Last Updated:
मां श्रीदेवी को खोने का दर्द जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर के लिए आज भी एक भावुक याद है. साल 2018 में जब श्रीदेवी के निधन की खबर आई, तो दोनों बहनों की जिंदगी में जैसे सबकुछ बदल गया. जाह्नवी ने अब उस दर्दनाक पल को याद किया है, जब खबर मिलते ही वह रोती-बिलखती खुशी के कमरे में पहुंची थीं, लेकिन छोटी बहन ने खुद के आंसू रोककर उन्हें संभाल लिया था.
नई दिल्ली. बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें आज भी उनकी बेटियों जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर के दिल में जिंदा हैं. मां को खोने का दर्द दोनों बहनों के लिए बेहद मुश्किल था. श्रीदेवी के निधन की खबर ने उनकी जिंदगी बदलकर रख दी थी. हाल ही में एक बार फिर जाह्नवी का मां को लेकर दिया गया एक पुराना बयान चर्चा में है, जिसमें उन्होंने उस पल को याद किया था, जब उन्हें पहली बार मां के निधन की खबर मिली थी.
दरअसल, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर ने करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के आठवें सीजन में हिस्सा लिया था. इस दौरान दोनों ने मां श्रीदेवी को खोने के बाद के मुश्किल समय के बारे में खुलकर बात की थी. जाह्नवी कपूर ने बताया था कि जिस वक्त उन्हें मां के निधन की खबर मिली, वह अपने कमरे में थीं. तभी उन्हें खुशी के कमरे से रोने की आवाज सुनाई दी. फोन पर यह दुखद खबर मिलते ही वह घबराई हुई हालत में सीधे अपनी छोटी बहन के कमरे में पहुंच गईं.
जाह्नवी कपूर ने बताया था कि खुशी उस समय पहले से ही रो रही थीं, लेकिन जैसे ही उन्होंने अपनी बहन को देखा, उन्होंने तुरंत अपने आंसू रोक लिए. खुशी ने खुद रोने के बजाय जाह्नवी को संभालना शुरू कर दिया. जाह्नवी के मुताबिक, वह इस बात को आज तक नहीं भूल पाई हैं कि उस मुश्किल घड़ी में छोटी बहन ने खुद को संभालकर उन्हें हिम्मत दी थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
शो में जाह्नवी कपूर ने उस पल को याद करते हुए बताया था कि मां की मौत की खबर सुनकर वह रोती हुई खुशी के कमरे में पहुंची थीं. लेकिन खुशी ने उन्हें देखते ही रोना बंद कर दिया और उनके पास आकर बैठ गईं. इसके बाद उन्होंने जाह्नवी को संभाला. जाह्नवी ने यह भी बताया था कि उस घटना के बाद उन्होंने खुशी को इस बारे में दोबारा कभी रोते हुए नहीं देखा.
वहीं, खुशी ने भी बताया था कि उस समय उन्होंने मन में ठान लिया था कि उन्हें परिवार के बाकी लोगों के लिए मजबूत बनकर रहना है. उन्हें लगता था कि परिवार में हमेशा से उनकी भूमिका ऐसी रही है, जिसमें उन्हें मुश्किल समय में खुद को संभालना पड़ता है. शायद यही वजह थी कि मां को खोने के बाद भी उन्होंने अपनी भावनाओं को पीछे रखकर बहन का साथ दिया.
बातचीत के दौरान जाह्नवी कपूर ने खुशी की कुछ ऐसी खूबियों का भी जिक्र किया था, जो उन्हें मां श्रीदेवी की याद दिलाती हैं. उन्होंने बताया था कि खुशी का स्वभाव काफी शांत है और यह खूबी उनकी मां में भी थी. हालांकि, कैमरे के सामने आते ही खुशी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिलता है.जाह्नवी को लगता है कि काम करने के तरीके में भी खुशी और श्रीदेवी के बीच काफी समानता है.
(Insta/janhvikapoor)
बता दें कि श्रीदेवी का फरवरी 2018 में दुबई में निधन हो गया था. वह परिवार के एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए दुबई गई थीं. उनकी मौत की वजह होटल के बाथटब में दुर्घटनावश डूबना बताई गई थी. उनके अचानक चले जाने से कपूर परिवार के साथ-साथ पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा था. आज भी उनकी बेटियां कई मौकों पर मां को याद करती नजर आती हैं.