Umesh Kumar Singh Success Story: जिंदगी में सफलता हासिल करने के लिए हमेशा यह जरूरी नहीं होता कि किसी व्यक्ति को शुरुआत से ही अपने लक्ष्य का पता हो. कई बार रास्ते चलते-चलते बनते हैं और कुछ मुलाकातें जीवन की दिशा बदल देती हैं. उत्तर प्रदेश के अपर आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. कभी डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले उमेश कुमार सिंह को अपने करियर की स्पष्ट दिशा नहीं पता थी, लेकिन आज वह प्रदेश के औद्योगिक विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनका सफर संघर्ष, अनुभव, मेहनत और बदलते लक्ष्य की एक प्रेरक मिसाल है.
डॉक्टर बनने का था सपना, फिर बदली सोच
गांव की पृष्ठभूमि से आने वाले उमेश कुमार सिंह की शुरुआती पढ़ाई गांव के नजदीक स्थित सरस्वती बाल विद्या स्कूल में हुई. यहां उन्होंने आठवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की. इसके बाद गोंडा के थॉमसन इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. इंटरमीडिएट में उन्होंने जीव विज्ञान विषय चुना था. उस समय उनका सपना सीपीएमटी और पीएमटी की परीक्षा पास कर चिकित्सा के क्षेत्र में जाने का था. हालांकि, स्पष्ट लक्ष्य और दिशा के अभाव में वह मेडिकल की तैयारी के साथ आगे की पढ़ाई भी करते रहे.
उन्होंने बताया कि वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज से बीएससी में प्रवेश लिया. इसी दौरान उनके जीवन में एक ऐसा मोड़ आया, जिसने करियर की दिशा बदल दी. विद्यालय प्रबंधन से जुड़े एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ बैठक की. प्रशासनिक सेवा और उसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में काम करने की संभावनाओं के बारे में जानकर वह प्रभावित हुए. बताया कि इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा को अपना लक्ष्य बनाया और आगे की तैयारी के लिए इलाहाबाद पहुंच गए.
लोअर सबऑर्डिनेट से शुरू हुआ प्रशासनिक सफर
इस दौरान उन्होंने कहा कि इलाहाबाद में रहकर उन्होंने लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी की. उन्होंने पीसीएस के साथ सिविल सेवा परीक्षा भी दी. उनका प्रशासनिक सफर लोअर सबऑर्डिनेट सेवा में सहायक चकबंदी अधिकारी के रूप में शुरू हुआ. इसी दौरान उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में सफलता मिली और उन्हें एमएसएमई एवं प्रमोशन विभाग में जिम्मेदारी मिली. उनकी शुरुआती तैनाती बलिया में हुई.
कहा कि बलिया में उद्योगों की स्थिति काफी पिछड़ी हुई थी. यहां काम करते हुए उन्हें कई विभागों की जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला. बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी और खंड विकास अधिकारी के रूप में भी उन्होंने कार्य किया. साक्षरता मिशन से लेकर चुनाव प्रबंधन, कर्मचारियों की ट्रेनिंग, ड्यूटी निर्धारण और ईवीएम से जुड़ी व्यवस्थाओं तक का अनुभव हासिल किया. कहा कि शुरुआती दौर में वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन उनके लिए काफी महत्वपूर्ण रहा.
भदोही से बनारस तक उद्योग और प्रशासन का अनुभव
बलिया के बाद उनकी तैनाती भदोही में हुई. विश्व प्रसिद्ध कालीन उद्योग के लिए पहचान रखने वाले इस जिले में उन्होंने औद्योगिक गतिविधियों और निर्यात की संभावनाओं को करीब से समझा. इसके बाद वाराणसी में उन्हें काम करने का अवसर मिला. यहां प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में मजिस्ट्रेट ड्यूटी भी लगती थी. धीरे-धीरे बाबा विश्वनाथ के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया.
उन्होंने तत्कालीन आयुक्त से मंदिर की व्यवस्थाओं में अतिरिक्त जिम्मेदारी देने का अनुरोध किया. उनकी इच्छा थी कि विभागीय कामकाज प्रभावित किए बिना वह निस्वार्थ भाव से मंदिर की सेवा कर सकें. इसके बाद उन्हें विशेष कार्याधिकारी के रूप में जिम्मेदारी मिली. मंदिर और बाहर की व्यवस्थाओं, जनसंपर्क तथा श्रद्धालुओं से जुड़ी व्यवस्थाओं में उन्होंने योगदान दिया.
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण को बताया सौभाग्य
उमेश कुमार सिंह के लिए काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण उनके जीवन का विशेष अनुभव रहा. उन्होंने बताया कि पुराने मंदिर परिसर और वर्तमान भव्य स्वरूप के बीच आए बदलाव को उन्होंने अपनी आंखों के सामने आकार लेते देखा. लगभग 350 से 400 मकानों की खरीद और नए सिरे से निर्माण जैसी बड़ी चुनौती के बीच इस परियोजना को आगे बढ़ते देखना उनके लिए गौरव का विषय रहा. प्रधानमंत्री द्वारा कॉरिडोर के लोकार्पण के अवसर पर भी उन्हें वहां उपस्थित रहने का अवसर मिला. उनके मुताबिक, इस अनुभव ने उनके भीतर आध्यात्मिक चेतना को और मजबूत किया.
अब आठ जिलों के औद्योगिक विकास की जिम्मेदारी
कहा कि वाराणसी में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उन्होंने विभाग को अफसर के बजाय उद्योग जगत के मित्र के रूप में काम करने की सोच के साथ आगे बढ़ाया. कहा कि रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में नई औद्योगिक इकाइयों के आने और निवेश बढ़ने को उन्होंने इस दिशा में सकारात्मक बदलाव बताया. उन्होंने बताया कि पंजाब की कंपनी हॉकिन्स कुकर ने भी उत्तर प्रदेश में बेहतर सुविधाओं, कानून-व्यवस्था और कारोबार में आसानी को निवेश का आधार बताया था.
कहा कि प्रमोशन के बाद उन्हें मेरठ में अपर आयुक्त उद्योग की जिम्मेदारी मिली. वर्तमान में वह मेरठ मंडल के छह जिलों और सहारनपुर मंडल के मुजफ्फरनगर व शामली सहित कुल आठ जिलों के औद्योगिक कार्यों की मॉनिटरिंग और समीक्षा कर रहे हैं. इसके अतिरिक्त विभाग की ओर से उन्हें अन्य जिलों की जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं.
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. लक्ष्य निर्धारित होना चाहिए और उसके प्रति ईमानदारी, कठिन परिश्रम तथा समर्पण के साथ लगातार प्रयास करना चाहिए. कहा कि लक्ष्य की राह में आलोचना करने वाले और निराश करने वाले लोग भी मिलेंगे, कई बार अपने लोग भी हतोत्साहित करेंगे. लेकिन ऐसी बातों से निराश होने के बजाय उन्हें और बेहतर मेहनत करने की प्रेरणा बनाना चाहिए.