कानपुर के घाटमपुर में डाकघर के नाम पर लोगों की जमा पूंजी के साथ बड़े पैमाने पर हेराफेरी का मामला सामने आया है. गांव के लोग सालों तक पोस्ट ऑफिस की अलग-अलग बचत योजनाओं में रुपए डिपॉजिट कराते रहे, लेकिन जब रकम निकालने या पॉलिसी मैच्योर होने का समय आया तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर खाते में रकम ही मौजूद नहीं है. कुछ ऐसे मामलों में तो खाताधारकों को यह जानकारी मिली कि उनके नाम से पोस्ट ऑफिस में खाता तक नहीं खोला गया था. मामले में अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों की आधिकारिक शिकायतें सामने आने की जानकारी है. आशंका है कि इस कथित घोटाले की जद में अभी और भी लोग हो सकते हैं.
इस मामले में पुलिस ने घाटमपुर उपडाकघर के डाक सहायक शिवम सचान, तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया है. दोनों पर डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं में लोगों से जमा कराई गई रकम का गबन करने का आरोप है. विभागीय जांच में दोनों की भूमिका सामने आने के बाद घाटमपुर थाने में 2 एफआईआर दर्ज कराई गई थीं. रविवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
सालों तक जमा कराते रहे पैसा, मैच्योरिटी पर खुली पोल
इस मामले में गंभीर पहलू यह है कि लोग लंबे समय से पोस्ट ऑफिस की योजनाओं में अपनी बचत जमा करा रहे थे. उन्हें भरोसा था कि तय अवधि पूरी होने पर उनकी रकम ब्याज समेत वापस मिल जाएगी. लेकिन जब कुछ लोगों ने मैच्योरिटी के बाद भुगतान के लिए संपर्क किया तो जमा रकम का रिकॉर्ड नहीं मिला. कई मामलों में खातों के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े हो गए.
इस मामले में अब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों की शिकायतें सामने आ चुकी हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि यह गड़बड़ी केवल कुछ खातों तक सीमित नहीं है और बड़ी संख्या में ग्रामीण इसकी चपेट में आ सकते हैं. जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लोगों से रुपए लेने के बाद उसे विभागीय खातों में जमा कराया भी गया था या नहीं.
एक की यूजर आईडी से निकली रकम, दूसरे ने किया सत्यापन
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि घाटमपुर उपडाकघर में अलग-अलग बचत योजनाओं के तहत जमा लोगों की रकम में करोड़ों रुपये की अनियमितता सामने आई है. विभागीय जांच में डाक सहायक शिवम सचान, तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा की भूमिका उजागर हुई.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देश पर 3 सदस्य टीम लगाई गई जांच में सामने आया कि खातों से रकम निकालने के लिए शिवम सचान की यूजर आईडी का इस्तेमाल किया गया, जबकि लेनदेन के सत्यापन में राकेश कुमार मिश्रा की सुपरवाइजरी यूजर आईडी का उपयोग हुआ. आरोप है कि दोनों ने अपने पद और विभागीय अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए खातों से रकम निकाली.
दिवंगत दंपती के खाते से भी निकाले 7.13 लाख
मामले की जांच खाताधारक आकांक्षा चौरसिया की शिकायत के बाद शुरू हुई थी. उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता जितेंद्र कुमार चौरसिया और अर्चना चौरसिया के संयुक्त बचत खाते से उनकी मृत्यु के बाद रकम निकाले जाने की शिकायत की थी. जांच में पता चला कि 23 जनवरी 2025 को खाते से 4 लाख 15 हजार रुपये और 28 मई 2025 को 2 लाख 98 हजार रुपये निकाले गए. इस तरह दोनों लेनदेन के जरिए कुल 7 लाख 13 हजार रुपये निकाले गए. रिकॉर्ड की जांच में इन निकासियों के लिए शिवम सचान और राकेश कुमार मिश्रा की यूजर आईडी का इस्तेमाल सामने आया.
विभागीय जांच में दोषी मिलने पर हुए थे सस्पेंड
डाक विभाग की आंतरिक जांच में दोनों कर्मचारियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था. इसके बाद कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार ने घाटमपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम की, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने गबन में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. रविवार को गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस पूरे खेल में कितने खाताधारकों की रकम प्रभावित हुई और अब तक कुल कितने रुपये का गबन किया गया है.