काशी के घाटों पर छठ महापर्व की अद्भुत छटा: फ्रांस की लिया ने सिंदूर लगाकर की पूजा, पहली बार किन्नर समाज ने भी दिया सूर्य को अर्घ्य

काशी के घाटों पर छठ महापर्व की अद्भुत छटा: फ्रांस की लिया ने सिंदूर लगाकर की पूजा, पहली बार किन्नर समाज ने भी दिया सूर्य को अर्घ्य


Last Updated:

Chhath Puja in Varanasi: लोक आस्था के महापर्व छठ की अद्भुत छटा रविवार को धर्म नगरी काशी के घाटों पर देखने को मिली. इस महापर्व में भारतीय संस्कृति की ऐसी चमक बिखरी कि सात समंदर पार फ्रांस से आई महिला भी इसकी भक्ति में रंगी नजर आई, तो वहीं काशी के इतिहास में पहली बार किन्नर समाज ने भी सामूहिक रूप से छठी मैया की उपासना कर सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की. अस्सी से लेकर नमो घाट तक श्रद्धालुओं के सैलाब के बीच पूरा शहर ‘मिनी बिहार’ जैसा नजर आया.

Chhath Puja in Varanasi वाराणसी के बबुआ पांडेय घाट पर फ्रांस से आईं लिया भी छठ की पूजा में शामिल हुईं. भारतीय परंपरा के मुताबिक, बाकायदा माथे में सिंदूर लगाकर लिया ने पूजा की. उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में उन्हें काफी दिलचस्पी है. खास छठ पर्व के लिए ही वे काशी आई हैं. इस दौरान लिया ने इस कठिन व्रत के बारे में जानकारी भी ली.

शाम की पूजा के साथ ही लिया सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी घाट पहुंचेंगी. बताते चलें कि लोक आस्था के इस महापर्व पर विदेशी महिला की मौजूदगी लोगों के आकर्षण का केंद्र भी बनी रही. लोग कैमरे में उनकी तस्वीरों को कैद करते भी दिखे.

वहीं काशी के घाट पर किन्नरों ने भी छठ पर्व पर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. सलमान किन्नर की अगुवाई में करीब आधा दर्जन किन्नरों ने पूरे विधि-विधान से छठी मैया की पूजा की. सलमान किन्नर ने बताया कि हमारे यजमान भी हमारे परिवार के सदस्य हैं. उनकी सलामती के साथ सुख-समृद्धि की कामना के लिए उन्होंने इस कठिन व्रत को रखा है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

नहाय-खाय के साथ ही उन्होंने इसकी शुरुआत की है और अब कल यानी सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर वे अपने व्रत का समापन करेंगी. इसके बाद वे भी परंपराओं के अनुसार लोगों में प्रसाद वितरण करेंगी. बताते चलें कि काशी में पहली बार किन्नर समाज द्वारा सामूहिक छठ पूजा का आयोजन किया गया है.

इन सब के अलावा काशी के अस्सी घाट पर लक्ष्मी देवी दंडवत करते हुए नजर आईं. खास मनोकामना के लिए घर से घाट तक पैदल दंडवत यात्रा कर वे रविवार की शाम करीब 4 बजे छठी मैया की उपासना और पूजा के लिए घाट पहुंचीं. पूजा के बाद उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. उनका मानना है कि इस कठिन पूजा से छठी मैया प्रसन्न होकर उनकी मनोकामना जरूर पूरी करेंगी.

अस्सी से लेकर नमो और सामने घाट से लेकर छठी मैया घाट तक हर तरफ आज व्रती महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली. घाटों के अलावा कुंड, तालाब और सरोवरों पर भी यह नजारा देखने को मिला. उधर शास्त्री घाट और वरुणा किनारे भी लोग पूजा-आराधना करते नजर आए. यह नजारा मिनी बिहार जैसा नजर आया.

घाटों पर भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के भी चाक-चौबंद इंतजाम दिखे. बीच गंगा में जहां एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम लगातार गश्त करती रही, तो दूसरी तरफ घाटों की सीढ़ियों पर पुलिस के जवान मौजूद रहे. इसके अलावा सिविल ड्रेस में भी पुलिस की तैनाती रही. इन सब के अलावा ड्रोन कैमरे के जरिए हर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रही.

सोमवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस कठिन व्रत का समापन होगा. आज पूरी रात घाटों पर चहलकदमी दिखेगी. बताते चलें कि छठ के महापर्व के मद्देनजर कल वाराणसी में स्कूल भी बंद हैं. इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में भी कल अवकाश है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link