‘वो तो 2025 में ही छोड़कर चली गईं’, जेनसेन हुआंग की गर्लफ्रेंड वाली कंपनी ने चुप्‍पी तोड़ी

‘वो तो 2025 में ही छोड़कर चली गईं’, जेनसेन हुआंग की गर्लफ्रेंड वाली कंपनी ने चुप्‍पी तोड़ी


एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग के साथ अफेयर और चीनी जासूसी पर एलिस हुआंग की कंपनी ने जवाब दिया है. सिंगापुर कीक्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्‍पीड ने सीएनबीसी (CNBC) से कहा, एलिस हुआंग का अब हमसे कोई लेना-देना नहीं है. एलिस हुआंग 30 अगस्त 2025 को ही आधिकारिक तौर पर मेगास्पीड छोड़ चुकी हैं. वर्तमान में कंपनी में उनकी कोई भूमिका नहीं है.

कंपनी ने एलिस और जेनसेन हुआंग के अफेयर पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. कंपनी ने यह जरूर कहा कि उसने अपने बिजनेस, सप्लाई चेन और ग्लोबल ऑपरेशंस पर लग रहे आरोपों की आंतरिक जांच के लिए एक्‍सटर्नल लीगल काउंस‍िल की एक टीम लगाई है. कंपनी ने कहा, मीडिया में जो आरोप हमारी कंपनी पर लग रहे हैं, वो सही नहीं हैं.

मेगास्पीड पर क्यों उठ रही उंगलियां?

असल में यह पूरा मामला सिर्फ एक अफेयर का नहीं है, बल्कि इसके पीछे दुनिया की सबसे एडवांस चिप्स की हेराफेरी का शक है. मेगास्पीड दक्षिण पूर्व एशिया में क्लाउड कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर चलाती है. यह कंपनी ग्राहकों को एनवीडिया के ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट्स (GPUs) की पावर किराये पर देती है.

अब जांच इस बात की हो रही है कि क्या मेगास्पीड ने जो एडवांस एनवीडिया चिप्स खरीदे थे, उन्हें गुपचुप तरीके से चीन के ग्राहकों तक पहुंचा दिया गया? अगर ऐसा हुआ है, तो यह अमेरिकी एक्सपोर्ट पाबंदियों का सीधा उल्लंघन है.

जासूसी का एंगल और एनवीडिया का एक्शन

‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को शक है कि एलिस हुआंग चीन की एक जासूस हैं. हालांकि बीजिंग ने इन आरोपों को खारिज किया है और अमेरिकी न्याय विभाग का भी कहना है कि अभी तक जासूसी की कोई पक्की पुष्टि नहीं हुई है.

इसी विवाद और एलिस के साथ कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर की खबरों के बाद, 12 नवंबर को जेनसेन हुआंग को एनवीडिया के सीईओ पद से इस्तीफा देना पड़ा था. एनवीडिया के बोर्ड ने भी इस बात की जांच शुरू कर दी है कि कहीं उनके पूर्व बॉस किसी हनीट्रैप का शिकार तो नहीं हुए. हालांकि, एनवीडिया का कहना है कि कंपनी की कोई सीक्रेट जानकारी लीक नहीं हुई है.

सिंगापुर पुलिस ने एलिस के साथ क्या किया?

  • फरवरी 2025: सर्वर खरीद में फर्जीवाड़े के शक में सिंगापुर पुलिस और कस्टम विभाग ने मेगास्पीड की जांच शुरू की थी.
  • जून 2025: अमेरिकी वाणिज्य विभाग के अधिकारी जांच के लिए मेगास्पीड पहुंचे. उस समय एलिस वहीं मौजूद थीं. उसी दिन सिंगापुर पुलिस ने एलिस से पूछताछ की और उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया.
  • फरवरी 2026 का एक्शन: जांच के बाद पुलिस को फर्जीवाड़े के पुख्ता सबूत तो नहीं मिले, लेकिन यह साबित हो गया कि एलिस ने कंपनी में अपने असली काम को छिपाने के लिए पुलिस को गलत जानकारी दी थी.
  • इसके बाद एलिस को कड़ी चेतावनी दी गई, उनके सिंगापुर में दोबारा घुसने पर बैन लगा दिया गया और 26 फरवरी को उन्हें देश से बाहर निकाल दिया गया. कंपनी के बाकी 6 लोगों पर जांच अभी भी जारी है.

अपने बचाव में क्या बोली मेगास्पीड?

चिप्स की हेराफेरी के आरोपों पर मेगास्पीड ने सफाई देते हुए कहा है कि वह उन सभी देशों में अमेरिकी एक्सपोर्ट नियमों का सख्ती से पालन करती है, जहां उसका कारोबार है. कंपनी ने यह भी बताया कि उसने अपने GPUs की इन्वेंट्री (गिनती) और कंप्लायंस की जांच के लिए अमेरिका की एक लॉ फर्म को काम पर रखा है और वह अमेरिकी अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है. फिलहाल, सार्वजनिक तौर पर ऐसा कोई आदेश नहीं आया है जिसमें मेगास्पीड को अमेरिकी नियमों के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया हो.



Source link