Last Updated:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस में हुए विभाजन के बाद से दोनों धड़ों के बीच पार्टी के मूल नाम ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ और चुनाव चिह्न ‘फूल और घास’ पर अधिकार को लेकर विवाद चल रहा है. निर्वाचन आयोग ने फिलहाल दोनों को फ्रीज कर दिया है.
रितब्रत बनर्जी का एक्स अकाउंट संस्पेंड कर दिया गया है.
कोलकाता. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी राजनीतिक खींचतान के बीच पार्टी के बागी लेकिन बहुमत वाले धड़े डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस (डीटीसी) का एक्स अकाउंट सोमवार सुबह से निलंबित कर दिया गया है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले इस धड़े ने इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाले विरोधी गुट को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, ममता गुट ने इन आरोपों को खारिज किया है.
डीटीसी के एक्स हैंडल ‘@AITCofficial26’ को खोलने पर फिलहाल ‘अकाउंट सस्पेंडेड’ का संदेश दिखाई दे रहा है. एक्स की ओर से दिए गए संदेश में कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले खातों को निलंबित किया जाता है. हालांकि, इस अकाउंट को निलंबित किए जाने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.
डीटीसी नेतृत्व का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के अल्पमत वाले धड़े ने एक्स अधिकारियों से शिकायत कर उसका अकाउंट निलंबित कराया है. इस धड़े का नेतृत्व ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी कर रहे हैं, जिसे अब आधिकारिक तौर पर ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एमएआईटीसी) के नाम से जाना जाता है.
डीटीसी के प्रवक्ता रिजु दत्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर दोनों धड़ों के बीच अभी तक कोई समझौता नहीं हुआ है. ऐसे में विरोधी गुट ने रिपोर्ट दर्ज कराकर उनका एक्स अकाउंट निलंबित करा दिया. उन्होंने कहा कि अकाउंट को सभी जानकारियों के साथ बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा.
वहीं, एमएआईटीसी के नेता और विधायक ए. अहमद ने डीटीसी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि डीटीसी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विस्तारित शाखा की तरह काम कर रही है. यदि उसे लगता है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है तो उसे किसी भी जांच एजेंसी से मामले की जांच करानी चाहिए और तथ्यों का पता लगाना चाहिए.
विभाजन के बाद ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने पार्टी का मूल एक्स हैंडल ‘@AITCofficial’ अपने पास रखा था, जबकि रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले धड़े ने इसके समान नाम से ‘@AITCofficial26’ अकाउंट बनाया था. दोनों गुटों के बीच निर्वाचन आयोग को सौंपे जाने वाले हलफनामे और अन्य दस्तावेजों को लेकर भी आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. दोनों एक-दूसरे पर मूल पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर अपना दावा मजबूत करने के लिए जरूरी दस्तावेज हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगा चुके हैं. ऐसे में एक्स अकाउंट का निलंबन दोनों धड़ों के बीच जारी टकराव को और बढ़ा सकता है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login