कांगड़ा. हिमाचल प्रदेश में शिमला मटौर फोरलेन का निर्माण कार्य अभी अधूरा है. लेकिन कांगड़ा जिले के रानीताल में घट्टा टोल प्लाज में 45 दिन में ही टोल टैक्स में भारी इजाफा किया गया है. 45 दिन में करीब चार गुणा इजाफा किया गया है. हालांकि, लगातार चंगर क्षेत्र के लोग टोल टैक्स में बढ़ौतरी का विरोध कर रहे हैं और बैरियर को यहां से शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, बीते साल जब रानीताल में फोरलेन पर मटौर-कछियारी हिस्से पर घट्टा टोल प्लाजा स्थापित किया गया था तो 25 रुपये एंट्री टैक्स रखा गया था. 24 घंटे में आवाजाही के 35 रुपये लगते थे. लेकिन 1 नवंबर से टोल टैक्स 65 रुपये कर दिया गया और 24 घंटे में आवाजाही की फीस 100 रुपये कर दी गई. हालांकि, इस पर टोल के आसपास के गांवों के लोगों ने इसका विरोध जताया और फिर हाईवे पर जाम भी लगाया था.
नई दरों के अनुसार कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों का एकतरफा टोल शुल्क 65 रुपये से बढ़ाकर 95 रुपये कर दिया गया है. 24 घंटे के अंदर दो तरफा आवाजाही पर अब 145 रुपये चुकाने होंगे. हल्के व्यावसायिक वाहन, हल्के मालवाहक वाहन और मिनी बस का एकतरफा शुल्क 155 रुपये, दोनों तरफ का 235 रुपये और मासिक पास 5180 रुपये होगा. दो एक्सल वाली बस और ट्रक के लिए एकतरफा शुल्क 325 रुपये, दोनों तरफ का 490 रुपये और मासिक पास 10,855 रुपये चुकाना होगा.
रानीताल में फोरलेन पर मटौर-कछियारी हिस्से पर घट्टा टोल प्लाजा है.
तीन एक्सल वाले व्यावसायिक वाहनों को अब एक तरफ के 355 रुपये और दोनों तरफ के 535 रुपये देने होंगे. इनका मासिक पास 11,840 रुपये होगा. इसी तरह भारी निर्माण मशीनरी, अर्थ मूविंग उपकरण और चार से छह एक्सल वाले मल्टी एक्सल वाहनों का एकतरफा शुल्क 510 रुपये, दोनों तरफ का 765 रुपये और मासिक पास 17,020 रुपये कर दिया गया है. सात और इससे अधिक एक्सल वाले वाहनों के लिए एकतरफा शुल्क 620 रुपये, दोनों तरफ का 930 रुपये और मासिक पास 20,720 रुपये निर्धारित किया गया है.
टोल प्लाजा शिफ्ट करने की मांग तेज
घट्टा टोल प्लाजा को शिफ्ट करने की मांग को लेकर कांगड़ा से सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें विधायक पवन काजल, एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग, 15 पंचायतों के प्रतिनिधि, टोल संघर्ष समिति और ट्रांसपोर्टर शामिल हुए. हालांकि, एनएचआई की तरफ से मीटिंग में कोई नहीं आया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल दरों में लगातार बढ़ोतरी से उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है. टोल प्लाजा को शिफ्ट करने की मांग को लेकर क्षेत्र में विरोध भी तेज हो रहा है. गौरतलब है कि शिमला मटौर फोरलेन का निर्माण अभी अधूरा है.