IMD Cyclone Akvan Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवाती तूफान लगातार ताकतवर हो रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में एक्टिव गहरा अवदाब सोमवार 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और मंगलवार 17 नवंबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है. आईएमडी ने 20 नवंबर को इसके आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, इस चक्रवात की टक्कर के वक्त 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती है, जो झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है. इस तूफान से भारी तबाही मचने की आशंका है.
इस चक्रवात का असर सिर्फ आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा. तूफान की वजह से तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा है. आईएमडी के मुताबिक, चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत में सर्दी और कोहरे ने दस्तक तेज कर दी है. दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार सुबह घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है. वहीं बिहार और झारखंड में भी सप्ताह के दूसरे हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.
बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा चक्रवाती सिस्टम
IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना गहरा अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. 16 नवंबर की सुबह यह चेन्नई से करीब 700 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 800 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 910 किलोमीटर दक्षिण में था.
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार शाम तक यह सिस्टम चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और मंगलवार 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है. इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और ताकतवर हो सकता है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर की दोपहर तक यह आंध्र प्रदेश और यानम के तट के बीच नेल्लोर और तुनी के आसपास बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में दस्तक दे सकता है. उस समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है.
इन जगहों पर भारी बारिश का खतरा
इस चक्रवात का असर तमिलनाडु में भी दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग ने 17 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में मंगलवार को तेज बारिश हो सकती है. वहीं तमिलनाडु के कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जिलों में भी 17 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 18 और 19 नवंबर को इन तीनों जिलों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है.
आंध्र प्रदेश में 145 KM तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
इस चक्रवात का सबसे बड़ा खतरा आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों पर मंडरा रहा है. 17 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं 18 नवंबर को तेज आंधी और थंडरस्क्वॉल की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, 19 नवंबर की रात से 20 नवंबर की दोपहर तक तट के आसपास हवाएं 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इनके झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. इस दौरान समुद्र की स्थिति भी बेहद खराब रहने की आशंका है. मछुआरों को 20 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
ओडिशा, बंगाल और झारखंड में भी बिगड़ेगा मौसम
चक्रवाती सिस्टम का असर पूर्वी भारत के राज्यों में भी पहुंच सकता है. ओडिशा में 18 नवंबर से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने का अनुमान है. वहीं 19 और 20 नवंबर को गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इनके झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
आईएमडी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी सप्ताह के दूसरे हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. झारखंड में 20 और 21 नवंबर को बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है. बिहार में 17 नवंबर को बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन 20 से 22 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
दिल्ली-NCR में सुबह कोहरा, रात में गिरेगा तापमान
एक तरफ दक्षिण भारत में जहां चक्रवात और बारिश का खतरा है, वहीं दिल्ली-NCR में सर्दी और कोहरे का असर बढ़ने वाला है. IMD के मुताबिक, मंगलवार 17 नवंबर को राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. हालांकि, सुबह के समय अधिकांश इलाकों में धुंध या हल्का कोहरा छाया रह सकता है. कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है.
तापमान की बात करें तो दिल्ली में अगले 48 घंटों के दौरान रात के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटों तक बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद इसमें भी 2 से 3 डिग्री की कमी हो सकती है. यानी दिन के मुकाबले रात और सुबह की ठंड ज्यादा महसूस होने लगेगी.
UP में भी घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर को सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. IMD ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 से 18 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. 16 नवंबर को दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई थी.
बिहार-झारखंड में अभी राहत, 20 नवंबर से बढ़ सकती है बारिश
बिहार में 17 नवंबर को भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं. हालांकि, 20 से 22 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती सिस्टम पूर्वी भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है. ऐसे में सप्ताह के दूसरे हिस्से में बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
झारखंड में भी मंगलवार को बारिश की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है. लेकिन 20 और 21 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है.
बंगाल की खाड़ी में गहरे अवदाब के चक्रवाती तूफान में बदलने के साथ समुद्र की स्थिति लगातार खराब होने की आशंका है. आईएमडी ने दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 17 नवंबर तक, दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर तक और मध्य बंगाल की खाड़ी में 20 नवंबर तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में भी 19 और 20 नवंबर को समुद्र में जाने से बचने को कहा गया है.