Last Updated:
Kalp Kedar Temple: उत्तरकाशी के धराली में आपदा के मलबे में दबा कल्प केदार मंदिर अब धीरे-धीरे बाहर आने लगा है. मंदिर की खुदाई के दौरान अवशेष दिखाई देने से ग्रामीणों में खुशी और उम्मीद की नई किरण जगी है. 11 अक्टूबर से ग्रामीण अपने आराध्य सोमेश्वर देवता के निर्देशानुसार खुदाई में जुटे हैं. उन्हें उम्मीद है कि 2027 की चारधाम यात्रा तक मंदिर अपने पुराने स्वरूप में नजर आएगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मंदिर के पुनर्निर्माण की घोषणा कर चुके हैं. अब ग्रामीणों को सरकार और प्रशासन से सहयोग मिलने का इंतजार है, ताकि इस ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल को फिर से स्थापित किया जा सके.
मलबे में दबे कल्प केदार मंदिर का फिर दिखने लगा स्वरूप
उत्तरकाशी: धराली में आई आपदा के बाद मलबे में दबा कल्प केदार मंदिर अब फिर दिखाई देने लगा है. मंदिर को बाहर निकालने के लिए ग्रामीण खुद ही खुदाई कर रहे हैं. इस दौरान मंदिर के कुछ अवशेष सामने आए हैं. इन्हें देखकर ग्रामीणों की उम्मीद बढ़ गई है कि जल्द ही उनका मंदिर फिर से अपने पुराने स्वरूप में नजर आएगा. दरअसल धराली में बीती 5 अगस्त 2025 को खीरगंगा नदी में आए विनाशकारी बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के मलबे में प्राचीन कल्प केदार मंदिर दब गया था.
जिसके बाद ग्रामीणों ने अपने आराध्य सोमेश्वर देवता के निर्देश पर 11 अक्टूबर से मंदिर की खुदाई शुरू की थी. उनका लक्ष्य है कि वर्ष 2027 की चारधाम यात्रा तक मंदिर को फिर से पहले जैसा बनाया जा सके. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मंदिर के पुनर्निर्माण की घोषणा कर चुके हैं. अब ग्रामीणों को सरकार और प्रशासन से मदद मिलने का इंतजार है.
खुदाई में दिखाई देने लगे मंदिर के अवशेष
धराली में आई भीषण आपदा ने कई घरों और दुकानों को तबाह कर दिया था. इस आपदा में कल्प केदार मंदिर भी मलबे में दब गया. यह मंदिर ग्रामीणों के लिए आस्था का बड़ा केंद्र होने के साथ ही क्षेत्र की पहचान भी है. मंदिर के मलबे में दबने से ग्रामीणों को काफी दुख पहुंचा था. अब मंदिर को फिर से देखने की उम्मीद में ग्रामीणों ने खुद ही इसकी खुदाई शुरू कर दी है. नवरात्र के पहले दिन यानी 11 अक्टूबर से ग्रामीण लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं. खुदाई के दौरान मंदिर के अवशेष दिखाई देने लगे हैं. इन्हें देखकर ग्रामीण खुश हैं और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही मंदिर का पूरा स्वरूप सामने आ जाएगा.
धराली की पहचान है कल्प केदार मंदिर
कल्प केदार मंदिर धराली की धार्मिक आस्था के साथ उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ा है. मंदिर के दोबारा बनने से ग्रामीणों की आस्था को मजबूती मिलेगी. इसके साथ ही गंगोत्री धाम आने वाले श्रद्धालु भी यहां दर्शन कर सकेंगे. फिलहाल ग्रामीण अपने स्तर पर मंदिर की खुदाई कर रहे हैं. हालांकि, मंदिर का भव्य पुनर्निर्माण केवल ग्रामीणों के प्रयासों से संभव नहीं है. इसके लिए सरकार और प्रशासन का सहयोग भी जरूरी है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंदिर के पुनर्निर्माण की घोषणा कर चुके हैं. ऐसे में ग्रामीणों को अब इंतजार है कि यह घोषणा कब जमीन पर उतरती है और मंदिर का निर्माण कब शुरू होता है.