ऑपरेशन सिंदूर में मिली मार पाकिस्तान को अब तक सता रही है और यही वजह है कि वह अपने तुर्की के हथियारों के बल पर अपनी ताकत बढ़ाने की कोशिश में जुटा है. भारत की ब्रह्मोस मिसाइल के आगे बेदम हुआ पाकिस्तान अब तुर्की से ड्रोन की बड़ी खेप खरीदने जा रहा है. खबर है कि पाकिस्तान ने तुर्की की रक्षा कंपनी पासिफिक टेक्नोलॉजी के साथ तीन साल का एक करार किया है. इसके तहत वह करीब 1 लाख MERKÜT फर्स्ट पर्सन व्यू (FPV) ड्रोन और कई अन्य मानवरहित डिफेंस सिस्टम खरीदेगा.
रक्षा मामलों की रिपोर्टिंग करने वाली वेबसाइट डिफेंस ब्लॉग की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रक्षा पैकेज में सिर्फ ड्रोन ही नहीं, बल्कि मानवरहित हेलिकॉप्टर, लोइटरिंग म्यूनिशन और जमीन पर काम करने वाले रोबोटिक सिस्टम भी शामिल हैं. यानी पाकिस्तान एक साथ निगरानी, हमला और जमीनी सैन्य अभियानों में इस्तेमाल होने वाली कई तरह की तकनीक हासिल करने की तैयारी में है.
एक लाख MERKÜT ड्रोन, 20 मीटर तक असर वाला विस्फोटक वारहेड
इस सौदे का सबसे बड़ा हिस्सा MERKÜT FPV ड्रोन हैं. एफपीवी यानी फर्स्ट पर्सन व्यू ड्रोन को ऑपरेटर कैमरे के जरिए ऐसे नियंत्रित करता है, जैसे वह खुद ड्रोन के भीतर बैठकर उड़ान भर रहा हो. इनका इस्तेमाल निगरानी के साथ-साथ हमले के लिए भी किया जा सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, MERKÜT ड्रोन की ऑपरेशनल रेंज करीब 8 किलोमीटर तक है और यह 20 से 30 मिनट तक हवा में रह सकता है. इसमें 1,000 स्टील बॉल वाला वारहेड लगाया गया है. हर स्टील बॉल का व्यास करीब 3 मिलीमीटर बताया गया है. इसके विस्फोट का प्रभाव 20 मीटर तक के दायरे में हो सकता है.
ऐसे ड्रोन की खासियत यह है कि इन्हें बड़े लड़ाकू विमानों या महंगे मिसाइल सिस्टम की तरह इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं होती. छोटे आकार और कैमरे के जरिए नियंत्रण की सुविधा इन्हें युद्धक्षेत्र में निगरानी और लक्षित हमलों के लिए उपयोगी बनाती है.
हेलिकॉप्टर से लेकर छोटे अटैक सिस्टम तक, क्या-क्या खरीदेगा पाकिस्तान?
इस समझौते में पाकिस्तान को कई अन्य मानवरहित सैन्य प्लेटफॉर्म भी मिलने हैं. इनमें 10 ALPİN मानवरहित हेलिकॉप्टर, 25 DUMRUL मिनी हेलिकॉप्टर, 500 DELİ लोइटरिंग म्यूनिशन और 250 KORGAN ग्राउंड सिस्टम शामिल हैं.
ALPİN एक मानवरहित हेलिकॉप्टर है, जिसकी अधिकतम पेलोड क्षमता 200 किलोग्राम बताई गई है. इसमें ईंधन का वजन भी शामिल है. यह पहले से प्रोग्राम किए गए मिशन को अपने आप पूरा कर सकता है. निगरानी के लिए इसमें थर्मल इमेजिंग और नाइट-विजन तकनीक दी गई है. इससे रात के अंधेरे में भी निगरानी अभियान चलाने में मदद मिल सकती है.
वहीं, DUMRUL एक इलेक्ट्रिक मिनी हेलिकॉप्टर है. इसे कम दूरी की टोह लेने और हमले से जुड़े अभियानों के लिए विकसित किया गया है. इसकी उड़ान क्षमता करीब 120 मिनट बताई गई है. इसका डिजाइन कम आवाज के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार किया गया है, जिससे निगरानी के दौरान इसका पता लगाना अपेक्षाकृत मुश्किल हो सकता है.
पैकेज में 500 DELİ लोइटरिंग म्यूनिशन भी शामिल हैं. इस तरह के हथियार लक्ष्य वाले इलाके में कुछ समय तक मंडरा सकते हैं और फिर निर्धारित लक्ष्य पर हमला कर सकते हैं. इसके अलावा 250 KORGAN ग्राउंड सिस्टम भी खरीदे जाएंगे, जो मानवरहित जमीनी सैन्य प्रणालियों का हिस्सा हैं.
पाकिस्तान में ही होगी असेंबली और मैन्युफैक्चरिंग
इस समझौते की एक और खास बात यह है कि यह केवल हथियारों की खरीद तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीन साल के अनुबंध में इन प्रणालियों की बिक्री और वितरण के साथ पाकिस्तान में स्थानीय असेंबली और मैन्युफैक्चरिंग सुविधाएं स्थापित करने का प्रावधान भी शामिल है.
इससे पाकिस्तान को भविष्य में इन प्रणालियों के रखरखाव, असेंबली और उत्पादन से जुड़ी स्थानीय क्षमता विकसित करने में मदद मिल सकती है. इससे तुर्की और पाकिस्तान के बीच रक्षा सहयोग भी और गहरा होगा.
बताया गया है कि इस खरीद से पहले एक शुरुआती फ्रेमवर्क समझौते के तहत संबंधित उपकरणों का परीक्षण और मूल्यांकन किया गया था. उसके बाद अब तीन साल के लिए यह बड़ा समझौता किया गया है.