Samastipur News: छठ पूजा के पहले पकवान को जूठा करने पर मां ने पीटा, 4 साल की बेटी की मौत

Samastipur News: छठ पूजा के पहले पकवान को जूठा करने पर मां ने पीटा, 4 साल की बेटी की मौत


Last Updated:

Samastipur News: समस्तीपुर में छठ पूजा की तैयारी के बीच एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. आरोप है कि पकवान जूठा करने पर मां ने अपनी चार साल की बेटी की पिटाई कर दी. उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है.

Zoom

आरोपी मां को गिरफ्तार किया गया.

समस्तीपुरः बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई. यहां छठ पूजा की तैयारी के दौरान घर में बने पकवान को जूठा करने पर मां ने अपनी चार साल की बेटी की पिटाई कर दी. इसमें बच्ची की मौत हो गई. घटना पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव की है. पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया. बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है.

छठ के पकवान को जूठा करने पर मां ने की पिटाई
मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली पंचायत के वार्ड संख्या-12 निवासी राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है. बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि छठ पर्व को लेकर वह घर के पास घाट बनाने गए थे. इसी दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के लिए पकवान बना रही थी. आरोप है कि इसी बीच सुहानी ने पकवान को जूठा कर दिया. इस बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी. इसके बाद सुहानी की हालत बिगड़ने लगी. मां उसे लेकर एक निजी नर्सिंग होम पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पूसा थाना की पुलिस गांव पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने आरोपी रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया. पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में बच्ची की मौत हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. आरोपी मां को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पिता ने आरोपी पत्नी के लिए मांगी कड़ी सजा
राजू पासवान ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं. इनमें सात साल की शिवानी कुमारी, चार साल की सुहानी कुमारी और डेढ़ साल का बेटा राजा कुमार शामिल हैं. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पिता ने आरोपी पत्नी को कड़ी सजा देने की मांग की है.



Source link