Punjab Chunav: राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को बीजेपी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, पंजाब चुनाव के लिए बनाई घोषणापत्र और चार्जशीट समिति

Punjab Chunav: राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को बीजेपी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, पंजाब चुनाव के लिए बनाई घोषणापत्र और चार्जशीट समिति


पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देने के लिए दो अहम समितियों का गठन किया है. इनमें एक समिति पार्टी का चुनावी घोषणापत्र तैयार करेगी, जबकि दूसरी सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ आरोपपत्र यानी चार्जशीट तैयार करेगी. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को इन दोनों समितियों के गठन का ऐलान किया.

बीजेपी की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, 13 सदस्यीय राज्य घोषणापत्र समिति की कमान वरिष्ठ बीजेपी नेता अविनाश राय खन्ना को सौंपी गई है. इस समिति में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को भी शामिल किया गया है. वहीं, 14 सदस्यीय चार्जशीट समिति की अध्यक्षता पंजाब बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ करेंगे. यह समिति आप सरकार की कथित नाकामियों को उजागर करने के लिए आरोपपत्र तैयार करेगी.

घोषणापत्र समिति में राघव चड्ढा और हरभजन सिंह भी शामिल

बीजेपी की 13 सदस्यीय घोषणापत्र समिति में अविनाश राय खन्ना के अलावा राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राजिंदर गुप्ता, परमपाल कौर और एचएस फूलका को सदस्य बनाया गया है.

यह समिति पंजाब के लिए बीजेपी का विजन और चुनावी रोडमैप तैयार करेगी. पार्टी के मुताबिक, घोषणापत्र समिति में वरिष्ठ नेताओं को शामिल करने का मकसद उनके अनुभव और अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व का लाभ उठाना है, ताकि चुनावी घोषणापत्र को व्यापक रूप दिया जा सके.

सुनील जाखड़ संभालेंगे चार्जशीट समिति की जिम्मेदारी

दूसरी ओर, 14 सदस्यीय राज्य चार्जशीट समिति की अगुवाई सुनील जाखड़ करेंगे. इस समिति में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बाबू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ को शामिल किया गया है.

इस समिति का मुख्य काम पंजाब की भगवंत मान सरकार के कामकाज की समीक्षा कर उसकी कथित विफलताओं को सामने लाना और चुनाव से पहले पार्टी का आरोपपत्र तैयार करना होगा. बीजेपी इस दस्तावेज के जरिए राज्य सरकार के खिलाफ अपने राजनीतिक हमलों को व्यवस्थित रूप देने की तैयारी में है.



Source link