लखनऊः बात जब सियासत की होगी तो बात होगी उत्तर प्रदेश की राजनीति की और जब उत्तर प्रदेश की राजनीति की बात होगी तो चर्चा होगी जात-पात की. जात-पात यानी कि भूमिहार, ब्राह्मण, ठाकुर, कुर्मी, यादव, जाटव, गैर जाटव, जाट, गुर्जर सहित उन तमाम जातियों की जो यूपी में हैं. क्योंकि यूपी में एक समीकरण जो है, वो सबसे परफेक्ट है और वह है जातीय समीकरण. इसको जिसने साध लिया, वह समूचे यूपी में राज करता है. ऐसा ही एक समीकरण है सुरक्षित सीटों का. वैसे तो कहा जाता है कि दिल्ली की सत्ता का रास्ता यूपी से होकर जाता है. लेकिन यूपी की सत्ता का जो रास्ता है, वो इन सुरक्षित सीटों से जाता है. अब सवाल है कि ऐसा क्या जादू है इन सुरक्षित सीटों का, तो आइए जानते हैं…
यूपी की सुरक्षित सीटों की कहानी क्या है
दरअसल, उत्तर प्रदेश में कुल 86 सुरक्षित सीटें हैं, जिनका जादू चुनावी इतिहासों में छिपा हुआ है. यूपी की राजनीति में वही दल सत्ता में आया है, जिसने सुरक्षित सीटों पर अच्छा प्रदर्शन किया है. 2007 से लेकर 2022 तक जिस भी दल ने सुरक्षित सीटों पर अपना वर्चस्व कायम किया है. वहीं सत्ता की कुर्सी पर काबिज हुआ है. यही वजह है कि सपा ने अपनी रणनीति का एक बड़ा केंद्र अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीटों को बनाया है. वैसे तो पॉलिटिकल एक्सपर्ट्स का कहना है कि इन आरक्षित सीटों पर केवल दलित वोटों का प्रतिनिधित्व नहीं करता बल्कि इन सीटों पर ओबीसी, सर्वण और मुस्लिम वोटों का भी प्रभाव होता है.
कैसा रहा इन 86 सुरक्षित सीटों का जादू अबतक
साल 2007 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो उस वक्त अनुसूचित जाति के लिए 89 सीटें आरक्षित थीं, तब बसपा ने कुल 61 सीटों पर जीत हासिल की थी. वहीं सपा को 13, भारतीय जनता पार्टी को 7, कांग्रेस को 5, आरएलडी, राष्ट्रीय स्वाभिमान पार्टी और निर्दलीय को एक-एक सीट मिली थी. बसपा ने 69 प्रतिशत सुरक्षित सीटों पर जीत दर्ज कर प्रदेश की सत्ता पर कब्जा किया था और पांच साल तक सरकार चलाई.
2012 में सपा का चला था जादू
साल 2012 विधानसभा चुनाव की बात करें तो तब कुल 85 सीटें अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित थीं. इसमें से समाजवादी पार्टी ने 58 सीटों पर जीत हासिल की थी. वहीं बसपा को 15, कांग्रेस को 4, बीजेपी को 3, आरएलडी को 3 और निर्दलीय को 2 सीट मिली थी. सपा ने इस चुनाव में आरक्षित वर्ग की 68 फीसदी सीटों पर जीत हासिल की थी और अकेले के दम पर सरकार बनाई थी.
2017 में बीजेपी ने किया था कमाल
साल 2017 विधानसभा चुनाव की बात करें तो उस वक्त आरक्षित सीटों की संख्या 86 थी. भारतीय जनता पार्टी ने इनमें से 70 सीटों पर जीत हासिल की थी. बीजेपी ने एससी वर्ग के 69 और एसटी वर्ग की एक सीट जीती थी. वहीं सपा ने 7, बसपा ने 2 और 1 सीट निर्दलीय जीती थी. इसके अलावा अपना दल (एस) ने 3 सीटें जीती थीं. इनमें से दो एससी और एक एसटी वर्ग के लिए आरक्षित थी. वहीं सुभासपा ने 3 सीटों पर जीत हासिल की थी.
2022 में भी भाजपा का खिला था कमल
इसके अलावा 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 65 सुरक्षित सीटों पर जीत हासिल की थी. जबकि समाजवादी पार्टी को 20 सीटें मिली थीं. वहीं बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी.