‘अजित पवार की मौत का सच सामने लाए CBI’ रोहित पवार बोले- नहीं तो करेंगे बड़ा आंदोलन

‘अजित पवार की मौत का सच सामने लाए CBI’ रोहित पवार बोले- नहीं तो करेंगे बड़ा आंदोलन


महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने की भी अपील की है.

अमित शाह रविवार से दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं. इस दौरान सोमवार को वह पुणे जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने वाले हैं. रोहित पवार ने इसी कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि केवल प्रतिमा का अनावरण कर देना दिवंगत नेता के योगदान का सम्मान करने के लिए पर्याप्त नहीं है.

रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में अजित पवार की प्रतिमा स्थापित करने की पहल का समर्थन करने वाले जिला परिषद के नेताओं का आभार जताया. हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि अजित पवार के समर्थन से राज्य सरकार में मंत्री बने नेता पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने की मांग क्यों नहीं कर रहे हैं.

‘अजित पवार का योगदान अमूल्य’

रोहित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का योगदान अमूल्य रहा है. उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक पुणे जिले के पालक मंत्री के रूप में काम किया. ऐसे में पुणे रिंग रोड जैसी बड़ी परियोजना का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए.

उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या कुछ लोग किसी बड़ी परियोजना का नाम अजित पवार के नाम पर रखे जाने के विरोध में हैं. रोहित के मुताबिक, दिवंगत नेता के योगदान को सिर्फ प्रतिमा स्थापित करके याद करना पर्याप्त नहीं होगा.

अमित शाह से CBI जांच की घोषणा करने की मांग

रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील की कि वह पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने और उनकी मौत के मामले की जांच CBI से कराने की घोषणा करें.

उन्होंने कहा, “बेहतर होगा कि अमित शाह पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने और उनकी मौत के मामले की जांच CBI से कराने की घोषणा करें. ऐसा नहीं होने पर हम अजित पवार की पुण्यतिथि पर सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे.”

विमान हादसे में हुई थी अजित पवार की मौत

महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार का 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था. उनकी मौत के बाद से ही हादसे को लेकर कई सवाल उठाए जाते रहे हैं.

रोहित पवार ने कहा कि यह पता लगाने की कोशिशें जारी रहेंगी कि अजित पवार की मौत महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई साजिश थी. उन्होंने इस मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए CBI जांच की मांग दोहराई है.



Source link