Last Updated:
JKSSB Exam 2026: जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे करीब 1.62 लाख युवाओं के बीच उस वक्त हलचल मच गई जब JKSSB की फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा में नकल कराने की कथित साजिश का खुलासा हुआ. पुलिस ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही वायरलेस डिवाइस के जरिए उम्मीदवारों तक जवाब पहुंचाने की तैयारी कर रहे 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस भर्ती में केवल 600 पद हैं यानी हर एक सीट के लिए करीब 270 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला था. अब तीन FIR दर्ज होने के बाद SIT पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.
JKSSB Finance Accounts Assistant Exam 2026: जम्मू कश्मीर भर्ती में नकल कराने वाले अरेस्ट.
JKSSB Exam 2026: जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरी पाने के लिए लाखों युवा मेहनत कर रहे हैं लेकिन इसी कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एक भर्ती परीक्षा में नकल कराने की बड़ी साजिश सामने आई है. जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) की फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा में कथित तौर पर वायरलेस डिवाइस के जरिए उम्मीदवारों तक उत्तर पहुंचाने की तैयारी थी. जम्मू पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए इस रैकेट से जुड़े 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से वायरलेस रेडियो सेट समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं.
इस मामले ने परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि इस भर्ती के तहत सिर्फ 600 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी जबकि इसमें शामिल होने के लिए 1,61,961 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था यानी हर एक पद के लिए करीब 270 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला था. पुलिस ने मामले की गहराई से जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि नकल कराने का नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर फैला था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी.
परीक्षा शुरू होने से पहले पुलिस ने कैसे पकड़ा नकल का नेटवर्क?
पुलिस के अनुसार उसे विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी कि एक समूह शनिवार को होने वाली फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा में कुछ उम्मीदवारों को गलत तरीके से मदद पहुंचाने की योजना बना रहा है. सूचना मिलने के बाद जम्मू पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास निगरानी बढ़ा दी और अलग-अलग टीमें तैनात कर दीं.पुलिस टीमों ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही जम्मू के कई चिन्हित परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया. इस कार्रवाई में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया. शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर वायरलेस संचार उपकरणों की मदद से परीक्षा हॉल में बैठे उम्मीदवारों तक उत्तर पहुंचाने की तैयारी में थे.पुलिस ने आरोपियों के पास से वायरलेस रेडियो सेट सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं. आशंका है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल परीक्षा के दौरान बाहर मौजूद लोगों और परीक्षा केंद्र के अंदर बैठे उम्मीदवारों के बीच संपर्क बनाने के लिए किया जाना था हालांकि इस पूरे तरीके और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
तीन FIR, SIT करेगी पूरे नेटवर्क की जांच
इस मामले में जम्मू के डोमाना पुलिस स्टेशन में तीन अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं. पुलिस ने कथित नकल रैकेट की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT का गठन किया है.SIT की जांच का दायरा सिर्फ गिरफ्तार किए गए 14 लोगों तक सीमित नहीं रहेगा. टीम यह पता लगाएगी कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे किन उम्मीदवारों को इससे फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी और क्या परीक्षा केंद्रों के अंदर भी इस साजिश से जुड़े लोग मौजूद थे. इसके अलावा जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कहां से खरीदे या हासिल किए गए. उनका इस्तेमाल किस तरह किया जाना था और इस पूरे नेटवर्क को चलाने में किसकी क्या भूमिका थी, इसकी भी जांच होगी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कथित रैकेट केवल कुछ परीक्षा केंद्रों तक सीमित था या जम्मू-कश्मीर के दूसरे केंद्रों तक भी इसका नेटवर्क फैला हुआ था.पुलिस ने साफ किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.