‘इन्हीं लोगों ने देश को बनाया है’, छठ पूजा में शामिल हुए सोनू सूद, यूपी-बिहार के लोगों की तारीफ

‘इन्हीं लोगों ने देश को बनाया है’, छठ पूजा में शामिल हुए सोनू सूद, यूपी-बिहार के लोगों की तारीफ


नई दिल्ली: छठ पूजा के मौके पर देशभर में रौनक देखने को मिल रही है. मुंबई से लेकर लखनऊ तक इस त्योहार को पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद भी मुंबई के जुहू बीच पर आयोजित छठ पूजा समारोह में पहुंचे. यहां उन्होंने यूपी और बिहार के लोगों की जमकर तारीफ की. सोनू ने कहा कि इन्हीं लोगों ने देश को बनाया है.

इनकी वजह से ही कई काम चलते हैं. वहीं, लखनऊ में मशहूर लोक गायिका मालिनी अवस्थी भी छठ पूजा के रंग में रंगी नजर आईं.

सोनू सूद ने यूपी-बिहार के लोगों की तारीफ

मुंबई के जुहू बीच पर आयोजित छठ पूजा समारोह में सोनू सूद के साथ एक्टर शेखर सुमन और कार्यक्रम के आयोजक संजय निरुपम भी मौजूद थे. इस दौरान सोनू ने मीडिया से बातचीत की और सभी को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि संजय निरुपम के साथ उनका 20-25 साल पुराना रिश्ता है. ऐसे में जब वह यहां यूपी और बिहार के इतने सारे भाई-बहनों को एक साथ देखते हैं, तो उन्हें बहुत गर्व महसूस होता है. एक्टर ने कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने हमारे देश को बनाया है.

इन्हीं की वजह से हमारे काम चलते हैं. छठी मैया के इस खास दिन पर उनके बीच आकर सोनू को बहुत अच्छा लग रहा है. उन्होंने कहा कि वह दिल से छठी मैया से प्रार्थना करेंगे कि सभी लोग खुश रहें और उनके जीवन में सुख बना रहे.

मालिनी अवस्थी ने बताई 43 साल पुरानी परंपरा

वहीं, लखनऊ में गायिका मालिनी अवस्थी ने भी छठ पूजा समारोह में हिस्सा लिया. उन्होंने इस दौरान पूर्वांचल समाज की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की पुरानी परंपरा के बारे में बताया. मालिनी ने कहा कि यह उत्सव पिछले 43 सालों से मनाया जा रहा है. वह खुद पिछले 25 सालों से इस कार्यक्रम में परफॉर्म करने आ रही हैं. गायिका ने कहा कि छठी मैया की कृपा है कि लखनऊ में हर साल इतना भव्य उत्सव आयोजित होता है. उन्होंने बताया कि छठ के समय अगर वह कहीं और परफॉर्म करने चली जाती हैं, तो लखनऊ नहीं आ पातीं. इसलिए जब भी वह इस दौरान खाली रहती हैं, तो यहां जरूर आती हैं. उनके लिए इस कार्यक्रम का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है.

 माहौल को देखकर खुश हुईं गायिका

मालिनी अवस्थी ने लखनऊ के छठ उत्सव की तारीफ करते हुए गोमती नदी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस समय नदी साफ-सुथरी और खूबसूरती से सजी हुई है. उनके मुताबिक, लखनऊ भले ही अवध का हिस्सा है, लेकिन यहां पूर्वांचल समाज की बड़ी आबादी रहती है. छठ के मौके पर पूरा शहर पूरब के रंग में रंगा नजर आता है.

गायिका ने कहा कि इस माहौल को देखकर उन्हें बहुत खुशी और उत्साह महसूस हो रहा है. छठ पूजा के मौके पर मुंबई में सोनू सूद और लखनऊ में मालिनी अवस्थी की मौजूदगी ने इस त्योहार की रौनक को और खास बना दिया. दोनों ने इस पर्व से जुड़े लोगों और उनकी परंपराओं के प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया.





Source link