Last Updated:
Kota Dairy Fire Accident: कोटा की मधुर दूध डेयरी में गैस पाइप लीक होने से भीषण हादसा हो गया. चाय बनाने के लिए चूल्हा जलाते ही आग भभक उठी और युवक लेखराज लपटों में घिर गया. दम घुटने और गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौत हो गई, हादसे का खौफनाक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है.
कोटा. शहर के भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र में एक दूध डेयरी में गैस लीक होने से भीषण हादसा हो गया. चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाते ही अचानक आग का तेज भभका उठा और डेयरी में काम करने वाला युवक उसकी चपेट में आ गया. आग इतनी तेजी से फैली कि युवक को संभलने और बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला. इस दर्दनाक हादसे में युवक की जिंदा जलने और दम घुटने से मौत हो गई. हादसे का खौफनाक सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है, जिसमें आग लगने से लेकर युवक के लपटों में घिरने तक की पूरी घटना कैद हुई है.
हादसा शनिवार को राम मंदिर गली स्थित मधुर दूध डेयरी में हुआ था, मृतक की पहचान लेखराज भदाना के रूप में हुई है, जो डेयरी में काम करता था. जानकारी के अनुसार, डेयरी में रखे गैस सिलेंडर से जुड़ा पाइप पहले से ढीला था. लेखराज चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाने लगा, इसी दौरान उसका हाथ गैस पाइप से टच हुआ और पाइप खुल गया. इससे गैस का रिसाव होने लगा, जैसे ही उसने चूल्हा जलाया, वहां जमा गैस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग का बड़ा भभका उठ गया. अचानक आग की लपटें उठते ही लेखराज घबरा जाता है और खुद को बचाने के लिए पीछे हटने की कोशिश करता है. लेकिन आग तेजी से फैलती है और वह लपटों से घिर जाता है. कुछ ही पलों में पूरी डेयरी में आग फैल जाती है.
दो लोगों ने भागकर बचाई जान, मालिक बाजार गया था
हादसे के समय डेयरी में मौजूद दो अन्य लोगों ने किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई. वहीं, डेयरी मालिक विनोद अग्रवाल घटना के समय बाजार गए हुए थे. आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद भीमगंज मंडी थाना पुलिस दुकान के अंदर पहुंची तो लेखराज अचेत अवस्था में पड़ा मिला. उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि दम घुटने और बुरी तरह झुलसने के कारण उसकी मौत हुई.
इस हादसे ने एक बार फिर गैस सिलेंडर, रेगुलेटर और पाइप की नियमित जांच की जरूरत को उजागर कर दिया है. गैस पाइप में मामूली ढीलापन या लीकेज भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए गैस का इस्तेमाल करने से पहले कनेक्शन की जांच करना बेहद जरूरी है.