सपने में खुद भोलेनाथ ने बताया पता, धर्मशाला के भीतर छिपी सालों पुरानी शिवलिंग
Last Updated:
Haridwar Shivling Story: हरिद्वार में हर की पौड़ी के पास सेठ सूरजमल धर्मशाला के भीतर भगवान शिव का 350 साल पुराना चमत्कारी और 7 फनों वाला स्वयंभू शिवलिंग स्थित है. इस प्राचीन मंदिर का इतिहास शिव पुराण से जुड़ा हुआ है. आइए इस शिवलिंग के चमत्कार की कहानी आपको बताते हैं.
हरिद्वार: तीर्थ नगरी हरिद्वार अपने पौराणिक इतिहास, धार्मिक ग्रंथों में वर्णित कथाओं और भगवान शिव की ससुराल के रूप में विख्यात है. हरिद्वार में कई ऐसे स्वयंभू शिवलिंग हैं, जिन्हें किसी व्यक्ति ने नहीं बनाया है, बल्कि वह शिवलिंग खुद ही प्रकट हुए हैं. इस कड़ी में हर की पौड़ी के पास अपर रोड स्थित करीब 250 साल पुरानी सेठ सूरजमल धर्मशाला में भगवान शिव का एक चमत्कारी मंदिर और 7 फनों वाला स्वयंभू शिवलिंग है, जहां रोजाना सुबह-शाम आरती की जाती है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भोलेनाथ का यह स्थान धर्मशाला से भी प्राचीन है. करीब 250 साल पहले जब एक दानवीर सेठ तीर्थयात्रियों के ठहरने के लिए धर्मशाला बनवा रहे थे, तब काम करने वालों के द्वारा पहाड़ के टीले को रोजाना समतल किया जाता. लेकिन अगले ही दिन वह समतल स्थान टीले का रूप ले लेता था. कई दिनों तक चले इस वाक्य के बाद भोलेनाथ ने सेठ और कारीगरों को सपने में आकर इसे अपना स्थान बताया तो सेठ ने इस स्थान पर मंदिर का निर्माण कराया था. चलिए विस्तार से जानते हैं यह रहस्य.
सातों समुद्रों ने मिलकर रेत का शिवलिंग
सेठ सूरजमल धर्मशाला के संचालक श्रीनिवास पांडे ने मंदिर के इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि जब अगस्त्य मुनि सातों समुद्र पी गए थे, तब सातों समुद्रों ने मिलकर रेत से यह शिवलिंग बनाकर भगवान शिव का अभिषेक किया था, जिससे इसका नाम सप्त समुद्रेश्वर महादेव पड़ा था. इस स्थान का विशेष विवरण शिव पुराण में हुआ है. शिव पुराण में वर्णित यह स्थान पहले एक पहाड़ के रूप में था. करीब 250 साल पहले जब धर्मशाला के निर्माण के लिए पहाड़ को काटकर समतल किया जा रहा था, तब मजदूर दिन में जमीन को समतल कर देते थे और अगली सुबह टीला फिर से बन जाता था.
एक सप्ताह तक चले इस क्रम के बाद भगवान शिव ने सेठ और देखरेख करने वालों को सपने में आकर दर्शन दिए और कहा कि यह उनका स्थान है. उनके स्थान से छेड़ा ना कि जाए. इसके बाद सेठ ने इस स्थान पर मंदिर का निर्माण कराया था. इस स्थान पर भगवान शिव का स्वयंभू 7 फनों वाला शिवलिंग है, जो बेहद अनोखा और चमत्कारी है.
40 दिनों तक चढ़ाएं जल, मनोकामना होगी पूरी
धर्मशाला के संचालक श्रीनिवास पांडे ने मंदिर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति 40 दिनों तक लगातार इस चमत्कारी शिवलिंग पर जल चढ़ा दे तो उसकी सभी मनोकामना पूरी हो जाती है. संचालक ने बताया कि आज तक कोई भी व्यक्ति इस शिवलिंग पर 40 दिनों तक लगातार जल नहीं चढ़ा पाया है. जब कोई साधक शिवलिंग पर 40 दिनों तक जल चढ़ाने के इस संकल्प को करता है तो इन दिनों में कोई ना कोई समस्या आ ही जाती है.
उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत के शंकराचार्य जयेन्द्र सरस्वती और विजयेन्द्र सरस्वती भी इस चमत्कारी शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं. संचालक श्रीनिवास पांडे ने आगे बताया कि एक बार धर्मशाला के प्रबंधक केदारनाथ दर्शन करने गए तो वहां के मुख्य पुजारी ने उनसे कहा था कि भोलेनाथ का जो स्वरूप केदारनाथ में है वही स्वरूप हरिद्वार की सेठ सूरजमल धर्मशाला के शिवलिंग में भी है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Local-18 व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता है.