Last Updated:
Meerut-Haridwar Expressway : पूर्वी यूपी जैसे लखनऊ, गोरखपुर, बनारस सहित अन्य शहरों से अब हरिद्वार जाना और भी आसान हो जाएगा. यूपी और उत्तराखंड सरकार ने मिलकर मेरठ से हरिद्वार तक 147 किलोमीटर का नया एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी कर ली है. इस ई-वे के तैयार होने के बाद गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते से हरिद्वार तक जाना आसान हो जाएगा. अभी लखनऊ से हरिद्वार जाना पूरे दिन का काम है और इसमें करीब 10 से 12 घंटे का समय लग जाता है, लेकिन ई-वे तैयार होने के बाद महज 6.5 घंटे में पहुंचा जा सकेगा.
गंगा एक्सप्रेसवे प्रयागराज से मेरठ तक बनाया गया है, जो यूपी के 12 जिलों को पार करता है. 594 किलोमीटर लंबे इस 6 लेन एक्सप्रेसवे की शुरुआत साल 2026 में ही हुई है और अब इसकी लंबाई बढ़ाकर हरिद्वार तक करने की तैयारी है. इसके लिए यूपी और उत्तराखंड सरकार मिलकर 6 लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने पर सहमति जा चुकी है. प्रोजेक्ट का सर्वे भी शुरू हो चुका है और जल्द ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी डीपीआर भी तैयार हो जाएगी. डीपीआर बनने के बाद जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होगा और निर्माण का रास्ता खुल जाएगा.
मेरठ से हरिद्वार के बीच बनने वाले एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़कर तैयार किया जाएगा. इस ग्रीनफील्ड ई-वे को भी 6 लेन का बनाया जाएगा और इसकी कुल लंबाई 147 किलोमीटर होगी. इस प्रोजेक्ट के लिए यूपी और उत्तराखंड के बीच एमओयू भी हो चुका है और दोनों सरकारें जल्द ही योजना पर आगे बढ़ने की तैयारी कर रही हैं. इसका 117 किलोमीटर हिस्सा यूपी में पड़ेगा, जबकि 30 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड में बनाया जाएगा. इसका मतलब है कि ई-वे का ज्यादातर हिस्सा यूपी सरकार बनाएगी और इस पूरे एक्सप्रेसवे की देखरेख यूपीडा करेगा.
मेरठ से हरिद्वार तक जाने में अभी करीब साढ़े 3 घंटे का समय लगता है, लेकिन एक बार यह ई-वे तैयार हो गया तो महज 90 मिनट में यह दूरी तय की जा सकेगी. इसकी शुरुआत गंगा एक्सप्रेसवे पर मेरठ-बुलंदशहर इंटरचेंज से होगी और 204 गांवों के बीच से गुजरते हुए हरिद्वार तक पहुंचेगा. इसमें से 62 गांव तो अमरोहा जिले के होंगे, जबकि 117 गांव बिजनौर के और 25 गांव हरिद्वार जिले के होंगे. यह ई-वे रुड़की बाईपास से गुजरते हुए हरिद्वार के बाहरी इलाके तक जाएगा और आगे जाकर चार धाम रूट व राष्ट्रीय राजमार्ग 334 से जुडेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस प्रोजेक्ट पर करीब 10,761 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. सबसे कमाल की बात ये है कि इस ई-वे पर वाहनों को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलने की अनुमति होगी. अभी मेरठ से हरिद्वार तक जाने में करीब साढ़े तीन घंटे का समय लगता है, लेकिन ई-वे तैयार होने के बाद महज डेढ़ घंटे में दूरी तय की जा सकेगी. अगर कोई प्रयागराज से हरिद्वार तक जाना चाहता है तो उसे सिर्फ 7 से 8 घंटे का समय लगेगा, जबकि लखनऊ से हरिद्वार जाने में 6 घंटे का समय लगेगा. अभी इस दूरी को तय करने में पूरा दिन लग जाता है.
बनारस और बिहार से भी हरिद्वार तक जाना आसान हो जाएगा. बनारस और प्रयागराज के बीच 90 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है, जिससे बनास से प्रयागराज महज 1 घंटे में पहुंचा जा सकेगा. यहां से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते सीधे मेरठ और वहां से नए बनने वाले ई-वे के जरिये हरिद्वार तक महज 8 से 9 घंटे में पहुंचा जा सकेगा. इसके अलावा बिहार और बंगाल से सड़क मार्ग से हरिद्वार जाने वालों को भी इस ई-वे से फायदा मिलेगा. सिर्फ हरिद्वार ही नहीं, चारधाम यात्रा पर जाने वालों को भी इस ई-वे के जरिये सफर करने में आसानी होगी.
यह एक्सप्रेसवे सिर्फ पूर्वी यूपी को हरिद्वार से तेज और बेहतर कनेक्टिविटी ही नहीं देगा, बल्कि इस इलाके में रियल एस्टेट की नई संभावनाओं को भी बढ़ाएगा. मेरठ से हरिद्वार तक जाने वाले इस ई-वे के आसपास रियल एस्टेट को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही दोनों राज्यों के बीच कारोबारी गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी. कुल मिलाकर यह एक्सप्रेसवे मेरठ के आसपास के इलाकों में विकास की नई संभावनाएं और रोजगार के अवसर पैदा करने में भी काफी मददगार साबित होगा.