Last Updated:
बॉलीवुड की खूबसूरत जोड़ियों में शुमार मंदाकिनी और मिथुन चक्रवर्ती की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री आज भी फैंस को याद है. अब सालों बाद मंदाकिनी ने मिथुन के साथ अपनी एक पुरानी फोटो शेयर कर उन सुनहरे दिनों की यादें ताजा कर दी हैं. तस्वीर में दोनों का खास अंदाज देखने को मिल रहा है. इतना ही नहीं, एक्ट्रेस ने फैंस से कुछ अनदेखी फोटो और पुराने किस्से शेयर करने का वादा भी किया है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री मंदाकिनी एक बार फिर अपने पुराने दिनों को याद करती नजर आईं. इस बार उन्होंने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के साथ बिताए खूबसूरत पलों की एक पुरानी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है. इस फोटो में मिथुन उनके पीछे खड़े नजर आ रहे हैं और कुछ कहते दिखाई दे रहे हैं, जबकि मंदाकिनी शर्माती हुई दिख रही हैं. इस तस्वीर के साथ एक्ट्रेस ने अपने फैंस के साथ पुरानी यादें ताजा कीं और आने वाले दिनों में कुछ खास चीजें शेयर करने का वादा भी किया.(फोटो साभार: mandakiniofficial/Instagram)
मंदाकिनी ने सोशल मीडिया पर यह फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि पर्दे पर मिथुन दा के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब प्यार दिया है. उन दोनों की साथ में बिताई गई खूबसूरत यादें आज भी उनके दिल के बेहद करीब हैं. एक्ट्रेस ने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह जल्द ही अपने फिल्मी सफर से जुड़ी कुछ खास यादें उनके साथ शेयर करना चाहती हैं.(फोटो साभार: mandakiniofficial/Instagram)
मंदाकिनी ने अपनी पोस्ट में आगे बताया कि वह आने वाले समय में मिथुन चक्रवर्ती के साथ काम करने के दौरान की कुछ खास फोटो, पर्दे के पीछे के किस्से और ऐसे पल शेयर करेंगी, जिन्हें दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा. इसके अलावा वह अपनी सुपरहिट फिल्मों के मशहूर डायलॉग और फैंस की तरफ से बनाए गए कुछ शानदार वीडियो भी साझा करना चाहती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एक्ट्रेस ने फैंस से पूछा कि क्या वे भी उनके साथ पुराने दिनों की यादों का यह सफर दोबारा तय करना चाहेंगे. उनकी इस पोस्ट से साफ है कि वह अपने पुराने फिल्मी दौर को एक बार फिर याद करना चाहती हैं और अपने चाहने वालों को भी उन यादों का हिस्सा बनाना चाहती हैं.(फोटो साभार: mandakiniofficial/Instagram)
मंदाकिनी और मिथुन चक्रवर्ती अपने दौर की पसंदीदा ऑनस्क्रीन जोड़ियों में से एक रहे हैं. दोनों ने अपने करियर के दौरान कई फिल्मों में साथ काम किया था. इनमें ‘आर पार’ (1985), ‘जाल’ (1986), ‘डांस डांस’ (1987), ‘परम धर्म’ (1987), ‘कमांडो’ (1988), ‘अग्नि’ (1988), ‘प्यार के नाम कुर्बान’ (1990) और ‘दुश्मन’ (1990) जैसी फिल्में शामिल हैं. इन फिल्मों में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था.(फोटो साभार: mandakiniofficial/Instagram)
मंदाकिनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. वह अक्सर अपनी जिंदगी और फिल्मी करियर से जुड़ी पुरानी यादें फैंस के साथ साझा करती रहती हैं. अक्टूबर में भी उन्होंने मनाली की खूबसूरत वादियों को याद करते हुए एक पोस्ट शेयर की थी.(फोटो साभार: mandakiniofficial/Instagram)
उस पोस्ट में एक्ट्रेस ने बताया था कि उन्हें मनाली के बर्फ से ढके पहाड़, खूबसूरत नजारे और वहां का सुकून भरा माहौल बहुत याद आता है. उन्होंने लिखा था कि कुछ जगहें ऐसी होती हैं, जो सिर्फ यादें नहीं देतीं, बल्कि दिल का एक हिस्सा भी अपने साथ जोड़ लेती हैं. मंदाकिनी ने उम्मीद जताई थी कि वह जल्द ही एक बार फिर मनाली के पहाड़ों और प्रकृति के खूबसूरत नजारों के बीच लौटेंगी.(फोटो साभार: mandakiniofficial/Instagram)
बता दें कि यूं तो मंदाकिनी ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया है. लेकिन राम तेरी गंगा मैली जैसी सफलता उन्हें अपने करियर दोबारा कभी नहीं मिली. इस फिल्म में उन्होंने गंगा का किरदार निभाकर इतिहास रच दिया था. इस एक रोल ने उन्हें ताउम्र पहचान दी और लोगों के दिलों में बसाए रखा. (फोटो साभार: mandakiniofficial/Instagram)