Praveen Prajapati FMGE Success Story: पिता ने 2 बार बेची जमीन, बेटे ने विदेश से किया MBBS, अब भारत में डॉक्टर बनेंगे गांव के प्रवीण

Praveen Prajapati FMGE Success Story: पिता ने 2 बार बेची जमीन, बेटे ने विदेश से किया MBBS, अब भारत में डॉक्टर बनेंगे गांव के प्रवीण


नई दिल्ली (Praveen Prajapati FMGE Success Story). जब सपने आंखों में पलते हैं तो वे सिर्फ एक व्यक्ति के नहीं होते, बल्कि पूरे परिवार के त्याग और उम्मीदों की नींव पर टिके होते हैं. मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास जयसिंहपुरा में रहने वाले प्रवीण प्रजापति की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले प्रवीण को डॉक्टर बनाने के लिए उनके पिता ने अपनी जीवनभर की पूंजी यानी अपनी जमीन तक दो बार बेच दी.

विदेश से एमबीबीएस करना बाहर से जितना चमकदार दिखता है, असलियत में वह उतना ही कठिन होता है. हाल ही में जारी हुए एफएमजीई (FMGE) के नतीजों में महज 22.87 फीसदी अभ्यर्थी ही पास हो पाए हैं. इस बेहद कठिन परीक्षा को पास कर अब प्रवीण आधिकारिक तौर पर डॉक्टर बन चुके हैं. लेकिन इस कामयाबी के पीछे भाषा की दीवार, युद्ध की मार, आर्थिक तंगी और जानलेवा बीमारी से लड़ने की ऐसी दास्तान है, जो किसी की भी आंखें नम कर देगी. पढ़िए प्रवीण प्रजापति की सक्सेस स्टोरी.

गांव के स्कूल से विदेश जाने का सपना

प्रवीण प्रजापति की शुरुआती पढ़ाई गांव के स्कूल से हुई. बेटे की पढ़ने की ललक देख पिता ने शहर के हिंदी मीडियम स्कूल में दाखिला दिलाया. प्रवीण शुरू से ही होनहार थे, 12वीं तक स्कूल के टॉप-5 छात्रों में शामिल रहे. यहीं से उन्होंने डॉक्टर बनने की ठानी. नीट क्वॉलिफाई करने के बाद प्रवीण ने विदेश से एमबीबीएस करने का फैसला किया और किर्गिस्तान के एशियन मेडिकल इंस्टीट्यूट में दाखिला लिया. परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी. लेकिन बेटे का जज्बा देख पिता ने अपनी जमीन बेचकर उन्हें विदेश भेजा.

‘दूर के ढोल सुहावने’, विदेश में कदम रखते ही शुरू हुई परीक्षा

प्रवीण प्रजापति बताते हैं कि विदेश पहुंचने के बाद समझ आया कि दूर के ढोल वाकई सुहावने होते हैं. पहला साल तो नए माहौल, खान-पान, वहां के लोगों और सबसे बड़ी चुनौती यानी वहां की स्थानीय भाषा को समझने में ही निकल गया. दूसरे साल से जब पढ़ाई ने थोड़ी स्पीड पकड़ी तो नया संकट खड़ा हो गया. कॉलेज में स्थानीय गुटों के साथ विवाद और लड़ाई-झगड़े के कारण हालात इतने बिगड़ गए कि कॉलेज बंद हो गया और स्टूडेंट्स का बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया.

युद्ध की मार और पिता का दूसरा बड़ा त्याग

प्रवीण प्रजापति की जिंदगी में मुश्किलों का सिलसिला यहीं नहीं थमा. रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते ग्लोबल इकोनॉमी डगमगाई और डॉलर की कीमत आसमान छूने लगी. इसका सीधा असर मेडिकल कॉलेज की फीस और रहने के खर्च पर पड़ा. घर में पैसों की भारी किल्लत होने लगी. एक पल को लगा कि पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ेगी, लेकिन पिता ने हिम्मत नहीं हारने दी. उन्होंने एक बार फिर अपनी बची हुई जमीन बेची और बेटे की पढ़ाई जारी रखवाई.

गंभीर बीमारी के बीच दिया जिंदगी का सबसे बड़ा इम्तिहान

MBBS के फाइनल ईयर में प्रवीण की तबीयत बिगड़ गई. उन्हें ब्लैडर स्टोन (पथरी) और एसोफैगिटिस (भोजन नली में सूजन) जैसी गंभीर समस्या हो गई. उन्होंने जैसे-तैसे डिग्री पूरी की और भारत लौटे, लेकिन घर आने के बाद हालत और खराब हो गई. दर्द इतना रहता था कि खाना-पीना तक छूट गया. भारत में प्रैक्टिस करने के लिए उन्हें FMGE देनी थी. इसे देश के सबसे कठिन मेडिकल एग्जाम में गिना जाता है.

शरीर साथ नहीं दे रहा था, लेकिन प्रवीण प्रजापति ने हार नहीं मानी. शुरुआती सालों में की गई मेडिकल की पढ़ाई अब उनके काम आई. बीमारी की हालत में भी वे थोड़ा-थोड़ा पढ़ते रहे. आखिरकार, उनकी मेहनत और माता-पिता की दुआएं रंग लाईं. इस बार के बेहद कम (22.87%) पास प्रतिशत के बावजूद प्रवीण ने परीक्षा पास कर ली.

भारत आकर क्या करेंगे प्रवीण प्रजापति?

एफएमजीई परीक्षा 2026 पास करने के बाद प्रवीण प्रजापति अब इंटर्नशिप करेंगे. इसके साथ ही वे नीट पीजी की तैयारी में भी जुट गए हैं. उनका सपना बेहतरीन ‘एमडी फिजिशियन’ (MD Physician) बनकर अपने माता-पिता के त्याग को सार्थक करना और समाज की सेवा करना है. प्रवीण प्रजापति की कहानी उन लाखों स्टूडेंट्स के लिए सबक है कि हालात चाहे कितने भी विपरीत क्यों न हों, अगर हौसला बुलंद हो तो हर मंजिल पाई जा सकती है.



Source link