गई. वह हिंदी और संस्कृत के अच्छे विद्वान थे. ज्योतिष शास्त्र में भी उनकी विशेष रुचि थी.

उनकी दिलचस्पी केवल परंपरागत ज्ञान तक सीमित नहीं थी. ज्योतिष के अध्ययन के साथ-साथ वह खगोल विज्ञान में भी रुचि लेने लगे. ग्रहों, तारों और आकाशीय घटनाओं को समझने की उनकी जिज्ञासा इतनी गहरी थी कि जेल में रहने के दौरान भी वह अपने साथ बंद स्वतंत्रता सेनानियों को रात के आसमान और तारों के बारे में बताया करते थे. उनके व्यक्तित्व में भारतीय परंपरा और आधुनिक विज्ञान, दोनों के प्रति जिज्ञासा दिखाई देती थी.

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से की BSc

डॉ. संपूर्णानंद ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बनारस में पूरी की. इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक यानी बीएससी की डिग्री हासिल की. उस समय इलाहाबाद विश्वविद्यालय को देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में गिना जाता था. बीएससी करने के बाद उन्होंने शिक्षक बनने के लिए एलटी यानी लाइसेंशिएट इन टीचिंग का प्रशिक्षण लिया.

लंदन मिशन हाई स्कूल से शुरू हुआ शिक्षक का सफर

पढ़ाई और टीचर की ट्रेनिंग पूरा करने के बाद डॉ. संपूर्णानंद ने टीचिंग को अपना पेशा बनाया. उन्होंने बनारस के लंदन मिशन हाई स्कूल में पढ़ाना शुरू किया. इसके बाद वृंदावन के प्रेम महाविद्यालय और बीकानेर के डूंगर कॉलेज जैसे संस्थानों में भी टीचर के रूप में काम किया. वह डूंगर कॉलेज के प्राचार्य भी नियुक्त हुए. आगे चलकर उन्होंने काशी विद्यापीठ में दर्शनशास्त्र के लेक्‍चचर के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं.

शिक्षक होने के साथ लेखक और हिंदी पत्रकारिता से भी जुड़ाव

डॉ. संपूर्णानंद की रुचि पढ़ाने और पढ़ने तक सीमित नहीं थी. वह लेखन और पत्रकारिता से भी जुड़े रहे. उन्होंने मदन मोहन मालवीय से जुड़े हिंदी पत्र मर्यादा का संपादन किया. इसके अलावा वह नेशनल हेराल्ड और कांग्रेस सोशलिस्ट जैसे प्रकाशनों में भी लेख लिखते थे.हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति उनका लगाव काफी गहरा था. वह चाहते थे कि शिक्षा और सरकारी कामकाज में भारतीय भाषाओं को उचित स्थान मिले. यही वजह थी कि शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने हिंदी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की कोशिश की.

आजादी के बाद बने उत्तर प्रदेश के पहले शिक्षा मंत्री

देश की आजादी के बाद उत्तर प्रदेश में पहली लोकप्रिय सरकार बनी तो डॉ. संपूर्णानंद को शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई. एक शिक्षक के रूप में उनका अनुभव इस पद के लिए महत्वपूर्ण था. वह शिक्षा को केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और व्यक्ति के विकास का आधार मानते थे.उनकी खास रुचि संस्कृत शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में थी. वह चाहते थे कि पारंपरिक विषयों के अध्ययन के साथ विज्ञान और आधुनिक ज्ञान को भी जगह मिले. इसी सोच के तहत उन्होंने बनारस के गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज के विकास और उसे हायर एजुकेशन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की योजना पर काम किया.

संस्कृत कॉलेज में वेधशाला बनाने का था सपना

डॉ. संपूर्णानंद की एस्‍ट्रोनॉमी में रुचि का असर उनकी शिक्षा संबंधी योजनाओं में भी दिखाई देता है. वह चाहते थे कि बनारस के गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज में एक खगोलीय वेधशाला यानी ऑब्जर्वेटरी स्थापित की जाए. इसके साथ समय मापने की व्यवस्था बनाने की भी योजना थी. उनका उद्देश्य था कि संस्कृत और पारंपरिक ज्ञान के अध्ययन के साथ स्‍टूडेंटस को खगोल विज्ञान जैसे विषयों को समझने का अवसर भी मिले.इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने शिक्षाविद् डॉ. ईश्वरी प्रसाद और एमएलसी निर्मल चंद्र चतुर्वेदी जैसे लोगों से सलाह और सहयोग लिया.

उन्‍हीं के नाम पर हो गई यूनिवर्सिटी

बनारस का गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज आगे चलकर विश्वविद्यालय के रूप में विकसित हुआ. 1956 में वाराणसेय संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना हुई. बाद में 1974 में इसका नाम बदलकर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय कर दिया गया. आज वाराणसी का यह प्रमुख संस्कृत विश्वविद्यालय उनके नाम से जाना जाता है.इस संस्थान का नाम उनके सम्मान में रखा जाना उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की एक बड़ी पहचान है. डॉ. संपूर्णानंद का सपना था कि संस्कृत के अध्ययन और शोध को मजबूत किया जाए और प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाया जाए. विश्वविद्यालय के विकास से जुड़ी उनकी पहल इसी सोच का हिस्सा थी.

1954 में बने उत्तर प्रदेश के दूसरे मुख्यमंत्री

शिक्षा मंत्री के रूप में काम करने के बाद डॉ. संपूर्णानंद प्रदेश की राजनीति में भी आगे बढ़े. उस समय गोविंद बल्लभ पंत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे. दिसंबर 1954 में पंत केंद्र सरकार में गृह मंत्री बनकर दिल्ली चले गए. इसके बाद 28 दिसंबर 1954 को डॉ. संपूर्णानंद ने उत्तर प्रदेश के दूसरे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.1957 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को फिर जीत मिली और 10 अप्रैल 1957 को संपूर्णानंद ने दोबारा मुख्यमंत्री पद संभाला. उनका कार्यकाल 6 दिसंबर 1960 तक रहा. अगले दिन चंद्रभानु गुप्ता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने. दोनों कार्यकाल मिलाकर संपूर्णानंद करीब पांच साल और 344 दिन तक इस पद पर रहे. लंबे समय तक उनका लगातार मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना रहा जिसे बाद में योगी आदित्यनाथ ने 2023 में पीछे छोड़ दिया.



Source link