Last Updated:
दुनिया के सबसे बड़े इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स की नई रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की GDP Growth साल 2027 में 7.2 प्रतिशत रह सकती है. जबकि इस दौरान पड़ोसी देश चीन महज 4.5 प्रतिशत पर ही सिमट जाएगा. वहीं 2026 में भारत की रफ्तार 7.9% और चीन की 4.4% रहने का अनुमान है.
भारत की ग्रोथ रेट पर नया अनुमान आया है.
ग्लोबल लेवल पर आर्थिक मंदी और अनिश्चितताओं के बीच भारत पर दुनिया का भरोसा बढ़ता जा रहा है. कुछ दिनों पहले मूडीज समेत तमाम रेटिंग एजेंसियों ने कहा था कि भारतीय इकॉनमी की रफ्तार यही रहेगी या इससे तेज रह सकती है. अब इस पर मुहर लगाते हुए दुनिया के सबसे बड़े इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स ने कहा है कि चीन 4.4% पर अटक जाएगा, जबकि भारत की इकॉनमी चीन से डेढ़ गुनी, अमेरिका से तीन गुनी रफ्तार से बढ़ेगी.
गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है कि 2026 में भारत की विकास दर 7.9 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ेगी, जबकि इसी दौरान चीन महज 4.4 प्रतिशत की ग्रोथ पर ही अटक जाएगा. यानी भारत की रफ्तार चीन से लगभग दोगुनी होने वाली है. अगले साल यानी 2027 में भी भारत की यह बादशाहत बरकरार रहेगी. 2027 में भारत की विकास दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है, जबकि चीन की अर्थव्यवस्था गिरकर 4.5 प्रतिशत की दर पर ही रह जाएगी. अमेरिका इस रेस में भारत के आस-पास कहीं नहीं टिकता. 2026 में अमेरिका की विकास दर 2.3 प्रतिशत और 2027 में 2.4 प्रतिशत रहने की उम्मीद है.
एआई पर होगा अंधाधुंध खर्च
गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर भी बेहद चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. दुनिया भर में AI तकनीक को अपनाने और इस पर पैसा लगाने की होड़ मची हुई है. वैश्विक स्तर पर 2026 में AI पर होने वाला खर्च करीब 1.1 ट्रिलियन डॉलर रहने का अनुमान है. लेकिन साल 2027 में यह खर्च लगभग 63% उछलकर 1.8 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 150 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच जाने की उम्मीद है.
ग्लोबल जीडीपी में AI का बड़ा रोल
बैंक का अनुमान है कि अगले साल यानी 2027 में दुनिया की कुल जीडीपी ग्रोथ में एआई (AI) इन्वेस्टमेंट का योगदान 0.4 प्रतिशत अंक रहेगा. वहीं, अगर सेमीकंडक्टर इन्वेस्टमेंट और उससे जुड़े इंटलेक्चुअल प्रॉपर्टी के एक्सपोर्ट को भी जोड़ लें, तो अमेरिकी जीडीपी ग्रोथ में एआई का योगदान 0.6 प्रतिशत अंक तक हो सकता है.
क्या दुनिया में आएगी मंदी
गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लोबल इकॉनमी की सेहत में भी थोड़ा सुधार देखने को मिलेगा. साल 2027 में ग्लोबल इकॉनमी 2.8 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है, जो इस साल के अनुमानित 2.7 प्रतिशत से थोड़ा बेहतर है. इसकी वजह कई हैं. कच्चा तेल और गैस की कीमतों में कमी आने वाली है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में बड़ी बड़ी कंपनियां मोटा पैसा लगा रही हैं.
एक्सपर्ट ने क्या कहा?
गोल्डमैन सैक्स रिसर्च के चीफ इकोनॉमिस्ट जान हैटजियस ने कहा, यह आउटलुक बताता है कि वर्ल्ड इकॉनमी कैसे बदल रही है. उम्मीद है कि 2027 में ग्लोबल जीडीपी की वृद्धि ठोस तो रहेगी, लेकिन इसमें कोई अचानक से बहुत बड़ी या असाधारण तेजी देखने को नहीं मिलेगी.