बिलासपुर. हिमाचल प्रदेश में पहला डंकी फार्म खुला है. कंदरौर के संजीव ठाकुर ने पारंपरिक डेयरी कारोबार में यह स्टार्ट अप शुरू किया है. फिलहाल, उन्होंने 12 गधे खरीदें और आने वाले समय में गधों की संख्या 25 की जाएगी. गौर रहे कि बाजार में गधी का दूथ 7 हजार रुपये प्रति लीटर तक बिकता है.
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कंदरौर में डेयरी कॉन्क्लेव-2026 के तहत डेयरिका फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से स्थापित हिमाचल प्रदेश के पहले डंकी फार्म (Donkey Farm) का शुभारंभ किया.
मंत्री धर्माणी उन्होंने कहा कि गधी पालन और गधी के दूध के उत्पादन पर आधारित यह अपने किस्म का अनूठा स्टार्टअप है, जिसमें भविष्य में स्वरोजगार और व्यावसायिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं. हालांकि, इस क्षेत्र में अभी काफी शोध और वैज्ञानिक अध्ययन किए जाने की आवश्यकता है.
डंकी फार्म के संस्थापक संजीव सिंह ठाकुर और सीरत तूर ने स्थापित किया है.
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गधी के दूध की मांग विशेष रूप से फार्मास्युटिकल और स्किन केयर उद्योग में है. गधे के दूध में लैक्टोज, व्हे प्रोटीन तथा लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक घटक पाए जाते हैं, जिसके कारण इसे विशेष उत्पाद के रूप में देखा जाता है. कई देशों में इसका उपयोग सौंदर्य प्रसाधन और अन्य विशेष उत्पादों के निर्माण में किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में वैज्ञानिक शोध, गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण और बाजार की संभावनाओं का अध्ययन करना आवश्यक है, ताकि हिमाचल प्रदेश में इस नई पहल को व्यावसायिक रूप से आगे बढ़ाया जा सके.
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है. सरकार पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर विपणन व्यवस्था तथा नवाचार को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सकें.
- गधी के दूध में गाय या भैंस के दूध की तुलना में कम कैसीन प्रोटीन और कम वसा होती है और यह आसानी से पचता है.
- गधी के दूध में लाइसोसोम, लैक्टोफेरिन और प्राकृतिक प्रोबायोटिक्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर करता है.
- जिन लोगों को गाय या भैंस के दूध से एलर्जी होती है, उनके लिए इसे एक बेहतर और सुरक्षित विकल्प है.
- गधी के दूध में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन ए और विटामिन डी त्वचा को पोषण देते हैं, झुर्रियों को कम करते हैं और निखार लाते हैं. इसका उपयोग स्किन क्रीम और साबुन बनाने में भी होता है.
- बच्चों और वयस्कों में खांसी, सर्दी, दमा (अस्थमा), ब्रोंकाइटिस और कफ जैसी समस्याओं में गधी के दूध से राहत मिलती है
- कुछ अध्ययनों के अनुसार, यह ब्लड शुगर को भी कंट्रोल करता है.
डंकी फार्म के संस्थापक संजीव सिंह ठाकुर और सीरत तूर ने स्थापित किया है. संजीव ठाकुर ने बताया कि कंपनी दुग्ध उत्पादन और संग्रहण के क्षेत्र में कार्य कर रही है. वर्तमान में प्रतिदिन 2,700 लीटर से अधिक दूध एकत्रित कर रही है तथा आसपास के क्षेत्रों के पशुपालकों को भी अपने साथ जोड़कर उनके दूध के विपणन में सहयोग कर रही है. इससे स्थानीय पशुपालकों को अपने उत्पाद का बाजार उपलब्ध करवाने और उनकी आय बढ़ाने में सहायता मिल रही है.
सात हजार रुपये लीटर बिकता है गधी का दूध
गधी का दूध सामान्य तौर पर पांच से सात हजार रुपये प्रति लीटर तक बिकता है. दूध से तैयार पाउडर की कीमत गुणवत्ता और बाजार के अनुसार 20 हजार से 80 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है. कम उत्पादन और सीमित उपलब्धता के कारण यह दूध सामान्य डेयरी उत्पादों की तरह आसानी से बाजार में नहीं मिलता. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग और कीमत दोनों अधिक बताई जाती हैं.
शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कंदरौर में डंकी फार्म का शुभारंभ किया.
कॉस्मेटिक से लेकर फार्मास्युटिकल उद्योग तक है मांग
गधी के दूध का इस्तेमाल केवल पीने तक सीमित नहीं है. इसका उपयोग प्रीमियम कॉस्मेटिक और स्किन केयर उत्पाद बनाने में भी किया जाता है. कई देशों में इससे साबुन, मॉइस्चराइजर, लोशन और एंटी-एजिंग उत्पाद तैयार किए जाते हैं. इसके अलावा विशेष पोषण उत्पादों और फार्मास्युटिकल उद्योग में भी इसके उपयोग की संभावनाएं बताई जाती हैं. इसमें लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक घटक पाए जाते हैं, जो इसे पोषण और शोध के लिहाज से अलग पहचान देते हैं.
गधी का दूध सामान्य तौर पर पांच से सात हजार रुपये प्रति लीटर तक बिकता है.
हिमाचल में गाय के दूध की कीमत
हिमाचल में गाय के दूध का खरीद मूल्य 51 रूपए से बढ़ाकर 61 रूपए प्रति लीटर तथा भैंस के दूध का खरीद मूल्य 61 रूपए से बढ़ाकर 71 रूपए प्रति लीटर किया गया है. इसके अतिरिक्त प्रमाणित डेयरी से ए-2 दूध के लिए 100 रूपए प्रति लीटर खरीद मूल्य निर्धारित किया गया है. इन निर्णयों से पशुपालकों को उनके दूध का बेहतर मूल्य उपलब्ध करवाने में मदद मिल रही है.