PM मोदी की जन्मभूमि वडनगर का दुनिया में डंका, 2500 साल पुरानी विरासत को मिला जर्मनी का प्रतिष्ठित रेड डॉट अवॉर्ड

PM मोदी की जन्मभूमि वडनगर का दुनिया में डंका, 2500 साल पुरानी विरासत को मिला जर्मनी का प्रतिष्ठित रेड डॉट अवॉर्ड


नई द‍िल्‍ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है. वडनगर के ‘अनंत अनादि’ पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय को जर्मनी में प्रतिष्ठित Red Dot: Best of the Best Award 2026 से सम्मानित किया गया है. इस उपलब्धि के साथ वडनगर का यह संग्रहालय भारत का पहला और इकलौता संग्रहालय बन गया है, जिसे यह विशिष्ट सम्मान मिला है. जिस शहर की गलियों में प्रधानमंत्री मोदी का बचपन बीता, उसी शहर की हजारों साल पुरानी सभ्यता अब दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रही है.

गुजरात का ऐतिहासिक शहर वडनगर केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि के रूप में ही नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध सभ्यतागत विरासत के लिए भी जाना जाता है. अब यहां का ‘अनंत अनादि वडनगर – आर्कियोलॉजिकल एक्सपीरियेंशियल म्यूजियम’ वैश्विक पहचान हासिल कर चुका है. यह सम्मान भारतीय इतिहास, पुरातत्व और आधुनिक डिजाइन के अनूठे संगम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता है.

2500 साल का इतिहास, 6000 से अधिक कलाकृतियां

संग्रहालय की सबसे बड़ी खासियत यहां प्रदर्शित 6,000 से अधिक पुरातात्विक कलाकृतियां हैं, जिनके माध्यम से वडनगर के लगभग 2,500 वर्षों के इतिहास को प्रस्तुत किया गया है. संग्रहालय को इस तरह डिजाइन किया गया है कि दर्शक केवल ऐतिहासिक वस्तुओं को देखें नहीं, बल्कि अतीत की सभ्यता और जीवनशैली को महसूस भी कर सकें.

इसकी वास्तुकला में मिट्टी की सात परतों की अवधारणा अपनाई गई है, जो वडनगर के अलग-अलग ऐतिहासिक कालखंडों का प्रतिनिधित्व करती हैं. आधुनिक तकनीक, आकर्षक प्रस्तुति और पुरातात्विक साक्ष्यों का संयोजन इसे पारंपरिक संग्रहालयों से अलग बनाता है.

प्रधानमंत्री मोदी का वडनगर से रिश्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वडनगर से भावनात्मक जुड़ाव रहा है. उनका जन्म और बचपन इसी शहर में बीता. प्रधानमंत्री कई अवसरों पर अपनी जन्मभूमि की ऐतिहासिक विरासत और बचपन की यादों का जिक्र कर चुके हैं.

प्रधानमंत्री ने बताया था कि बचपन में स्कूल के दिनों में उन्हें प्राचीन वस्तुओं, नक्काशीदार पत्थरों और शिलालेखों को खोजने के लिए प्रोत्साहित किया जाता था. इस तरह वडनगर का इतिहास उनके बचपन की यादों का भी हिस्सा रहा है.
आज उसी शहर की प्राचीन विरासत को अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलना वडनगर के लिए एक नया अध्याय है.

प्राचीन सभ्यता का आधुनिक स्वरूप
वडनगर में 2,700 वर्षों से अधिक समय तक लगातार मानव आबादी रहने के पुरातात्विक प्रमाण मिले हैं. यहां हिंदू, बौद्ध और जैन परंपराओं से जुड़े साक्ष्य मौजूद हैं. कीर्ति तोरण, हाटकेश्वर महादेव मंदिर और शर्मिष्ठा झील इसकी ऐतिहासिक पहचान के प्रमुख प्रतीक हैं.
करीब 298 करोड़ रुपये की लागत से विकसित और 12,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस संग्रहालय का उद्घाटन जनवरी 2025 में किया गया था. इसकी एक विशेषता यह भी है कि संग्रहालय को वास्तविक पुरातात्विक उत्खनन स्थल से जोड़ा गया है, जिससे पर्यटक इतिहास को करीब से समझ सकते हैं.

वडनगर की विरासत को वैश्विक पहचान
Red Dot: Best of the Best Award 2026 मिलना इस बात का प्रमाण है कि भारत की प्राचीन विरासत को आधुनिक डिजाइन और तकनीक के माध्यम से दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है.

प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर अब केवल एक ऐतिहासिक शहर नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति और पुरातात्विक धरोहर को समझने का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है. जिस वडनगर की मिट्टी में प्रधानमंत्री मोदी की जीवन यात्रा की शुरुआत हुई, उसी मिट्टी की हजारों साल पुरानी सभ्यता को आज दुनिया का सम्मान मिला है. यह उपलब्धि गुजरात की विरासत के साथ भारत के गौरवशाली अतीत को वैश्विक पहचान दिलाने वाला नया अध्याय है.



Source link