6.5 करोड़ का केस बताकर महिला को डराया, IPS के नाम पर 71 लाख की बड़ी लूट
Last Updated:
दिल्ली में साइबर ठगों ने IPS अधिकारी बनकर एक महिला को वीडियो कॉल किया और 6.5 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी दी. गिरफ्तारी से बचाने और वेरिफिकेशन के नाम पर दो बार में 71 लाख रुपये ठग लिए.
फर्जी IPS बनकर 71 लाख की ठगी
दिल्ली में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां ठगों ने खुद को मुंबई में तैनात IPS अधिकारी बताकर एक महिला को अपने जाल में फंसा लिया. आरोपियों ने वीडियो कॉल के जरिए महिला को डराया और उस पर 6.5 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया. गिरफ्तारी की धमकी देकर उससे 71 लाख रुपये ठग लिए. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगों ने महिला को वीडियो कॉल किया था. इस दौरान उन्होंने खुद को मुंबई में तैनात IPS अधिकारी बताया. आरोपियों ने महिला से कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल 6.5 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया गया है. उन्होंने महिला को कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाया.
इसके बाद आरोपियों ने महिला से कहा कि अगर वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई से बचना चाहती है, तो उसे वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. ठगों ने इसी बहाने महिला से दो बार में कुल 71 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए.
भोपाल से तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच दिल्ली पुलिस की IFSO टीम कर रही थी. जांच के दौरान पुलिस को ठगी के पैसों से जुड़े नेटवर्क का पता चला. इसके बाद पुलिस ने भोपाल में कार्रवाई कर दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए म्यूल बैंक अकाउंट नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे थे. इन खातों के जरिए ठगी के पैसे अलग-अलग जगह भेजे जाते थे, ताकि पुलिस को असली आरोपियों तक पहुंचने में परेशानी हो.
ठगी के पैसों से खरीदे महंगे फोन
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से करीब 15 लाख रुपये निकाले गए थे. इस पैसे को आरोपियों और उनके साथियों के बीच बांटा गया. पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदे गए तीन महंगे मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ठगी के 71 लाख रुपये किन-किन बैंक खातों में भेजे गए और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं.