दिल्ली: युद्ध के मैदान में सैनिकों के सामने दुश्मन की गोलियों के साथ-साथ जमीन में छिपी बारूदी सुरंगों का खतरा भी बना रहता है. कई बार मौसम, बारिश और जमीन में बदलाव के कारण बारूदी सुरंगें अपनी जगह से खिसक जाती हैं. ऐसे में सैनिकों के लिए यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि जमीन के किस हिस्से में माइन बिछी हुई है. इसी खतरे को कम करने और सैनिकों के पैरों को सुरक्षित रखने के लिए IIT दिल्ली ने खास एंटी-माइन बूट तैयार किए हैं. इन बूट्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि बारूदी सुरंग में विस्फोट होने की स्थिति में सैनिकों के पैरों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके.
IIT दिल्ली के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. विवेक के मुताबिक, इन बूट्स को तैयार करने के पीछे मुख्य उद्देश्य सैनिकों की सुरक्षा के साथ उनकी आवाजाही को आसान बनाना है. इन पर साल 2018 से काम किया जा रहा है. पहले जहां इन बूट्स का वजन करीब 2.8 किलो था. वहीं, अब इसे घटाकर 2.2 किलो कर दिया गया है. इसके अलावा इनकी मोटाई भी करीब 90 मिलीमीटर से घटाकर 70 मिलीमीटर की गई है.
जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है तैयार
डॉ. विवेक बताते हैं कि माइन से सुरक्षा देने वाले बूट्स की जरूरत अलग-अलग परिस्थितियों में होती है. एक तरह के बूट प्लेटफॉर्म टेक्नोलॉजी के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं. जहां सैनिकों को किसी संभावित खतरे के बीच सुरक्षित रखने की जरूरत होती है. वहीं, दूसरी तरह के बूट खासतौर पर इन्फैंट्री यानी पैदल चलकर ऑपरेशन करने वाले सैनिकों के लिए होते हैं. जब सैनिक किसी ऐसे इलाके में आगे बढ़ते हैं. जहां बारूदी सुरंगें होने की आशंका होती है, तब इन बूट्स की जरूरत पड़ती है.
कई बार जमीन में दबाई गई माइन बारिश या दूसरी प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण अपनी जगह से हट जाती हैं. ऐसे में सैनिकों के अनजाने में उन पर पैर पड़ने का खतरा रहता है. विस्फोट होने पर पैर गंभीर रूप से घायल हो सकता है, जिससे सैनिक को सेना में अपनी सक्रिय भूमिका छोड़कर डेस्क या दूसरे कार्यालयी काम करने पड़ सकते हैं. इस तकनीक का मकसद ऐसी चोटों और सैनिकों के नुकसान को कम करना है.
मल्टी-लेयर तकनीक से लैस हैं ये खास बूट
इन एंटी-माइन बूट्स को कई परतों से तैयार किया गया है. इनमें बैलिस्टिक मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है, जो विस्फोट से पैदा होने वाली ऊर्जा को अलग-अलग हिस्सों में बांटने में मदद करता है. इसके अलावा ऊर्जा को सोखने के लिए सिरेमिक हनीकॉम्ब और एल्युमिनियम फोम जैसे मटेरियल लगाए गए हैं. बूट में केवलर फेल्ट और केवलर का भी इस्तेमाल किया गया है, जो विस्फोट के दौरान निकलने वाले टुकड़ों से सुरक्षा देने में मदद करते हैं.
डॉ. विवेक के अनुसार, विस्फोट होने की स्थिति में बूट की कुछ परतें खुद नुकसान झेल सकती हैं, लेकिन उनका उद्देश्य सैनिक के पैर को बचाना है. यानी बूट की बनावट इस तरह रखी गई है कि विस्फोट की ऊर्जा का असर सीधे सैनिक के पैर तक न पहुंचे और चोट की गंभीरता को कम किया जा सके.
वजन और मोटाई कम करने पर खास काम
एंटी-माइन बूट्स में सुरक्षा के साथ वजन भी एक बड़ी चुनौती है. अगर जूते बहुत भारी और मोटे होंगे तो सैनिकों को चलने, दौड़ने और ऑपरेशन के दौरान तेजी से आगे बढ़ने में परेशानी हो सकती है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए IIT दिल्ली की टीम ने इनका वजन और मोटाई कम करने पर काम किया है. पहले इनका वजन करीब 2.8 किलो था, जिसे घटाकर 2.2 किलो किया गया है. वहीं, मोटाई 90 मिलीमीटर से घटाकर 70 मिलीमीटर की गई है. टीम का प्रयास है कि सुरक्षा से समझौता किए बिना इन्हें और हल्का बनाया जाए. खासतौर पर भारतीय उपमहाद्वीप में इस्तेमाल होने वाली करीब 35 ग्राम वजन की बारूदी सुरंगों से सुरक्षा को ध्यान में रखकर भी इस पर काम किया जा रहा है.
चंडीगढ़ की लैब में हुई टेस्टिंग
इन बूट्स की सुरक्षा और क्षमता को परखने के लिए चंडीगढ़ की DRDO लैब में परीक्षण किए गए हैं. डॉ. विवेक के मुताबिक, साल 2019-20 से इनकी अलग-अलग परिस्थितियों में टेस्टिंग की जा रही है. साल 2022-23 तक चले प्रोजेक्ट के दौरान भी कई तरह के परीक्षण किए गए. टीम लगातार इनके डिजाइन और प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर काम कर रही है.
कब तक सेना को मिल सकते हैं ये बूट
फिलहाल इन बूट्स को सेना तक पहुंचाने के लिए आगे की प्रक्रिया और फंडिंग की जरूरत है. डॉ. विवेक के मुताबिक, अगर भविष्य में जरूरी फंड मिल जाता है तो टीम अगले 2 से 3 साल में इन्हें भारतीय सेना तक पहुंचाने की कोशिश करेगी. इससे माइन प्रभावित इलाकों में ऑपरेशन करने वाले सैनिकों को सुरक्षा देने में मदद मिल सकती है.