राखी का रिश्ता भी हारा! बहन ने भाई की मौत के बाद आने से किया इनकार, वीडियो कॉल पर देखा ही अंतिम संस्कार

राखी का रिश्ता भी हारा! बहन ने भाई की मौत के बाद आने से किया इनकार, वीडियो कॉल पर देखा ही अंतिम संस्कार


Last Updated:

पानीपत में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक बहन ने अपने इकलौते भाई गया प्रसाद की मौत के बाद अंतिम संस्कार में आने से मना कर दिया और वीडियो कॉल पर संस्कार दिखाने को कहा. संस्था ने टिकट देने का भ

Zoom

पानीपत. कलियुग में रिश्तों की अहमियत और मानवीय संवेदनाएं बेहद कमजोर होती जा रही हैं. इसकी एक और शर्मनाक तस्वीर हरियाणा के पानीपत से आई है. बहन ने अपने इकलौते भाई की मौत के बाद अंतिम संस्कार करने के लिए इनकार कर दिया. अब भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और राखी के बंधन पर सवाल खड़े करने वाली इस घटना ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है.

जानकारी के अनुसार,  उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के 35 वर्षीय गया प्रसाद पानीपत के एचएसआईआईडीसी सेक्टर-25 पार्ट-2 में एक फैक्ट्री में काम करता था. चांदनी बाग थाना क्षेत्र में आने वाली फैक्ट्री में काम करने वाले गया प्रसाद की मौत के बाद पुलिस ने उसका शव जन सेवा दल को सौंपा, ताकि संस्था उसके परिजनों से संपर्क कर अंतिम संस्कार की व्यवस्था कर सके. संस्था के प्रधान चमन गुलाटी ने मृतक के परिवार से संपर्क किया तो उसकी बहन मालती से बातचीत हुई. उसे बार-बार पानीपत आकर भाई का अंतिम संस्कार करने के लिए कहा गया. संस्था की ओर से आने-जाने की टिकट का खर्च उठाने का भरोसा भी दिया गया, लेकिन बहन ने आने में असमर्थता जताई.

चमन गुलाटी के अनुसार, बहन ने अंत में कहा कि वे भाई का अंतिम संस्कार कर दें और उसे वीडियो कॉल के माध्यम से लाइव दिखा दें. इसके बाद उन्होंने बहन को बताया कि फैक्ट्री में उसके भाई का एक बैग रखा है, जिसमें 50 हजार रुपये हैं और फैक्ट्री मालिक पैसे नहीं दे रहा है. यह सुनकर बहन ने तत्काल आने की हामी भरने के बजाय एक घंटे का समय मांगा. एक घंटे बाद भी उसने पानीपत आने से इनकार कर दिया और भाई का अंतिम संस्कार कर वीडियो दिखाने की बात दोहरा दी. चमन गुलाटी ने इस बातचीत को रिश्तों में आई संवेदनहीनता का उदाहरण बताया.

चमन गुलाटी ने कहा कि जिस बहन की लंबी उम्र और सुरक्षा के लिए भाई राखी बंधवाता है, उसी बहन का भाई की मौत पर अंतिम संस्कार के लिए नहीं पहुंचना बेहद दुखद है. उन्होंने कहा कि आज समाज में संस्कारों और मानवीय संवेदनाओं की कमी दिखाई दे रही है. परिवार के रिश्ते कमजोर हो रहे हैं और लोग अपने सामाजिक दायित्वों से भी पीछे हट रहे हैं.

उन्होंने चिंता जताई कि आज एक ही घर में परिवार के सदस्य मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं. पहले बुजुर्गों के साथ बैठकर खाना खाने और समय बिताने से बच्चों को संस्कार मिलते थे, लेकिन अब पारिवारिक संवाद और अपनापन कम होता जा रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि इस घटना से सबक लें और मुश्किल समय में अपने परिवार तथा रिश्तेदारों का साथ न छोड़ें.

सोनीपत का मामला रहा था चर्चित

बीते कुछ माह पहले सोनीपत में बेटियों ने पिता के अंतिम संस्कार में आने से इंकार कर दिया था और वीडियो कॉल पर संस्कार देखा था. तीन बेटियों के पिता की अनाथ आश्रम में मौत हो गई थी औऱ संचालकों ने ही उनका संस्कार किया था.



Source link