600 मेगापिक्सल कैमरे ने अंतरिक्ष में खोजीं 90 करोड़ गैलेक्सी और 6 करोड़ क्वासर
Last Updated:
Universe 3D Map Images: यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) ने यूक्लिड स्पेस टेलीस्कोप से जुटाए गए डेटा की पहली खेप जारी की है. इसे डीआर1 फाउंडेशन नाम दिया गया है. इस डेटा में 90 करोड़ से ज्यादा आकाशगंगाओं की जानकारी मौजूद है. साथ ही 15 हजार से अधिक ग्रेविटेशनल लेंसिंग कैंडिडेट्स और 6 करोड़ से ज्यादा क्वासर कैंडिडेट्स की पहचान की गई है. जुलाई 2023 में लॉन्च हुए यूक्लिड ने करीब 13 महीने तक अंतरिक्ष का सर्वे किया. इस दौरान उसने चांद के आकार के 9,500 हिस्सों के बराबर आसमान को स्कैन किया. इससे कुल 17 लाख जीबी डेटा इकट्ठा हुआ है. ऑप्टिकल और नियर-इन्फ्रारेड लाइट में तैयार किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा स्काई मैप है. वैज्ञानिकों ने डीआर1 फाउंडेशन के तहत करीब 10 हजार साइंस इमेजेज का बारीकी से एनालिसिस किया है. इस एनालिसिस में अंतरिक्ष के अंदर इतनी बड़ी संख्या में ऑब्जेक्ट्स दिखे हैं, जितने पहले कभी एक साथ रिकॉर्ड नहीं हुए थे. देखिए चुनिंदा तस्वीरें. (All Images Credit: ESA/Euclid/Euclid Consortium/NASA, image processing by J.-C. Cuillandre and E. Bertin)
पहले बड़े डेटा सेट में 90 करोड़ से ज्यादा गैलेक्सी की पहचान की गई है. इसके साथ ही करीब 15 हजार स्ट्रॉन्ग ग्रेविटेशनल लेंसिंग कैंडिडेट्स भी पकड़ में आए हैं. टेलीस्कोप ने 6 करोड़ से ज्यादा क्वासर कैंडिडेट्स को भी ढूंढा है, जो बहुत दूर मौजूद गैलेक्सी के बेहद चमकदार कोर होते हैं. इसके अलावा 16 करोड़ से ज्यादा सोर्स से आने वाली रोशनी के स्पेक्ट्रा भी रिकॉर्ड किए गए हैं. यूक्लिड वाइड सर्वे ने आसमान के 1,900 स्क्वायर डिग्री इलाके को कवर किया है. यह टेलीस्कोप के 6 साल के मिशन के लिए तय किए गए कुल एरिया का करीब 14 परसेंट हिस्सा है. इस पूरे ऑब्जर्वेशन से कुल 17 लाख जीबी यानी 1.7 मिलियन जीबी डेटा जमा हुआ है. यह डेटा ब्रह्मांड का विस्तृत 3डी नक्शा तैयार करने की दिशा में शुरुआती आधार बनेगा.
वैज्ञानिक अब इस जानकारी की मदद से डार्क मैटर, डार्क एनर्जी और ब्रह्मांड में फैली विशाल संरचनाओं को समझने की कोशिश करेंगे. आधुनिक फिजिक्स और एस्ट्रोनॉमी के सामने सबसे बड़ी गुत्थी यही है कि हम जिस ब्रह्मांड को अपनी आंखों और सामान्य टेलीस्कोप से देखते हैं, वह कुल ब्रह्मांड का सिर्फ 5 परसेंट हिस्सा है. बाकी का 95 परसेंट हिस्सा डार्क मैटर और डार्क एनर्जी से बना है. डार्क मैटर किसी भी तरह की रोशनी को न तो सोखता है और न ही रिफ्लेक्ट करता है, लेकिन अपने ग्रेविटेशनल खिंचाव से गैलेक्सी को बिखरने से बचाए रखता है. दूसरी तरफ डार्क एनर्जी वह रहस्यमय ताकत है, जो पूरे ब्रह्मांड के फैलने की रफ्तार को लगातार तेज कर रही है. साल 1998 के आसपास जब वैज्ञानिकों को पता चला कि ब्रह्मांड के फैलने की गति धीमी होने के बजाय तेज हो रही है, तब से यह सवाल फिजिक्स के हर नियम को चुनौती दे रहा है.
धरती पर मौजूद टेलीस्कोप से इस गुत्थी को सुलझाना मुश्किल था, क्योंकि पृथ्वी का वायुमंडल अंतरिक्ष से आने वाली बारीक रोशनी को धुंधला कर देता है. यूक्लिड टेलीस्कोप धरती के वायुमंडल से बहुत ऊपर स्पेस में मौजूद है, जहां से वह बिना किसी रुकावट के बेहद साफ और गहरी तस्वीरें ले सकता है. यूक्लिड स्पेस टेलीस्कोप की इस कामयाबी के पीछे दो बेहद आधुनिक साइंटिफिक इंस्ट्रूमेंट्स का हाथ है. पहला इंस्ट्रूमेंट वीआईएस है, जो विजिबल लाइट को पकड़ने वाला 600 मेगापिक्सल का एक विशाल कैमरा है. दूसरा इंस्ट्रूमेंट एनआईएसपी है, जिसे नियर-इन्फ्रारेड स्पेक्ट्रोमीटर और फोटोमीटर कहा जाता है. इन दोनों इंस्ट्रूमेंट्स के सबसे अहम ऑप्टिकल कंपोनेंट्स को बनाने में जर्मनी के दो बड़े संस्थानों ने मुख्य भूमिका निभाई है. इनमें हाइडेलबर्ग का मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर एस्ट्रोनॉमी और म्यूनिख के पास गार्चिंग में स्थित मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर एक्स्ट्राटेरेस्ट्रियल फिजिक्स शामिल हैं. इन कैमरों की मदद से यूक्लिड एक ही बार में आसमान के बहुत बड़े हिस्से की अल्ट्रा-शार्प तस्वीर खींच लेता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
स्पेस टेलीस्कोप से जब कोई फोटो या डेटा धरती पर आता है, तो उसका सीधा इस्तेमाल साइंटिफिक कैलकुलेशन में नहीं किया जा सकता है. अंतरिक्ष के कठोर माहौल में काम करने वाले इंस्ट्रूमेंट्स का अपना एक असर डेटा पर पड़ता है. इसलिए कच्चे डेटा में से इंस्ट्रूमेंटल इफेक्ट्स को हटाना और उसे फिजिकल क्वांटिटी में बदलना बहुत जरूरी होता है. साइंस की भाषा में इस प्रक्रिया को कैलिब्रेशन कहा जाता है. मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर एस्ट्रोनॉमी के वैज्ञानिक मिशा शिर्मर और केरी पैटरसन इस पूरे कैलिब्रेशन प्रोसेस को कोऑर्डिनेट और ऑर्गनाइज कर रहे हैं. अंतरिक्ष में तापमान के उतार-चढ़ाव और कॉस्मिक रेडिएशन की वजह से लेंस और सेंसर्स के व्यवहार में मामूली अंतर आ सकता है. वैज्ञानिकों को फोटोमेट्रिक प्रेसिजन यानी खगोलीय पिंडों की चमक मापने की सटीकता को उच्चतम स्तर पर रखना पड़ता है. अगर चमक के माप में जरा सी भी चूक हो जाए, तो गैलेक्सी की दूरी और डार्क मैटर का पूरा गणित गड़बड़ा सकता है.
धरती के धुंधले वायुमंडल से बाहर होने की वजह से यूक्लिड उन दुर्लभ कॉस्मिक घटनाओं को आसानी से पकड़ लेता है, जो जमीन पर लगे टेलीस्कोप को दिखाई नहीं देती हैं. इनमें सबसे खास घटना स्ट्रॉन्ग ग्रेविटेशनल लेंसिंग है. जब बहुत दूर स्थित किसी गैलेक्सी से आने वाली रोशनी रास्ते में मौजूद किसी दूसरी भारी गैलेक्सी के पास से गुजरती है, तो आगे वाली गैलेक्सी का गुरुत्वाकर्षण उस रोशनी को मोड़ देता है. इससे पीछे वाली गैलेक्सी की रोशनी एक लेंस की तरह मुड़कर छल्ले या चाप के आकार में दिखाई देती है. यह कुदरत के एक विशाल मैग्नीफाइंग ग्लास की तरह काम करता है.
यूक्लिड के इस पहले डेटा सेट में करीब 15 हजार स्ट्रॉन्ग ग्रेविटेशनल लेंस मिले हैं. यह अब तक के इतिहास में खोजे गए सभी स्ट्रॉन्ग लेंस के कुल मिलाकर बने कैटलॉग से भी बड़ा है. रोशनी में आने वाले इस झुकाव और बदलाव को मापकर वैज्ञानिक यह पता लगा सकते हैं कि आगे वाली गैलेक्सी में कुल कितना वजन या मास मौजूद है. चूंकि गैलेक्सी का ज्यादातर वजन उसके अंदर छिपे अदृश्य डार्क मैटर की वजह से होता है, इसलिए ग्रेविटेशनल लेंसिंग सीधे तौर पर किसी गैलेक्सी और उसके डार्क मैटर को ‘तौलने’ का काम करती है. इसके साथ ही रोशनी के रास्ते का एनालिसिस करके यह भी समझा जा सकता है कि समय के साथ ब्रह्मांड किस रफ्तार से फैल रहा है.
ग्रेविटेशनल लेंस के अलावा यूक्लिड ने अंतरिक्ष में मौजूद विशाल गैलेक्सी क्लस्टर्स की भी बड़ी संख्या में पहचान की है. गैलेक्सी क्लस्टर्स ब्रह्मांड की सबसे बड़ी संरचनाएं होती हैं, जहां सैकड़ों या हजारों गैलेक्सी गुरुत्वाकर्षण की डोर से बंधकर एक साथ रहती हैं. इनकी स्टडी से पता चलता है कि अंतरिक्ष में मैटर किस तरह इकट्ठा होता है और कॉस्मिक स्ट्रक्चर समय के साथ कैसे बड़ा होता है. फ्रांस के नाइस में स्थित जेएल लाग्रेंज लैबोरेटरी की वैज्ञानिक बारबरा सार्टोरिस ने इस खोज के महत्व को समझाया है. सार्टोरिस पहले एलएमयू और एमपीई में भी यूक्लिड डेटा पर काम कर चुकी हैं. बारबरा सार्टोरिस ने कहा, ‘यूक्लिड समय में बहुत पीछे देखने के साथ-साथ आसमान के बेहद विशाल इलाकों को भी एक साथ कवर करता है.’ उन्होंने आगे बताया, ‘यह हमें प्राचीन गैलेक्सी क्लस्टर्स के बड़े सैंपल्स का एक ऐसा नजारा देता है, जो पहले हमारी पहुंच से बाहर था. हम आने वाले महीनों में इनकी गहराई से जांच करेंगे ताकि यह सीख सकें कि ये विशाल संरचनाएं कैसे बड़ी हुईं और ये डार्क यूनिवर्स के बारे में क्या राज खोलती हैं.’
किसी भी साधारण कैमरे से ली गई तस्वीर हमें सिर्फ 2डी व्यू देती है, जिससे यह पता नहीं चलता कि कौन सी गैलेक्सी हमसे कितनी दूर है. ब्रह्मांड का 3डी मैप बनाने के लिए वैज्ञानिकों को हर गैलेक्सी की सटीक दूरी का पता लगाना पड़ता है. यूक्लिड टेलीस्कोप यह काम स्पेक्ट्रोस्कोपी तकनीक के जरिए करता है. टेलीस्कोप में लगा इंस्ट्रूमेंट गैलेक्सी से आने वाली रोशनी को ‘इंद्रधनुष’ जैसे अलग-अलग रंगों यानी स्पेक्ट्रम में बांट देता है. जब कोई गैलेक्सी हमसे दूर जा रही होती है, तो उसकी रोशनी स्पेक्ट्रम के लाल हिस्से की तरफ खिसक जाती है, जिसे रेडशिफ्ट कहा जाता है. इस रेडशिफ्ट को मापकर वैज्ञानिक गैलेक्सी की सटीक दूरी निकालते हैं और उसे कॉस्मिक वेब के 3डी ढांचे में उसकी सही जगह पर फिट करते हैं. चमकदार गैलेक्सी के स्पेक्ट्रम से यह भी पता चल जाता है कि उनका जन्म कैसे हुआ और वे किन तत्वों से मिलकर बनी हैं.
अभी जारी किया गया यह विशाल डेटा सेट यूक्लिड के कुल सर्वे एरिया का केवल 14 परसेंट है. मिशन का पूरा ‘डेटा रिलीज 1’ साल 2027 के मिड में जारी किया जाएगा. उस रिलीज में स्ट्रॉन्ग लेंसिंग के साथ-साथ वीक लेंसिंग के ऑब्जर्वेशन भी शामिल होंगे, जिससे ब्रह्मांड के अदृश्य कॉस्मिक वेब की तस्वीर साफ हो जाएगी. (All Images Credit: ESA/Euclid/Euclid Consortium/NASA, image processing by J.-C. Cuillandre and E. Bertin)