Last Updated:
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में देर रात को पुलिस ने हत्या के आरोप में फरार चल रहे बदमाशों का एनकाउंटर कर दिया. इस दौरान दो बदमाशों को गोली लगी. बीते 8 नवंबर को एक युवक की लाश मिली थी. इसी मामले की जांच करते हुए पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
ग्रेटर नोएडा में बदमाशों का एनकाउंटर.
ग्रेटर नोएडाः उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा की रबूपुरा पुलिस ने एनकाउंटर करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. ये सभी बदमाश एक हत्या की वारदात में शामिल थे. इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है. दो बदमाशों को इस मुठभेड़ में गोली लगी है. बाकी दो साथी बदमाशों ने सरेंडर कर दिया था.
हत्या की वारदात में शामिल थे बदमाश
पुलिस के मुताबिक बीते 8 नवंबर को नहर किनारे खेत में इस्माइल की हत्या कर लाश फेंकी गई थी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे की रॉड, दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल और चोरी के उपकरण बरामद किए. पुलिस के मुताबिक 15 नवंबर को थाना रबूपुरा पुलिस टीम द्वारा पुरानी मिर्जापुर रोड़ से रुस्तमपुर की तरफ जाने वाली सड़क के टी-प्वाइंट पर चेकिंग की जा रही थी. तभी चेकिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा सेक्टर-20, YEIDA की तरफ से आ रही दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रुकने का इशारा किया गया, जिसपर मोटरसाइकिल सवार अभियुक्तगण रुकने के बजाय मोटरसाइकिल को तेजी से चलाते हुए भागने का प्रयास करने लगे.
दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर उक्त बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गयी, जिसपर बदमाशों द्वारा स्वयं को घिरता हुआ देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गयी. पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में 2 बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गये. घायल बदमाशों की पहचान राजकुमार पुत्र स्व0 महीपाल निवासी ग्राम गेसूपुर भराना, थाना सिकन्द्राबाद, जनपद बुलन्दशहर उम्र 22 वर्ष और सचिन पुत्र पप्पू निवासी ग्राम बझेड़ा, थाना कपूरपुर, जनपद हापुड़, उम्र 22 वर्ष के रुप में हुयी है.
पकड़े गए दो बदमाशों की भी हुई पहचान
बदमाशों के दो अन्य साथियों कमल पुत्र स्व0 कालू निवासी ग्राम गेसूपुर, थाना सिकन्द्राबाद, जनपद बुलन्दशहर उम्र 26 वर्ष और हरेन्द्र उर्फ हतेन्द्र पुत्र स्व0 बृजपाल निवासी ग्राम गेसूपुर भराना, थाना सिकन्द्राबाद, जनपद बुलन्दशहर, उम्र 30 वर्ष को काम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है. अभियुक्तगण के कब्जे से 02 अवैध तमंचे .315 बोर मय 02 खोखा कारतूस .315 बोर व 02 जिन्दा कारतूस .315 बोर, 02 मोटरसाइकिल एफजेड रजिस्ट्रेशन नंबर UP13AP0382, टीवीएस अपाचे रजिस्ट्रेशन नंबर UP13CH3681, 01 अवैध चाकू (आलाकतल), 01 लोहे की मोटी रॉड का टुकड़ा (आलाकतल), चोरी करने के उपकरण 01 प्लास, 01 पेचकस, 05 प्लास्टिक के खाली कट्टे बरामद किए गए हैं.