इंदौर में लोगों को पसंद आ रही आलू के लच्छे से बनी क्रंची बास्केट चाट, क्या है बनाने की रेसिपी, जानें

इंदौर में लोगों को पसंद आ रही आलू के लच्छे से बनी क्रंची बास्केट चाट, क्या है बनाने की रेसिपी, जानें


Last Updated:

Indore Basket Chat: इंदौर की मशहूर 56 दुकान पर इन दिनों बास्केट चाट लोगों की पहली पसंद बनी हुई है. आलू के लच्छे से तैयार कुरकुरी बास्केट में दही, सेव, मसाले और चटनी डालकर परोसी जाने वाली इस चाट का स्वाद लेने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं.

रिपोर्ट-नमन मटके, इंदौर. मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर अपने खानपान और अनोखे स्वाद के लिए देशभर में मशहूर है. यहां की सराफा चौपाटी हो या 56 दुकान, हर जगह खाने के शौकीनों को कुछ नया और लजीज मिल जाता है. इन दिनों इंदौर की प्रसिद्ध 56 दुकान पर एक खास डिश लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. इसका नाम है बास्केट चाट. आलू के लच्छे से तैयार होने वाली इस चाट का स्वाद चखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से आने वाले टूरिस्ट भी पहुंच रहे हैं.

बास्केट चाट की सबसे खास बात इसे बनाने का तरीका है. इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले आलू को कद्दूकस करके उसके पतले-पतले लच्छे बनाए जाते हैं. इसके बाद इन लच्छों को खास तरीके से आकार देकर बास्केट यानी कटोरे का रूप दिया जाता है. इसे कुरकुरा बनाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है. बास्केट तैयार होने के बाद इसमें अलग-अलग सामग्री भरकर चाट को सजाया जाता है.

दही, सेव और चटनी से बढ़ता है स्वाद

इस खास चाट में दही, मसाले, सेव, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरी चटनी और लाल चटनी का इस्तेमाल किया जाता है. इन सभी चीजों के मिश्रण से इसका स्वाद खट्टा, मीठा और तीखा हो जाता है. ऊपर से डाले जाने वाले मसाले और कुरकुरी आलू की बास्केट इसे और खास बना देते हैं.

बच्चों से लेकर बड़ों तक को पसंद

बास्केट चाट की लोकप्रियता बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में देखने को मिल रही है. 56 दुकान पहुंचने वाले लोग इस अनोखी डिश का स्वाद लेना नहीं भूलते. दूसरे राज्यों से इंदौर घूमने आने वाले पर्यटक भी इस चाट को पसंद कर रहे हैं. इंदौर की पहचान यहां के खानपान से भी जुड़ी हुई है. ऐसे में बास्केट चाट जैसे नए प्रयोग शहर के स्ट्रीट फूड कल्चर को और खास बना रहे हैं. यही वजह है कि 56 दुकान पर इस चाट का स्वाद लोगों को बार-बार अपनी ओर खींच रहा है.



Source link