CAT 2026 Tips for Non Engineering Students: 2 हफ्ते में है कैट परीक्षा, नॉन इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वाले भी मार सकते हैं बाजी, नोट कर लें 5 बेस्ट टिप्स

CAT 2026 Tips for Non Engineering Students: 2 हफ्ते में है कैट परीक्षा, नॉन इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वाले भी मार सकते हैं बाजी, नोट कर लें 5 बेस्ट टिप्स


नई दिल्ली (CAT 2026 Tips for Non Engineering Students). आईआईएम में दाखिले के लिए कॉमन एडमिशन टेस्ट पास करना जरूरी है. इस साल 29 नवंबर 2026 (रविवार) को कैट परीक्षा होगी. जैसे-जैसे कैट परीक्षा की तारीख करीब आ रही है, वैसे-वैसे स्ट्रेस बढ़ना स्वाभाविक है. कैट में कैलकुलेटिव और रीजनिंग से जुड़े सवालों की भरमार होती है. इसलिए नॉन-इंजीनियरिंग बैकग्राउंड (जैसे ह्यूमैनिटीज, कॉमर्स, आर्ट्स या मेडिकल) वाले कैंडिडेट्स थोड़े ज्यादा परेशान हो जाते हैं.

नॉन-इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के उम्मीदवारों के मन में क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड यानी मैथ्स सेक्शन को लेकर अजीब सा डर रहता है. उन्हें लगता है कि शायद इंजीनियरों के मुकाबले उनका सिलेक्शन होना मुश्किल है. लेकिन असल में यह सिर्फ भ्रम है. हर साल हजारों नॉन-इंजीनियर उम्मीदवार अपनी बेहतरीन स्ट्रैटेजी और स्मार्ट वर्क के दम पर कैट में 99+ परसेंटाइल हासिल करते हैं. कैट 2026 से पहले जानिए ऐसे प्रैक्टिकल टिप्स, जिन्हें अपनाकर कम समय में भी अपनी तैयारी को परफेक्ट कर सकते हैं.

नॉन-इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वाले कैट 2026 की फाइनल तैयारी कैसे करें?

हर साल लाखों युवा कैट परीक्षा में शामिल होते हैं. उनमें से कुछ हजार ही इसमें सफल हो पाते हैं. कैट भारत की सबसे कठिन परीक्षाओं की लिस्ट में है. अगर आपने बीटेक नहीं किया है यानी आप नॉन इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से हैं तो जानिए कैट में पास होने के लिए बेस्ट टिप्स:

1. क्वांट में सिलेक्टिव बनें

अब Quantitative Aptitude का पूरा सिलेबस शुरू करने का वक्त नहीं है. मैथ्स से डरने के बजाय उन चैप्टर्स पर फोकस करें, जिनसे हर साल सवाल पक्के आते हैं, जैसे- Arithmetic (प्रतिशत, प्रॉफिट-लॉस, टाइम एंड वर्क, एवरेज) और एल्जेब्रा. अगर आपने अंकगणित और मॉडर्न मैथ्स के कुछ बेसिक टॉपिक भी मजबूत कर लिए तो आप क्वांट में आसानी से कटऑफ पार कर सकते हैं. कैट में 100% सवाल हल करना जरूरी नहीं होता, बल्कि सही सवाल चुनना जरूरी है.

2. वर्बल एबिलिटी (VARC) को बनाएं अपना सबसे बड़ा हथियार

नॉन-इंजीनियर कैंडिडेट्स की अंग्रेजी और कॉम्प्रिहेंशन स्किल्स आमतौर पर काफी अच्छी होती हैं. VARC सेक्शन कैट में स्कोर बढ़ाने का सबसे बेहतरीन मौका है. रोजाना कम से कम 2 से 3 रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन (RC) की प्रैक्टिस करें. Para Summary, Para Jumbles और Odd One Out के सवाल हल करने की शॉर्टकट ट्रिक्स समझें. अगर इस सेक्शन में स्कोर अच्छा आ गया तो एमबीए प्रवेश परीक्षा का ओवरऑल परसेंटाइल अपने आप ऊपर चला जाएगा.

3. मॉक टेस्ट और एनालिसिस से न डरें

कैट के लिए अब थ्योरी पढ़ने का समय खत्म हो चुका है. अगले 10-12 दिनों में कम से कम 4 से 5 फुल-लेंथ मॉक टेस्ट जरूर दें. मॉक देने के बाद उसका गहराई से एनालिसिस करें. देखें कि आप किस तरह के सवाल में फंस रहे हैं और कौन से सवाल आसानी से हल हो रहे हैं. यह प्रैक्टिस आपको एग्जाम हॉल के प्रेशर को हैंडल करना सिखाएगी और टाइम मैनेजमेंट बेहतर करेगी.

4. डीआई-एलआर में पैटर्न पहचानना सीखें

डेटा इंटरप्रिटेशन और लॉजिकल रीजनिंग (DILR) का सेक्शन थोड़ा ट्रिकी हो सकता है. इसमें कैलकुलेशन से ज्यादा दिमाग के इस्तेमाल और पजल की समझ की जरूरत होती है. पिछले 4-5 साल के कैट पेपर्स के सेट्स सॉल्व करें. इससे अंदाजा लग जाएगा कि किस तरह के सेट्स (जैसे गेम्स एंड टूर्नामेंट्स, वेन डायग्राम, अरेंजमेंट्स) परीक्षा में बार-बार पूछे जाते हैं.

5. फॉर्मूला चार्ट और नोट्स का क्विक रिवीजन

कैट परीक्षा में 15 से भी कम दिन बचे हैं. अब आखिरी समय पर कोई नई किताब या भारी-भरकम स्टडी मटीरियल हाथ में न उठाएं. जो शॉर्ट नोट्स या फॉर्मूला चार्ट आपने अब तक बनाए हैं, सिर्फ उन्हीं का अच्छी तरह से रिवीजन करें. कैट 2026 परीक्षा से दो दिन पहले दिमाग को शांत रखें और नए टॉपिक पढ़ने की गलती बिल्कुल न करें.

कैट सिर्फ ज्ञान की परीक्षा नहीं है. यह मानसिक मजबूती और एटीट्यूड का टेस्ट है. कैट के दौरान अगर कोई कठिन सवाल सामने आ जाए तो उस पर अड़ें नहीं, बल्कि आगे बढ़ें.



Source link