Stage Phobia: लोगों के सामने बोलने से कांपने लगते हैं हाथ-पैर? इन 8 तरीकों से दूर करें स्टेज का डर

Stage Phobia: लोगों के सामने बोलने से कांपने लगते हैं हाथ-पैर? इन 8 तरीकों से दूर करें स्टेज का डर


किसी सभा, कार्यक्रम या लोगों के समूह के सामने बोलने से होने वाली घबराहट को आमतौर पर स्टेज फियर कहा जाता है. इसे पब्लिक स्पीकिंग एंग्जायटी भी कहते हैं. इसका एक प्रचलित नाम Glossophobia है. इसमें व्यक्ति को डर रहता है कि कहीं वह कुछ गलत न बोल दे, लोग उसका मजाक न बना दें या उसकी बातों को पसंद न करें.

अक्सर ऐसा उन लोगों के साथ भी होता है जिन्हें अपने विषय की अच्छी जानकारी होती है. वे अकेले में बिना किसी परेशानी के बोल लेते हैं, लेकिन जैसे ही उनके सामने कई लोग बैठते हैं, उनका आत्मविश्वास डगमगाने लगता है. किसी को पसीना आने लगता है, किसी की आवाज कांपती है तो किसी को अचानक अपनी तैयार की हुई बातें याद नहीं रहतीं.

दरअसल, यह डर कई बार दूसरों के सामने खुद को साबित करने के दबाव और अपनी गलतियों को लेकर जरूरत से ज्यादा सोचने के कारण बढ़ता है. हालांकि, सही तैयारी और लगातार अभ्यास से इसे काफी हद तक कम किया जा सकता है.

स्टेज का डर दूर करने के 8 असरदार तरीके

1. शीशे के सामने बोलने की आदत डालें

शुरुआत में खुद को ही अपना श्रोता बनाएं. रोजाना 5-10 मिनट शीशे के सामने खड़े होकर किसी एक विषय पर बोलें. इस दौरान अपने चेहरे के हाव-भाव, हाथों के इस्तेमाल और बॉडी लैंग्वेज पर ध्यान दें. इससे आपको अपनी कमियां पहचानने का मौका मिलेगा.

2. पूरी स्पीच याद करने के बजाय पॉइंट्स तैयार करें

कई लोग स्टेज पर जाने से पहले पूरी स्पीच रट लेते हैं. लेकिन अगर बीच में एक लाइन भूल जाएं तो आगे की बातें भी याद नहीं आतीं. इसलिए अपनी स्पीच के मुख्य पॉइंट्स लिखें और हर पॉइंट को अपने शब्दों में समझाने की प्रैक्टिस करें. इससे आप ज्यादा स्वाभाविक तरीके से बोल पाएंगे.

3. अपनी आवाज रिकॉर्ड करके सुनें

मोबाइल में अपनी स्पीच रिकॉर्ड करें और ध्यान से सुनें. देखें कि आप बहुत तेज तो नहीं बोल रहे, बार-बार एक ही शब्द तो नहीं दोहरा रहे या आपकी आवाज बहुत धीमी तो नहीं है. अपनी गलतियां पहचानकर उनमें सुधार करें.

4. बोलने से पहले गहरी सांस लें

घबराहट होने पर दिल की धड़कन तेज हो सकती है और सांस लेने का तरीका भी बदल सकता है. ऐसे में धीरे-धीरे सांस अंदर लें और उससे ज्यादा समय लेकर बाहर छोड़ें. कुछ मिनट ऐसा करने से शरीर को शांत करने में मदद मिल सकती है.

5. छोटे समूह से शुरुआत करें

सीधे बड़ी ऑडियंस के सामने बोलने की कोशिश न करें. पहले अपने किसी दोस्त या परिवार के सदस्य के सामने बोलें. फिर 4-5 लोगों के समूह में अपनी बात रखें. धीरे-धीरे लोगों की संख्या बढ़ाएं. इस तरह आपको सार्वजनिक रूप से बोलने की आदत पड़ेगी.

6. शुरुआत की पहली कुछ लाइनें अच्छी तरह तैयार रखें

स्पीच की शुरुआत अक्सर सबसे ज्यादा मुश्किल लगती है. इसलिए अपनी पहली दो-तीन लाइनें पहले से तैयार रखें. शुरुआत में आत्मविश्वास आ जाए तो आगे की बात कहना आसान हो जाता है. हालांकि, पूरी स्पीच को रटने से बचें.

7. ऑडियंस को जज नहीं, अपना श्रोता समझें

कई बार हम बोलने से ज्यादा इस बात की चिंता करते हैं कि सामने वाले हमारे बारे में क्या सोचेंगे. इस सोच को बदलने की कोशिश करें. यह मानकर बोलें कि लोग आपकी बात सुनने आए हैं, आपकी गलतियां गिनने नहीं. सामने बैठे अलग-अलग लोगों से आंखों का संपर्क बनाएं.

8. गलती होने पर खुद को संभालें

बोलते समय कोई शब्द भूल जाना या वाक्य गलत बोल देना कोई बड़ी बात नहीं है. अगर ऐसा हो जाए तो घबराने के बजाय एक पल रुकें, मुस्कुराएं और अपनी बात आगे बढ़ाएं. हर वाक्य को परफेक्ट बनाने का दबाव न लें.

स्टेज पर जाने से पहले क्या न करें?

कार्यक्रम से ठीक पहले अपनी स्पीच को लेकर जरूरत से ज्यादा सोचने से बचें. पर्याप्त नींद लें, समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें और माइक या स्टेज से परिचित हो जाएं. बहुत ज्यादा चाय-कॉफी पीने से भी बचें, क्योंकि कैफीन कुछ लोगों में घबराहट बढ़ा सकता है.



Source link