Last Updated:
Motihari News: मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी छठी मैया के जयकारे गूंज रहे हैं. यहां 137 महिला और पुरुष बंदियों ने छठ का व्रत रखा है. जेल प्रशासन ने व्रतियों के लिए नए कपड़े और पूजा की सभी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई. छठ के बीच जेल का माहौल भक्तिमय हो गया.
मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी छठ मनाई गई.
मोतिहारीः लोक आस्था का महापर्व छठ सिर्फ घरों और घाटों तक सीमित नहीं है. इसकी आस्था मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी देखने को मिल रही है. यहां जेल की सलाखों के पीछे भी छठी मैया के जयकारे गूंज रहे हैं. केंद्रीय कारा में कुल 137 बंदियों ने छठ का व्रत रखा है. इनमें महिला और पुरुष दोनों बंदी शामिल हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर जेल परिसर में खास तैयारी की गई है. पारंपरिक छठ गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है.
जेल प्रशासन ने की पूजा की खास तैयारी
छठ महापर्व को लेकर जेल प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जेल अधीक्षक के मार्गदर्शन में व्रत रखने वाले महिला और पुरुष बंदियों को पूजा-पाठ के लिए नए कपड़े दिए गए हैं. इसके साथ ही छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सभी जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है. जेल प्रशासन ने यह व्यवस्था की है, ताकि बंदी जेल परिसर में ही पूरे विधि-विधान और आस्था के साथ छठ पूजा कर सकें.
छठ गीतों से भक्तिमय हुआ जेल परिसर
चार दिवसीय छठ महापर्व के दौरान मोतिहारी केंद्रीय कारा का माहौल पूरी तरह बदल गया है. जेल परिसर में पारंपरिक छठ गीत गूंज रहे हैं. व्रती बंदी छठ के कठिन नियमों का पालन कर रहे हैं. साफ-सफाई और पूजा की तैयारियों के बीच बंदी पूरी श्रद्धा के साथ इस महापर्व में शामिल हो रहे हैं.
अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को देंगे अर्घ्य
छठ पूजा में सूर्य उपासना का खास महत्व है. जेल परिसर में व्रत रखने वाले सभी बंदी अस्ताचलगामी सूर्य और आज के दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा की. चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में व्रती पूरी निष्ठा के साथ छठी मैया की आराधना कर रहे हैं.